क्या होती है Aroma therapy और कैसे देती है फायदा, यहां जानें सब कुछ

आज की तनावपूर्ण जिंदगी में हम सभी चाहते हैं कि हमारा घर एक शांतिपूर्ण, सुकून देने वाला और खुशनुमा स्थान हो। ऐसे में अगर घर में अच्छी खुशबू आती है तो इससे न सिर्फ हमारा मूड अच्छा रहता है बल्कि पूरे घर का माहौल भी सकारात्मक और तरोताजा महसूस होता है। यही वजह है कि आजकल अरोमाथेरेपी काफी लोकप्रिय हो रही है। अरोमाथेरेपी का मतलब है खुशबू के जरिए दिमाग और शरीर को आराम पहुंचाना। अगर इसे सही तरीके से और सही खुशबू के साथ पिया जाए तो यह आराम, ऊर्जा और सकारात्मक सोच को बढ़ावा दे सकती है। अब सवाल आता है कि कौन सी खुशबू किस कमरे और मूड के लिए सबसे अच्छी है?
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
रोजमूर की डायरेक्टर रिद्धिमा कंसल कहती हैं कि हर किसी की पसंद अलग-अलग होती है। जो खुशबू आपको खुश कर दे वही आपके लिए सही है। कोशिश करें कि हर कमरे की जरूरत के हिसाब से खुशबू चुनें। अरोमाथेरेपी से घर का माहौल खुशबूदार रहता है। साथ ही आपका मन भी शांत और खुश रहता है।
लिविंग रूम
लिविंग रूम वह जगह है जहां हम अपने मेहमानों से मिलते हैं और परिवार के साथ समय बिताते हैं। यहां खुशबू ताजा और हल्की होनी चाहिए, ताकि सभी को अच्छा लगे। नींबू की खुशबू ताजगी देती है और स्वच्छता का एहसास कराती है। इसके साथ ही लेमनग्रास दिमाग को शांत करता है और वातावरण को साफ रखता है। वहीं संतरा ऊर्जा और खुशी का एहसास कराता है।
बेडरूम
बेडरूम हमारा आराम करने की जगह है। जहां थकान भरे दिन के बाद आराम करने जाते हैं। वहां ऐसी खुशबू होनी चाहिए जो दिमाग को शांत करे और नींद को बेहतर बनाए। लैवेंडर तनाव को कम करता है और गहरी नींद लाता है। वहीं कैमोमाइल दिमाग को हल्का करता है और दिमाग को आराम देता है।
रसोई
खाना बनाते समय कई तरह की गंध आती है। रसोई में ऐसी खुशबू होनी चाहिए जो दुर्गंध को दूर करे और उसे तरोताजा रखे। इसके लिए आप पुदीने की खुशबू का इस्तेमाल कर सकते हैं। यह दुर्गंध को खत्म करता है और ताजगी का एहसास कराता है। इसके साथ ही आप टी ट्री ऑयल की खुशबू का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
बाथरूम
अगर बाथरूम से अच्छी खुशबू आती है तो हर बार अंदर जाने पर ताजगी का एहसास होता है। इसके लिए आप यूकेलिप्टस का इस्तेमाल कर सकते हैं, जो सांसों को ठंडक पहुंचाता है। वहीं यूकेलिप्टस और टी ट्री ऑयल बैक्टीरिया को दूर रखते हैं।
स्टडी रूम या घर का ऑफिस
जब हम पढ़ाई कर रहे होते हैं या काम कर रहे होते हैं, तो दिमाग को एक्टिव रखना बहुत जरूरी होता है। यहां ऐसी खुशबू होनी चाहिए जो ध्यान लगाने में मदद करे। इसके लिए आप रोजमेरी की खुशबू का इस्तेमाल कर सकते हैं, इससे याददाश्त बढ़ती है और फोकस करने में मदद मिलती है। वहीं, पाइन मूड को हल्का करता है और दिमाग को फ्रेश फील कराता है।
कैसे करें खुशबू का इस्तेमाल?
कमरे को खुशबूदार बनाने के लिए आप इन सभी खुशबू को एसेंशियल ऑयल डिफ्यूजर में मिला सकते हैं। इसके अलावा खुशबूदार मोमबत्तियों का इस्तेमाल किया जा सकता है। पर्दों, तकियों, सोफे आदि पर रूम स्प्रे का हल्का छिड़काव करें या कमरे में पोटपुरी के फूलों और तेल से बनी खुशबूदार प्लेट रखें।