सांस लेने में हो रही दिक्कत? ये 5 इनडोर प्लांट्स बनाएंगे घर की हवा को शुद्ध, देखें लिस्ट और उनके फायदे
हर कोई चाहता है कि उसका घर साफ-सुथरा होने के साथ-साथ खुला और ताजी हवा से भरा रहे. घर के अंदर की हवा को बेहतर रखने के लिए लोग अक्सर पौधों का सहारा लेते हैं. इनडोर प्लांट्स घर की खूबसूरती बढ़ाने के साथ वातावरण को हरा-भरा और खुशनुमा बनाने में भी मदद करते हैं.
अगर आप भी घर के अंदर पौधे लगाने की सोच रहे हैं, तो कुछ ऐसे विकल्प हैं जिन्हें आसानी से कमरे, बालकनी या बेडरूम में रखा जा सकता है. माना जाता है कि इनमें से कुछ पौधे हवा में मौजूद कुछ प्रदूषकों को कम करने में मदद कर सकते हैं. आइए जानते हैं ऐसे 7 इनडोर पौधों के बारे में और वे किन प्रदूषकों से जुड़े हैं.
1. स्पाइडर प्लांट
स्पाइडर प्लांट अपनी लंबी और नीचे की तरफ झुकी हुई पत्तियों के लिए जाना जाता है. इसकी पत्तियों से छोटे-छोटे नए पौधे भी निकलते हैं, जो इसे काफी आकर्षक बनाते हैं.
इसे घर के अंदर आसानी से उगाया जा सकता है. कुछ अध्ययनों में इसे फॉर्मेल्डिहाइड, जाइलीन और कार्बन मोनोऑक्साइड जैसे प्रदूषकों को कम करने में मददगार बताया गया है. इसकी एक खास बात यह भी है कि इसे पालतू जानवरों के आसपास रखना अपेक्षाकृत सुरक्षित माना जाता है.
2. स्नेक प्लांट
स्नेक प्लांट इनडोर प्लांट्स में काफी लोकप्रिय है. इसकी सीधी और तलवार जैसी पत्तियां घर को मॉडर्न लुक देती हैं और इसकी देखभाल भी ज्यादा मुश्किल नहीं होती.
यह कम रोशनी वाले स्थानों में भी अच्छी तरह रह सकता है. इसे फॉर्मेल्डिहाइड, बेंजीन, जाइलीन और ट्राइक्लोरोएथिलीन जैसे कुछ प्रदूषकों से जोड़कर देखा जाता है.
स्नेक प्लांट को लेकर यह भी कहा जाता है कि यह रात के समय ऑक्सीजन रिलीज करता है, इसलिए कई लोग इसे बेडरूम में रखना पसंद करते हैं.
3. मनी प्लांट
मनी प्लांट शायद उन पौधों में से है जिन्हें घरों में सबसे ज्यादा आसानी से देखा जा सकता है. इसे मिट्टी के अलावा पानी में भी उगाया जाता है और इसकी देखभाल करना भी आसान होता है.
यह कम रोशनी में भी बढ़ सकता है, हालांकि अच्छी ग्रोथ के लिए पर्याप्त अप्रत्यक्ष रोशनी बेहतर रहती है. मनी प्लांट को बेंजीन, फॉर्मेल्डिहाइड, जाइलीन और कार्बन मोनोऑक्साइड जैसे प्रदूषकों को कम करने में मददगार बताया जाता है.
4. पीस लिली
पीस लिली अपने सफेद फूलों और हरी पत्तियों के कारण घर की सजावट के लिए काफी पसंद किया जाता है. इसे कमरे के अंदर भी आसानी से रखा जा सकता है.
यह पौधा अमोनिया, बेंजीन, फॉर्मेल्डिहाइड और ट्राइक्लोरोएथिलीन जैसे प्रदूषकों को कम करने में मदद कर सकता है. इसके अलावा, पौधा वातावरण में नमी बनाए रखने में भी योगदान दे सकता है.
हालांकि, अगर घर में पालतू जानवर हैं तो इसे उनकी पहुंच से दूर रखना बेहतर है, क्योंकि पीस लिली उनके लिए नुकसानदायक हो सकती है.
5. एलोवेरा
एलोवेरा को आमतौर पर लोग त्वचा और घरेलू उपयोग के लिए जानते हैं, लेकिन इसे इनडोर प्लांट के तौर पर भी उगाया जाता है. इसकी मोटी पत्तियों में जेल मौजूद होता है, जिसका इस्तेमाल कई घरेलू और कॉस्मेटिक उत्पादों में किया जाता है.
एलोवेरा को फॉर्मेल्डिहाइड और बेंजीन जैसे कुछ प्रदूषकों को कम करने वाले पौधों में शामिल किया जाता है. इसे ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती, इसलिए कम देखभाल में भी यह आसानी से पनप सकता है.
6. रबर प्लांट
रबर प्लांट बड़े और चमकदार पत्तों वाला आकर्षक इनडोर पौधा है. पर्याप्त रोशनी मिलने पर यह घर के अंदर अच्छी तरह विकसित हो सकता है.
इसे भी कुछ वायु प्रदूषकों, खासकर फॉर्मेल्डिहाइड, को कम करने में मददगार पौधों में गिना जाता है. बड़े आकार की पत्तियों के कारण यह घर की सजावट में भी खास नजर आता है.
7. बोस्टन फर्न
अगर आपको घने हरे पत्तों वाले पौधे पसंद हैं, तो बोस्टन फर्न अच्छा विकल्प हो सकता है. इसकी घनी पत्तियां घर के अंदर हरियाली बढ़ाती हैं और वातावरण में नमी बनाए रखने में भी मदद कर सकती हैं.
इसे कुछ अध्ययनों में हवा में मौजूद फॉर्मेल्डिहाइड जैसे प्रदूषकों को कम करने की क्षमता से जोड़ा गया है. हालांकि, इसे स्वस्थ रखने के लिए नियमित नमी और सही रोशनी की जरूरत होती है.
सिर्फ पौधे लगाने से घर की हवा पूरी तरह साफ नहीं होगी
इनडोर पौधे घर की खूबसूरती बढ़ाने और वातावरण को बेहतर महसूस कराने में मदद कर सकते हैं, लेकिन सिर्फ पौधों के भरोसे घर की हवा को पूरी तरह प्रदूषण मुक्त नहीं किया जा सकता.
घर की हवा को बेहतर रखने के लिए खिड़कियां खोलकर वेंटिलेशन बनाए रखना, धूम्रपान से बचना, धूल की नियमित सफाई करना और जरूरत पड़ने पर एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करना भी जरूरी हो सकता है.
अगर आप घर को हरा-भरा बनाने के साथ हवा की गुणवत्ता को बेहतर रखने की कोशिश कर रहे हैं, तो इन पौधों को अपने इनडोर गार्डन का हिस्सा बना सकते हैं.

