फेस्टिव सीजन में मौनी रॉय का व्हाइट लुक छाया, जानें सफेद आउटफिट के साथ कैसा रखें मेकअप
फेस्टिव सीजन आते ही ज्यादातर लोगों की पसंद लाल, पीला और हरा जैसे चटख रंग होते हैं। लेकिन एक्ट्रेस मौनी रॉय ने अपने लेटेस्ट फेस्टिव लुक से इस सोच को थोड़ा अलग अंदाज दिया है। मौनी ने कई मौकों पर सफेद रंग की साड़ी और सूट में अपना लुक फ्लॉन्ट किया, जो बेहद एलिगेंट और फेस्टिव नजर आया।
कृष्ण जन्माष्टमी और गणपति पूजा जैसे मौकों पर मौनी को व्हाइट साड़ी में देखा गया। इसके अलावा हाल ही में उन्होंने व्हाइट और गोल्डन सूट में डांस करते हुए भी वीडियो शेयर किया था। खास बात यह रही कि उनके आउटफिट के साथ मेकअप भी काफी बैलेंस्ड रखा गया, जिससे पूरा लुक सॉफ्ट और ग्लैमरस दिखाई दिया।
सफेद आउटफिट के साथ मेकअप का रखें खास ध्यान
व्हाइट आउटफिट पहनते समय मेकअप का चुनाव थोड़ा सोच-समझकर करना जरूरी होता है। सफेद रंग चेहरे पर पड़ने वाली रोशनी को ज्यादा रिफ्लेक्ट करता है, इसलिए बहुत ज्यादा मेकअप या जरूरत से ज्यादा हाइलाइटिंग लुक को भारी बना सकती है।
सबसे पहले अपनी स्किन के अंडरटोन के हिसाब से सफेद रंग चुनें। अगर आपका अंडरटोन वार्म है तो आइवरी, क्रीम या ऑफ-व्हाइट शेड ज्यादा अच्छे लग सकते हैं। कूल अंडरटोन पर प्योर या ऑप्टिक व्हाइट बेहतर दिखाई दे सकता है। वहीं न्यूट्रल अंडरटोन वाले लोग दोनों तरह के शेड ट्राई कर सकते हैं।
बेस को रखें हल्का और नेचुरल
व्हाइट आउटफिट के साथ बहुत मोटा फाउंडेशन लगाने से बचें। मॉइस्चराइजर के बाद शीयर या मीडियम कवरेज फाउंडेशन लगाया जा सकता है। सबसे जरूरी बात यह है कि फाउंडेशन का शेड आपकी स्किन से मैच करे।
चेहरे के साथ गर्दन पर भी फाउंडेशन को अच्छी तरह ब्लेंड करें, ताकि दोनों के रंग में अंतर नजर न आए। अगर आपकी स्किन पहले से अच्छी है तो सिर्फ जरूरत वाली जगह पर ही कंसीलर या फाउंडेशन लगाकर नेचुरल लुक रखा जा सकता है।
सफेद कपड़े के साथ बहुत ज्यादा हाईलाइटर लगाने से भी बचें, क्योंकि आउटफिट का रंग पहले ही चेहरे पर काफी रोशनी रिफ्लेक्ट करता है।
ब्लश से चेहरे पर आएगा फ्रेशनेस
व्हाइट आउटफिट कभी-कभी लुक को थोड़ा सादा बना सकता है। ऐसे में सही ब्लश पूरे चेहरे को फ्रेश और ग्लोइंग बना देता है।
वार्म अंडरटोन के लिए पीच, कोरल या वार्म रोज जैसे शेड अच्छे रहेंगे। वहीं कूल अंडरटोन पर बेबी पिंक, कूल पिंक और मॉव जैसे शेड ट्राई किए जा सकते हैं।
आंखों के मेकअप में गोल्डन और ब्रॉन्ज का टच
अगर आप दिन में फेस्टिव लुक चाहती हैं तो आंखों पर हल्का न्यूट्रल आईशैडो काफी रहेगा। इसके साथ गोल्डन या ब्रॉन्ज शिमर का हल्का टच आउटफिट को और खूबसूरत बना सकता है।
शाम की पार्टी के लिए स्मोकी या थोड़ा ग्लैमरस आई मेकअप भी किया जा सकता है। वार्म अंडरटोन पर ब्राउन, गोल्डन और ब्रॉन्ज शेड अच्छे लग सकते हैं, जबकि कूल अंडरटोन के साथ पिंक, सिल्वर, कूल शैंपेन और मॉव टोन बेहतर लग सकते हैं।
लिपस्टिक का रंग भी तय करेगा पूरा लुक
अगर आप मौनी रॉय जैसा सॉफ्ट और एलिगेंट लुक चाहती हैं तो न्यूड पिंक, रोज पिंक, म्यूटेड पीच या न्यूड ब्राउन शेड चुन सकती हैं।
वहीं अगर लुक को थोड़ा ग्लैमरस बनाना है तो रेड लिपस्टिक एक अच्छा विकल्प हो सकती है। वार्म अंडरटोन के साथ ब्रिक रेड, टेराकोटा या कोरल रेड और कूल अंडरटोन के साथ चेरी, बेरी या ब्लू-बेस्ड रेड शेड ट्राई किया जा सकता है।
लाल बिंदी देगी फेस्टिव टच
व्हाइट साड़ी या सूट के साथ एक सिंपल गोल लाल बिंदी पूरे लुक को ट्रेडिशनल और फेस्टिव बना सकती है। बहुत ज्यादा स्टोन या डिजाइन वाली बिंदी की जगह सिंपल बिंदी ज्यादा एलिगेंट दिखाई दे सकती है।
सफेद रंग को लेकर अलग-अलग मान्यताएं
भारतीय परंपराओं में सफेद रंग को अलग-अलग संदर्भों में अलग अर्थों से जोड़ा गया है। कई जगह इसे शांति और सादगी से जोड़ा जाता है, जबकि कुछ समुदायों और अवसरों पर इसका संबंध शोक से भी माना जाता है।
वहीं बंगाली संस्कृति में दुर्गा पूजा के दौरान सफेद और लाल साड़ी का खास महत्व है। गुजरात समेत कई क्षेत्रों में भी सफेद और लाल रंग का पारंपरिक पहनावा अलग-अलग शुभ अवसरों पर देखने को मिलता है।
यानी सफेद रंग को लेकर पूरे भारत में एक जैसी मान्यता नहीं है। मौनी रॉय का फेस्टिव व्हाइट लुक भी यही दिखाता है कि सही स्टाइलिंग, मेकअप और एक्सेसरीज के साथ सफेद रंग को बेहद खूबसूरत और फेस्टिव अंदाज में कैरी किया जा सकता है।

