क्या आपकी रसोई में भी लग गई है चींटियों की कतार? इन 3 चीजों की गंध से तुरंत भागेंगी दूर!
गर्मियों और बरसात के मौसम में घर में चींटियों का आना आम बात है। खासतौर पर चीनी, मिठाई और दूसरी मीठी चीजें चींटियों को जल्दी आकर्षित करती हैं। कई बार सफाई करने के बाद भी खाने के छोटे कण फर्श या किचन के कोनों में रह जाते हैं, जिनकी गंध चींटियों को खींच लाती है।
एक बार घर में चींटियों की आवाजाही शुरू हो जाए तो उन्हें रोकना मुश्किल हो सकता है। हालांकि, कुछ घरेलू उपायों की मदद से उनकी संख्या और आवाजाही कम की जा सकती है। कुछ तेज गंध वाली चीजें चींटियों के गंध-आधारित रास्तों को प्रभावित कर सकती हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही आसान उपाय।
1. लौंग से करें चींटियों को दूर
लौंग की तेज खुशबू चींटियों को पसंद नहीं आती। आप कुछ लौंग को उस जगह रख सकते हैं जहां अक्सर चींटियां दिखाई देती हैं। खासतौर पर चीनी या मिठाई के डिब्बे के आसपास लौंग रखना मददगार हो सकता है।
2. तेजपत्ते का करें इस्तेमाल
तेजपत्ते की खुशबू भी काफी तेज होती है। एक-दो तेजपत्तों को हल्का सा तोड़कर चीनी के डिब्बे, किचन की अलमारी या उन जगहों पर रख सकते हैं जहां चींटियां बार-बार आती हैं।
3. दालचीनी भी आएगी काम
चींटियों को दूर रखने के लिए दालचीनी का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। दालचीनी पाउडर को चींटियों के आने-जाने वाली जगहों पर हल्का सा छिड़कें। इसे किचन की खिड़की, दरवाजे और छोटी दरारों के आसपास भी रखा जा सकता है।
4. हल्दी की लाइन बनाएं
हल्दी की तेज गंध भी चींटियों को दूर रखने में मदद कर सकती है। आप किचन या घर के दरवाजे के आसपास हल्दी की पतली लाइन बना सकते हैं। इससे चींटियों की आवाजाही को रोकने में मदद मिल सकती है।
5. नींबू के रस का स्प्रे
चींटियां गंध के जरिए अपने आने-जाने का रास्ता पहचानती हैं। नींबू का रस इस गंध वाले रास्ते को प्रभावित कर सकता है। इसके लिए नींबू के रस को पानी में मिलाकर घोल तैयार करें और चींटियों के आने वाली जगहों पर इसका छिड़काव करें।
6. सफेद सिरका भी है विकल्प
सफेद सिरके की तेज गंध भी चींटियों की आवाजाही कम करने में मदद कर सकती है। इसके लिए सफेद सिरके और पानी को बराबर मात्रा में मिलाकर घोल बना सकते हैं। इसे फर्श, खिड़की, दरवाजे और डस्टबिन के आसपास इस्तेमाल किया जा सकता है।
7. पेपरमिंट ऑयल का करें इस्तेमाल
पुदीने की तेज खुशबू भी चींटियों को दूर रखने में मदद कर सकती है। इसके लिए दो कप पानी में पेपरमिंट एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदें मिलाएं। इस मिश्रण को स्प्रे बोतल में भरकर उन जगहों पर छिड़क सकते हैं जहां चींटियां ज्यादा दिखाई देती हैं।
चींटियों को रोकने के लिए सफाई भी जरूरी
इन घरेलू उपायों के साथ किचन और घर की नियमित सफाई करना भी जरूरी है। मीठी चीजों और खाने को खुला न छोड़ें, गिरे हुए खाने को तुरंत साफ करें और चीनी-मिठाई जैसी चीजों को एयरटाइट कंटेनर में रखें। अगर चींटियों का संक्रमण बहुत ज्यादा हो या बार-बार लौट आए, तो प्रोफेशनल पेस्ट कंट्रोल की मदद लेना बेहतर हो सकता है।

