10 दिनों में जंगल जैसा घना हो जाएगा कड़ी पत्ते का पौधा! गार्डनिंग एक्सपर्ट से जानें सही केयर टिप्स
भारतीय किचन में कड़ी पत्ते का इस्तेमाल काफी आम है। दाल हो, सब्जी हो या फिर कोई खास तड़का, इसकी कुछ पत्तियां खाने का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ा देती हैं। स्वाद के साथ-साथ कड़ी पत्ते को सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। यही वजह है कि बहुत से लोग इसे बाजार से खरीदने के बजाय घर में ही इसका पौधा लगाना पसंद करते हैं।
लेकिन कई बार पौधा लगाने के बाद उसकी ग्रोथ रुक जाती है। कुछ पौधों में नई पत्तियां नहीं आतीं, तो कुछ की पत्तियां पीली या सूखकर झड़ने लगती हैं। अगर आपके घर में भी कड़ी पत्ते का पौधा ठीक से नहीं बढ़ रहा है, तो इसकी देखभाल के कुछ जरूरी नियमों पर ध्यान देना चाहिए।
गार्डनिंग एक्सपर्ट तरुण चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए एक वीडियो में कड़ी पत्ते के पौधे को स्वस्थ, घना और हरा-भरा रखने से जुड़ी कई जरूरी बातें बताई हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में।
1. कड़ी पत्ते के पौधे को कितनी धूप चाहिए?
पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए सही मात्रा में धूप मिलना बेहद जरूरी है। एक्सपर्ट के मुताबिक कड़ी पत्ते के पौधे के लिए करीब 15 से 35 डिग्री सेल्सियस तापमान अनुकूल माना जाता है।
बहुत ज्यादा ठंड पड़ने पर पौधे की बढ़त धीमी हो सकती है। वहीं, 35 डिग्री से ज्यादा तापमान और तेज धूप के कारण इसकी पत्तियां झुलस सकती हैं।
इसलिए पौधे को ऐसी जगह रखना बेहतर है जहां उसे सुबह या शाम की करीब 2 से 3 घंटे हल्की धूप मिल सके। दोपहर की तेज धूप से पौधे को बचाना चाहिए।
2. गमले में पानी जमा न होने दें
कड़ी पत्ते के पौधे की मिट्टी में नमी रहना जरूरी है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि गमले में पानी भरा रहे।
अगर लंबे समय तक पानी जमा रहता है तो पौधे की जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है और ग्रोथ प्रभावित हो सकती है। मिट्टी में कोकोपीट और वर्मी कंपोस्ट मिलाने से नमी को संतुलित रखने में मदद मिल सकती है।
इसके अलावा गमले के नीचे ड्रेनेज होल जरूर होना चाहिए, ताकि अतिरिक्त पानी आसानी से बाहर निकल सके। खासतौर पर बारिश के मौसम में यह जरूर जांचते रहें कि गमले में पानी रुका हुआ न हो।
3. पौधे को घना बनाने के लिए करें ट्रिमिंग
अगर आपका कड़ी पत्ते का पौधा सिर्फ ऊपर की तरफ बढ़ रहा है और नीचे से खाली नजर आता है, तो समय-समय पर इसकी ट्रिमिंग करना फायदेमंद हो सकता है।
एक्सपर्ट के अनुसार पौधे की ऊपर वाली टिप को काटने से वहां से नई शाखाएं निकलने लगती हैं। इससे पौधे की ग्रोथ सिर्फ ऊपर की तरफ नहीं होती, बल्कि वह चारों ओर फैलने लगता है।
इसलिए पौधे को घना और झाड़ीदार बनाने के लिए नियमित अंतराल पर टॉप टिप की हल्की प्रूनिंग की जा सकती है।
4. सही समय पर खाद देना भी जरूरी
कड़ी पत्ते का पौधा सालभर हरा रह सकता है, लेकिन इसकी अच्छी ग्रोथ के लिए खाद देने का सही समय ध्यान रखना जरूरी है।
तरुण चोपड़ा के मुताबिक फरवरी के बाद से नवंबर तक करीब दो महीने के अंतराल पर पौधे में खाद दी जा सकती है। मिट्टी में एंटी-फंगल पाउडर का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी जाती है।
वहीं, नवंबर से फरवरी के बीच पौधे में खाद न डालने की बात कही गई है।
5. कीड़ों से पौधे को ऐसे बचाएं
कई बार कड़ी पत्ते के पौधे की ग्रोथ रुकने या पत्तियां सूखने की वजह कीड़े भी हो सकते हैं। इसलिए अगर पत्तियां लगातार सूखकर गिर रही हैं, तो पौधे की पत्तियों और टहनियों को ध्यान से जरूर देखें।
चूंकि कड़ी पत्ते की पत्तियों का इस्तेमाल सीधे खाने में किया जाता है, इसलिए कीड़ों से छुटकारा पाने के लिए पौधे पर किसी भी तरह के हानिकारक केमिकल का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए।
इसके बजाय नीम के तेल को पानी में मिलाकर पत्तियों पर हल्का छिड़काव किया जा सकता है। एक्सपर्ट के मुताबिक नीम का इस्तेमाल पौधे पर मौजूद कीड़ों को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है।
इन छोटी बातों से पौधा रहेगा हरा-भरा
अगर आप चाहते हैं कि घर का कड़ी पत्ते का पौधा लंबे समय तक स्वस्थ और घना बना रहे, तो सिर्फ पानी देना ही काफी नहीं है। उसे सही धूप, अच्छी ड्रेनेज वाली मिट्टी, समय-समय पर ट्रिमिंग, सही मौसम में खाद और कीड़ों से सुरक्षा भी चाहिए।
इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप अपने कड़ी पत्ते के पौधे की ग्रोथ को बेहतर रखने में मदद कर सकते हैं और घर पर ही ताजे कड़ी पत्ते का इस्तेमाल कर सकते हैं।

