सकारात्मकता से भरी सुबह की आदतें! गरुड़ पुराण के इस वीडियो में जानिए वो मंत्र जिससे सुधरते हैं वर्तमान और पूर्व जन्म के दोष
हिंदू धर्म में गरुड़ पुराण को बहुत महत्व दिया गया है। इसमें भगवान विष्णु और उनके प्रिय वाहन गरुड़ देव के बीच संवाद के माध्यम से मानव जीवन के रहस्यों पर विस्तार से चर्चा की गई है। गरुड़ पुराण में मनुष्य के जन्म से लेकर मृत्यु तक, मृत्यु के बाद आत्मा की यात्रा, जीवन में किए गए कर्मों के फल और स्वर्ग-नर्क की अवधारणा के बारे में विस्तार से बताया गया है। इसीलिए किसी की मृत्यु के बाद आत्मा की शांति के लिए गरुड़ पुराण का पाठ किया जाता है, लेकिन गरुड़ पुराण सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं है। ज्यादातर लोगों को यह नहीं पता है कि इसमें सफलता और सुख-समृद्धि पाने के लिए कई आसान उपाय बताए गए हैं। आइए जानते हैं गरुड़ पुराण के कुछ ऐसे ही उपाय।
इन शुभ कार्यों से करें दिन की शुरुआत
गरुड़ पुराण के अनुसार हर व्यक्ति को सुबह सूर्योदय से पहले उठकर स्नान करके भगवान का दर्शन और ध्यान करना चाहिए। इसके बाद अपने पितरों को याद करके उनका आशीर्वाद लेना चाहिए। इस नियम का पालन करने वाले लोगों को हर काम में सफलता मिलती है। जब भगवान के साथ पितरों का आशीर्वाद भी मिल जाए तो कभी किसी चीज की कमी नहीं रहती।
गरुड़ पुराण में बताया गया है कि घर में खाना बनाते समय शुद्धता का पूरा ध्यान रखना चाहिए। खाना बनने के बाद सबसे पहले भगवान को उसका भोग लगाएं। ऐसा करने से भगवान विष्णु के साथ-साथ माता अन्नपूर्णा और माता लक्ष्मी भी बहुत प्रसन्न होती हैं। ध्यान रखें कि भोग लगाया जाने वाला भोजन सात्विक होना चाहिए। भगवान को कभी भी लहसुन और प्याज वाला भोजन न चढ़ाएं।
गरुड़ पुराण के अनुसार, जब लोग प्रतिदिन खाना बनाते हैं तो उन्हें पहली रोटी गाय को और आखिरी रोटी कुत्ते को खिलानी चाहिए। साथ ही पक्षियों को दाना-पानी देना भी बहुत पुण्य का काम है। इससे पिछले जन्म के बुरे कर्म भी सुधरते हैं।
गरुड़ पुराण के अनुसार, व्यक्ति को हमेशा गरीब और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए तैयार रहना चाहिए। लोगों को अपनी जरूरत के अनुसार भोजन, कपड़े और अन्य जरूरी चीजें दान करनी चाहिए। इसके अलावा बीमार लोगों की सेवा और उनका इलाज करना भी बहुत पुण्य का काम है। इससे न केवल जन्म बल्कि परलोक भी सुधरता है।