Samachar Nama
×

Herbal Soap at Home: घर की रसोइ में रखी चीज़ों से बनाएं हर्बल साबुन, जानें स्टेप-बाय-स्टेप पूरा तरीका

Herbal Soap at Home: घर की रसोइ में रखी चीज़ों से बनाएं हर्बल साबुन, जानें स्टेप-बाय-स्टेप पूरा तरीका

साबुन का इस्तेमाल लगभग हर कोई रोजाना करता है। अगर आप चाहें तो बाजार से साबुन खरीदने के बजाय इसे घर पर भी आसानी से तैयार कर सकते हैं। घर पर साबुन बनाते समय आप अपनी पसंद के कई इंग्रीडिएंट्स इसमें शामिल कर सकते हैं।इंटरनेट पर्सनैलिटी पूनम देवनानी ने अपने यूट्यूब चैनल पर घर पर साबुन बनाने के दो आसान तरीके बताए हैं। इनमें आलू और टमाटर जैसी चीजों का इस्तेमाल किया गया है। आइए जानते हैं घर पर साबुन बनाने का आसान तरीका।

आलू से कैसे बनाएं साबुन?

इसके लिए आपको करीब 60 से 75 ग्राम साबुन बेस की जरूरत होगी। साबुन बेस बाजार में आसानी से मिल जाता है।

  • सबसे पहले साबुन बेस को चाकू की मदद से छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।

  • अब एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसके अंदर साबुन बेस वाली कटोरी रख दें। इस तरह गर्म करने से साबुन बेस धीरे-धीरे पिघल जाएगा।

  • एक आलू को अच्छी तरह धोकर कद्दूकस कर लें।

  • कद्दूकस किए हुए आलू को साफ कपड़े में डालकर दबाएं और उसका रस निकाल लें।

  • पिघले हुए साबुन बेस में करीब एक चम्मच दूध डालें।

  • इसके बाद इसमें आलू का रस, आधा चम्मच एलोवेरा जेल और आधा चम्मच हल्दी मिलाएं।

  • आप चाहें तो इसमें थोड़ा बादाम तेल और विटामिन-E कैप्सूल भी डाल सकते हैं।

  • सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाने के बाद मिश्रण को साबुन के मोल्ड में डाल दें।

  • साबुन का मोल्ड नहीं है तो पेपर कप, डिस्पोजेबल ग्लास या किसी छोटी साफ कटोरी का इस्तेमाल किया जा सकता है।

  • साबुन को अच्छी तरह जमने दें। जमने के बाद इसे मोल्ड से निकालकर इस्तेमाल किया जा सकता है।

टमाटर से भी बना सकते हैं साबुन

घर पर साबुन बनाने का दूसरा तरीका टमाटर से जुड़ा है। इसके लिए करीब 100 ग्राम साबुन बेस लें।

  • साबुन बेस को छोटे टुकड़ों में काटकर पिघला लें।

  • एक टमाटर को अच्छी तरह धोकर बारीक पीस लें।

  • कपड़े की मदद से टमाटर का रस निकाल लें।

  • अब टमाटर के रस में आधा चम्मच चंदन पाउडर, आधा चम्मच नारियल तेल और आधा चम्मच एलोवेरा जेल मिलाएं।

  • इसमें चाहें तो 1 से 2 विटामिन-E कैप्सूल भी मिला सकते हैं।

  • सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाने के बाद मिश्रण को छान लें, ताकि चंदन के मोटे कण अलग हो जाएं।

  • अब इस मिश्रण को पिघले हुए साबुन बेस में डालकर अच्छी तरह मिलाएं।

  • तैयार मिश्रण को सिलिकॉन मोल्ड में डाल दें। अगर सिलिकॉन मोल्ड उपलब्ध नहीं है तो किसी साफ छोटे कंटेनर का इस्तेमाल किया जा सकता है।

  • इसे कुछ समय के लिए कमरे के तापमान पर जमने दें। साबुन जमने के बाद इस्तेमाल किया जा सकता है।

घर पर बने साबुन को कैसे रखें?

घर पर बनाए गए साबुन में आमतौर पर बाजार में मिलने वाले साबुन की तरह प्रिजर्वेटिव नहीं होते। इसलिए इसे लंबे समय तक रखने पर जल्दी खराब होने या इसकी क्वालिटी बदलने की संभावना हो सकती है।

ऐसे में घर पर साबुन हमेशा कम मात्रा में बनाएं और इसे ऐसी जगह रखें जहां पानी जमा न हो। साबुन को इस्तेमाल करने के बाद सूखी जगह पर रखने से वह जल्दी गलने से भी बच सकता है।

ध्यान रखें: घर पर बनाए गए किसी भी साबुन को इस्तेमाल करने से पहले थोड़ी मात्रा में त्वचा पर पैच टेस्ट करना बेहतर है। जलन, खुजली या एलर्जी जैसी समस्या महसूस हो तो इसका इस्तेमाल बंद कर दें।

Share this story

Tags