घर पर बनाएं 100% असली गुलाब जल: त्वचा को मिलेगी ताज़गी और ठंडक, बनाने का तरीका है बेहद आसान
गुलाब जल का इस्तेमाल त्वचा की देखभाल के लिए लंबे समय से किया जाता रहा है। बाजार में कई तरह के गुलाब जल आसानी से मिल जाते हैं, लेकिन अगर आप घर पर गुलाब जल तैयार करना चाहते हैं तो इसे एक आसान तरीके से बनाया जा सकता है। घर पर बनाते समय सबसे जरूरी है कि गुलाब के फूल केमिकल और पेस्टिसाइड स्प्रे से मुक्त हों।
आइए जानते हैं घर पर गुलाब जल बनाने का आसान तरीका और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
गुलाब जल बनाने के लिए चाहिए ये चीजें
घर पर गुलाब जल तैयार करने के लिए आपको बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए करीब 8 से 10 ताजे गुलाब, लगभग 1 लीटर पानी, एक बड़ी और गहरी कड़ाही या पतीला, एक छोटी स्टील या कांच की कटोरी, ढक्कन और कुछ बर्फ के टुकड़े चाहिए होंगे। तैयार गुलाब जल को रखने के लिए एक साफ कांच की बोतल भी रख लें।
ध्यान रखें कि गुलाब के फूल ऐसे हों जिन पर किसी तरह का केमिकल या स्प्रे न किया गया हो। बुके में इस्तेमाल होने वाले फूलों पर अक्सर फूलों को लंबे समय तक ताजा रखने के लिए केमिकल का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसलिए घर पर गुलाब जल बनाने के लिए देसी और बिना केमिकल वाले गुलाब लेना बेहतर रहेगा।
सबसे पहले गुलाब की पंखुड़ियां अलग करें
गुलाब के फूलों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। इसके बाद उनकी पंखुड़ियों को अलग कर लें। खराब, सूखी या गली हुई पंखुड़ियों को निकाल दें और केवल ताजी पंखुड़ियों का इस्तेमाल करें।
पंखुड़ियों को साफ करने के बाद उन्हें एक तरफ रख दें।
कड़ाही के बीच रखें छोटी कटोरी
अब एक गहरी कड़ाही या बड़े पतीले की तली के बीच में छोटी स्टील या कांच की कटोरी रखें। ध्यान रहे कि कटोरी स्थिर रहे और हिले नहीं। यही कटोरी बाद में तैयार गुलाब जल को इकट्ठा करने का काम करेगी।
कटोरी के चारों तरफ गुलाब की पंखुड़ियां डाल दें। इसके बाद इतना पानी डालें कि पंखुड़ियां अच्छी तरह भीग जाएं। पानी की मात्रा इतनी न रखें कि उबलते समय वह छोटी कटोरी के अंदर पहुंचने लगे।
ढक्कन को उल्टा रखकर तैयार करें सेटअप
अब कड़ाही को ऐसे ढक्कन से ढकें जिसका बीच वाला हिस्सा थोड़ा उभरा हुआ हो। ढक्कन को उल्टा करके रखें, ताकि उसका बीच वाला हिस्सा अंदर की तरफ रहे।
गैस को लो से मीडियम आंच पर रखें। जैसे-जैसे पंखुड़ियां और पानी गर्म होंगे, भाप ऊपर उठेगी। यह भाप ठंडे ढक्कन से टकराकर पानी की बूंदों में बदलने लगेगी और धीरे-धीरे नीचे रखी कटोरी में जमा होगी।
अगर ढक्कन में कोई छेद है, तो उसे आटे की लोई से बंद किया जा सकता है, ताकि भाप बाहर न निकले।
ढक्कन के ऊपर रखें बर्फ
अब उल्टे रखे ढक्कन के ऊपर कुछ बर्फ के टुकड़े डाल दें। बर्फ के कारण ढक्कन ठंडा रहेगा और गर्म भाप उसके संपर्क में आते ही पानी की बूंदों में बदलने लगेगी।
ढक्कन के बीच में जमा हुई ये बूंदें धीरे-धीरे कटोरी में गिरेंगी। इसी तरह कटोरी में इकट्ठा होने वाला पानी आपका तैयार गुलाब जल होगा।
करीब 25 मिनट तक चलने दें प्रक्रिया
पूरी प्रक्रिया के दौरान गैस की आंच लो से मीडियम रखें। गुलाब की पंखुड़ियों और पानी को करीब 25 मिनट तक गर्म होने दें।
बहुत तेज आंच रखने से पानी जल्दी खत्म हो सकता है, जबकि बहुत धीमी आंच पर पर्याप्त भाप नहीं बन पाएगी। इसलिए मध्यम आंच रखना बेहतर है।
ढक्कन के ऊपर रखी बर्फ पिघल जाए तो उसे सावधानी से हटाकर नई बर्फ रख सकते हैं। इस दौरान बार-बार ढक्कन उठाने से बचें, क्योंकि इससे भाप बाहर निकल सकती है।
करीब 25 मिनट बाद गैस बंद कर दें। ढक्कन को तुरंत उठाने के बजाय थोड़ी देर रुकें, ताकि बची हुई भाप भी कटोरी में जमा हो जाए।
ठंडा होने के बाद बोतल में भरें
जब गुलाब जल ठंडा हो जाए तो इसे सावधानी से एक साफ और सूखी कांच की बोतल में भर लें। इस तरह घर पर तैयार गुलाब जल इस्तेमाल के लिए तैयार हो जाएगा।
गुलाब जल बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
- हमेशा साफ और बिना केमिकल वाले गुलाब का इस्तेमाल करें।
- गुलाब की पंखुड़ियों को इस्तेमाल से पहले अच्छी तरह धोएं।
- कड़ाही, कटोरी और बोतल पूरी तरह साफ होनी चाहिए।
- गुलाब जल बनाते समय बहुत तेज आंच न रखें।
- भाप को बाहर निकलने से रोकने के लिए ढक्कन को बार-बार न उठाएं।
- तैयार गुलाब जल को साफ कांच की बोतल में रखें।
- घर पर बने गुलाब जल को खराब होने से बचाने के लिए स्वच्छता का खास ध्यान रखें और लंबे समय तक रखने के बजाय सीमित मात्रा में बनाना बेहतर है।
- त्वचा पर पहली बार इस्तेमाल करने से पहले थोड़ा सा गुलाब जल लगाकर पैच टेस्ट कर लेना बेहतर है। जलन या लालिमा महसूस हो तो इस्तेमाल न करें।

