सर्दियों में घर पर उगाएं हरा-भरा धनिया, बीज बोने से लेकर कटाई तक अपनाएं ये आसान तरीके
धनिया भारतीय रसोई का एक अहम हिस्सा है। सब्जी, दाल और दूसरी कई डिशेज का स्वाद बढ़ाने के लिए हरी धनिया की पत्तियों का इस्तेमाल किया जाता है। बाजार में कई बार धनिया महंगा भी मिल जाता है। ऐसे में आप इसे अपने घर की छत, बालकनी या आंगन में आसानी से उगा सकते हैं।
सर्दियों का मौसम धनिया की खेती और गमले में इसे उगाने के लिए अच्छा माना जाता है। नवंबर के महीने में तापमान कम होने लगता है, जो धनिया के बीजों के अंकुरण और पौधों की बढ़त के लिए अनुकूल रहता है। हालांकि, कई लोग घर में धनिया तो लगा लेते हैं, लेकिन सही तरीके से देखभाल नहीं करने के कारण पौधे की ग्रोथ रुक जाती है या पत्तियां अच्छी तरह नहीं बढ़ पातीं।
अगर आपने भी घर में धनिया लगाया है या लगाने की तैयारी कर रहे हैं, तो बीज तैयार करने से लेकर मिट्टी, पानी और कटाई तक कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए।
धनिया के पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए ऐसे तैयार करें बीज
यूट्यूब चैनल @Organickitchengardenonterrace पर शेयर किए गए वीडियो में सर्दियों के दौरान धनिया उगाने और उसकी देखभाल करने का तरीका बताया गया है। इसके मुताबिक, अच्छी पैदावार के लिए सबसे पहले बीजों को सही तरीके से तैयार करना जरूरी है।
धनिया के बीजों को सीधे मिट्टी में डालने के बजाय उन्हें हल्के हाथों से दबाकर दो हिस्सों में तोड़ लें। ध्यान रखें कि बीज पूरी तरह पिसने नहीं चाहिए। इसके बाद इन्हें सूती कपड़े में बांधकर करीब 10 से 12 घंटे तक नमी में रखें। इससे बीजों को अंकुरण में मदद मिल सकती है।
धनिया लगाने के लिए कैसी होनी चाहिए मिट्टी?
धनिया के पौधों की अच्छी बढ़त के लिए पोषक तत्वों से भरपूर और भुरभुरी मिट्टी का इस्तेमाल करना चाहिए। अगर आप पुराने गमले की मिट्टी दोबारा इस्तेमाल कर रहे हैं, तो पहले उसे धूप में अच्छी तरह सुखा लें। मिट्टी में मौजूद पुरानी जड़ों और कचरे को भी हटा दें।
इसके बाद मिट्टी में अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद, वर्मी कम्पोस्ट और थोड़ी नीमखली मिलाएं। इससे मिट्टी की गुणवत्ता बेहतर होती है और पौधों को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं।
गमले में धनिया लगाने का सही तरीका
धनिया उगाने के लिए कम से कम 6 इंच गहरा गमला या ग्रो बैग इस्तेमाल करना बेहतर रहता है। इससे पौधों की जड़ों को फैलने के लिए पर्याप्त जगह मिलती है।
अंकुरित बीजों को मिट्टी की सतह पर बराबर दूरी रखते हुए बिखेर दें। इसके बाद इनके ऊपर लगभग आधा इंच मिट्टी की हल्की परत डालें। बीज बोने के तुरंत बाद हल्का पानी दें, ताकि मिट्टी में नमी बनी रहे और बीजों को अंकुरित होने में मदद मिले।
सर्दियों में धनिया के पौधे को कितना पानी दें?
धनिया के पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए मिट्टी में हल्की नमी बनाए रखना जरूरी है। हालांकि, गमले में जरूरत से ज्यादा पानी नहीं डालना चाहिए। इससे मिट्टी में जलभराव हो सकता है और पौधों की जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है।
जब मिट्टी की ऊपरी सतह सूखी महसूस हो, तभी हल्का पानी दें। गमले में पानी निकलने के लिए नीचे छेद जरूर होने चाहिए। सर्दियों में पानी देने की मात्रा मौसम और मिट्टी की नमी देखकर तय करें।
कितने दिनों में तैयार हो जाता है धनिया?
सही तरीके से बीज बोने और देखभाल करने पर कुछ ही दिनों में धनिया के पौधे निकलने लगते हैं। आमतौर पर करीब 25 से 30 दिनों में पत्तियां अच्छी तरह बढ़ सकती हैं और पहली कटाई की जा सकती है। मौसम और पौधों की बढ़त के हिसाब से इसमें थोड़ा समय कम या ज्यादा लग सकता है।
धनिया की कटाई करते समय न करें ये गलती
धनिया की पत्तियों की कटाई करते समय पौधे को जमीन के बिल्कुल पास से नहीं काटना चाहिए। करीब 1 इंच हिस्सा छोड़कर पत्तियों की कटाई करें। इससे पौधे के दोबारा बढ़ने की संभावना बनी रहती है और आपको लंबे समय तक ताजा हरा धनिया मिल सकता है।
इस तरह थोड़ी-सी देखभाल और सही तरीके से आप सर्दियों में घर पर ही हरा-भरा धनिया उगा सकते हैं। इससे बाजार से बार-बार धनिया खरीदने की जरूरत भी कम हो सकती है।

