Samachar Nama
×

चेहरे के अनचाहे बालों से परेशान? एक्सपर्ट से जानें Upper Lips और ठुड्डी के बाल कम करने का सही तरीका

चेहरे के अनचाहे बालों से परेशान? एक्सपर्ट से जानें Upper Lips और ठुड्डी के बाल कम करने का सही तरीका

महिलाओं के चेहरे पर हल्के बाल होना सामान्य बात है। हालांकि, कुछ महिलाओं के अपर लिप्स, ठुड्डी या चेहरे के अन्य हिस्सों पर बाल ज्यादा मोटे और घने हो सकते हैं। अगर चेहरे पर अचानक बालों की ग्रोथ बढ़ने लगे, तो इसके पीछे हार्मोनल बदलाव समेत कई कारण हो सकते हैं।न्यूट्रिशनिस्ट और डाइटिशियन सोनिया नारंग ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में फेशियल हेयर को कम करने के लिए एक घरेलू ड्रिंक का सुझाव दिया है। इसमें मेथी दाना, दालचीनी और स्पीयरमिंट टी का इस्तेमाल किया जाता है।

कैसे कम करने की बताई गई है फेशियल हेयर की ग्रोथ?

सोनिया नारंग के मुताबिक, चेहरे पर अचानक ज्यादा या मोटे बाल आने का एक कारण शरीर में एंड्रोजन हार्मोन का बढ़ा हुआ स्तर हो सकता है। कुछ महिलाओं में हार्मोनल असंतुलन, खासकर PCOS जैसी स्थितियों में, चेहरे पर बालों की ग्रोथ बढ़ सकती है।उन्होंने एंड्रोजन से जुड़े हार्मोनल प्रभावों को ध्यान में रखते हुए स्पीयरमिंट टी वाली ड्रिंक लेने का सुझाव दिया है।

ड्रिंक बनाने के लिए चाहिए ये चीजें

  • 1 चम्मच मेथी दाना
  • 1 चुटकी दालचीनी पाउडर
  • 1 बैग स्पीयरमिंट टी
  • 1 गिलास पानी

कैसे तैयार करें?

सबसे पहले एक गिलास पानी में 1 चम्मच मेथी दाना और एक चुटकी दालचीनी पाउडर डालकर कुछ देर उबालें। इसके बाद पानी को छान लें।

अब इस पानी में स्पीयरमिंट टी का एक बैग डालकर कुछ देर के लिए छोड़ दें। इसके बाद इसे हल्का गुनगुना करके पीने की सलाह दी गई है।

कैसे मदद कर सकती है ये ड्रिंक?

स्पीयरमिंट को लेकर कुछ शुरुआती शोधों में इसके संभावित एंटी-एंड्रोजन प्रभावों की बात सामने आई है। कुछ अध्ययनों में स्पीयरमिंट टी के सेवन से महिलाओं में फ्री टेस्टोस्टेरोन जैसे एंड्रोजन से जुड़े हार्मोन के स्तर में बदलाव देखा गया है। हालांकि, इसे चेहरे के बालों का प्रमाणित इलाज नहीं माना जा सकता।

मेथी में डायोसजेनिन समेत कई पौधों से मिलने वाले यौगिक पाए जाते हैं। वहीं, दालचीनी में पॉलीफेनॉल जैसे कंपाउंड मौजूद होते हैं। इन दोनों को हार्मोन और मेटाबॉलिक हेल्थ के संदर्भ में भी अध्ययन किया गया है, लेकिन फेशियल हेयर कम करने में इनके प्रभाव को लेकर मजबूत प्रमाण सीमित हैं।

कितने समय तक लेना चाहिए?

सोनिया नारंग ने करीब दो महीने तक रोज इस ड्रिंक का सेवन करने की बात कही है। हालांकि, हर व्यक्ति पर इसका असर अलग हो सकता है और केवल इस ड्रिंक के भरोसे चेहरे के बालों की समस्या का इलाज नहीं किया जाना चाहिए।

अगर चेहरे पर अचानक बहुत ज्यादा या मोटे बाल आने लगे हैं, साथ में पीरियड्स अनियमित हैं, मुंहासे बढ़ रहे हैं या वजन में अचानक बदलाव हो रहा है, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है। ऐसे लक्षण किसी हार्मोनल समस्या की ओर इशारा कर सकते हैं।

Share this story

Tags