Samachar Nama
×

रॉयल और एलिगेंट लुक के लिए ट्रेंड में आई 'मिल्क साड़ी': जानिए इसकी खासियत और फैब्रिक की पूरी डिटेल

रॉयल और एलिगेंट लुक के लिए ट्रेंड में आई 'मिल्क साड़ी': जानिए इसकी खासियत और फैब्रिक की पूरी डिटेल

फैशन की दुनिया में ट्रेंड लगातार बदलते रहते हैं। कभी चटख रंगों वाली साड़ियां पसंद की जाती थीं, तो कभी पेस्टल शेड्स ने महिलाओं की वार्डरोब में अपनी जगह बना ली। अब फैशन की दुनिया में सॉफ्ट और न्यूट्रल कलर्स का चलन तेजी से बढ़ रहा है और इसी से जुड़ा एक नया ट्रेंड चर्चा में है, जिसे ‘मिल्क साड़ी’ कहा जा रहा है।खास बात यह है कि इस ट्रेंड को सिर्फ आम महिलाएं ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड की कई एक्ट्रेसेस भी अपने लुक में शामिल करती नजर आ रही हैं।

क्या होती है मिल्क साड़ी?

नाम सुनकर अगर आपको लग रहा है कि मिल्क साड़ी किसी खास तरह के कपड़े या दूध से बने फैब्रिक की साड़ी है, तो ऐसा नहीं है। यहां ‘मिल्क’ साड़ी के रंग को दर्शाता है।

इस ट्रेंड में साड़ी का शेड बिल्कुल सफेद नहीं होता और न ही पूरी तरह क्रीम। इसका रंग हल्का ऑफ-व्हाइट, आइवरी या दूध के हल्के मलाईदार रंग जैसा नजर आता है। यही सॉफ्ट शेड साड़ी को एक एलिगेंट और मिनिमल लुक देता है।

इस तरह की साड़ियों में पर्ल जैसे हल्के टोन भी देखने को मिलते हैं और कई बार इन्हें हल्के कॉन्ट्रास्ट या टोन-ऑन-टोन डिजाइन के साथ तैयार किया जाता है।

किन फैब्रिक में दिख रहा है ये ट्रेंड?

मिल्क साड़ी का सॉफ्ट शेड तभी ज्यादा खूबसूरत नजर आता है जब फैब्रिक में अच्छा फ्लो और फॉल हो। इसलिए इस तरह के लुक में ऑर्गेंजा, टिश्यू सिल्क, शिफॉन, चंदेरी, जॉर्जेट और मलमल जैसे फैब्रिक काफी पसंद किए जाते हैं।

इन फैब्रिक की खासियत यह है कि ये साड़ी को हल्का, फ्लोई और ग्रेसफुल लुक देते हैं।

एक्ट्रेसेस भी कर रही हैं ट्रेंड फॉलो

मिल्क या आइवरी टोन की साड़ियों में बॉलीवुड एक्ट्रेसेस के लुक भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहे हैं। आलिया भट्ट को भी आइवरी शेड की चिकनकारी साड़ी में देखा गया, जिसमें उन्होंने ट्रेडिशनल ज्वेलरी के साथ अपना लुक पूरा किया था।वहीं एक्ट्रेस हिना खान भी इसी तरह के सॉफ्ट और एलिगेंट साड़ी लुक में नजर आ चुकी हैं। ऐसे लुक्स में हैवी ज्वेलरी और सॉफ्ट मेकअप का कॉम्बिनेशन साड़ी के न्यूट्रल शेड को और ज्यादा उभार देता है।

दूध से बनता है फैब्रिक, लेकिन ये अलग चीज है

मिल्क साड़ी के ट्रेंड से अलग फैशन इंडस्ट्री में दूध से फैब्रिक तैयार करने के प्रयोग भी हो चुके हैं। इसके लिए खराब या इस्तेमाल के लायक न बचे दूध से प्रोटीन फाइबर तैयार किया जाता है।जर्मनी की कंपनी Qmilk भी दूध से बने फाइबर पर काम करने वाली कंपनियों में शामिल है। हालांकि दूध से फैब्रिक बनना और ‘मिल्क साड़ी’ ट्रेंड एक ही चीज नहीं हैं। मिल्क साड़ी मुख्य रूप से अपने खास ऑफ-व्हाइट और आइवरी शेड की वजह से चर्चा में है।यानी अगर आप इस सीजन में कुछ ऐसा पहनना चाहती हैं जो सॉफ्ट, क्लासी और मिनिमल दिखे, तो मिल्क साड़ी ट्रेंड आपके लिए एक नया फैशन ऑप्शन बन सकता है।

Share this story

Tags