पुरुषों के लिए 4 स्टेप का आसान हेयर केयर रूटीन, डॉक्टर ने बताया कैसे रखें बालों को हेल्दी और मजबूत
पुरुष अक्सर अपनी स्किन और फिटनेस का तो पूरा ध्यान रखते हैं, लेकिन बालों की देखभाल को नजरअंदाज कर देते हैं। कई लोग बिना सोचे-समझे कोई भी शैंपू इस्तेमाल करते हैं, तो कुछ का मानना होता है कि बालों में रोजाना तेल लगाना जरूरी है। वहीं, ज्यादातर पुरुष कंडीशनर का इस्तेमाल भी नहीं करते।
हालांकि, बालों को स्वस्थ और मजबूत बनाए रखने के लिए महंगे हेयर केयर प्रोडक्ट्स या लंबे रूटीन की जरूरत नहीं होती। एक्सपर्ट डॉक्टर मनन वोरा ने पुरुषों के लिए 4 स्टेप का आसान हेयर केयर रूटीन बताया है। इसे अपनाकर बालों की बेहतर देखभाल की जा सकती है।
1. रोजाना शैंपू करने से बचें
डॉक्टर के अनुसार, हर दिन बालों में शैंपू लगाना जरूरी नहीं है। बार-बार शैंपू करने से कुछ लोगों के बाल रूखे हो सकते हैं। अगर आपकी स्कैल्प ज्यादा ऑयली है या डैंड्रफ की समस्या है, तो जरूरत के हिसाब से बाल धो सकते हैं।
सामान्य तौर पर हफ्ते में कुछ बार शैंपू करना पर्याप्त हो सकता है। इसके लिए अपने बालों और स्कैल्प के अनुसार माइल्ड शैंपू चुनें। करीब 5.5 pH वाला शैंपू भी एक विकल्प हो सकता है।
2. शैंपू के बाद कंडीशनर लगाना न भूलें
कई पुरुषों को लगता है कि शैंपू से बाल साफ हो गए तो कंडीशनर लगाने की जरूरत नहीं है, लेकिन बालों की देखभाल में कंडीशनर भी अहम भूमिका निभाता है।
यह बालों को मुलायम बनाने, उलझने से बचाने और आसानी से कंघी करने में मदद करता है। कंडीशनर को हमेशा बालों की लंबाई और सिरों पर लगाएं। इसे सीधे स्कैल्प पर लगाने से बचें।
3. हर बार बाल धोने से पहले तेल लगाना जरूरी नहीं
बालों में तेल लगाना फायदेमंद हो सकता है, लेकिन हर बार शैंपू करने से पहले तेल लगाना जरूरी नहीं है। खासकर डैंड्रफ की समस्या से परेशान लोगों को स्कैल्प पर तेल लगाने में सावधानी बरतनी चाहिए, क्योंकि कुछ मामलों में इससे परेशानी बढ़ सकती है।
अगर बाल रूखे और बेजान नजर आते हैं, तो जरूरत के अनुसार हल्के हेयर सीरम का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे बालों में चमक और मुलायमपन बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
4. हेयर ड्रायर और स्ट्रेटनर का कम इस्तेमाल करें
बालों को सुखाने के लिए हेयर ड्रायर और स्टाइलिंग के लिए स्ट्रेटनर का इस्तेमाल आम हो गया है। हालांकि, इनका ज्यादा इस्तेमाल बालों को नुकसान पहुंचा सकता है।
ड्रायर इस्तेमाल करते समय लो या कूल हीट सेटिंग चुनें। इसे बालों से करीब 15 सेंटीमीटर दूर रखें और गर्म हवा को लंबे समय तक एक ही जगह पर न डालें। जहां तक संभव हो, बालों को प्राकृतिक तरीके से सूखने दें।
पुरुषों के लिए इतना हेयर केयर रूटीन है काफी
डॉक्टर मनन वोरा के अनुसार, बालों की अच्छी देखभाल के लिए बहुत सारे प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं है। सही शैंपू चुनना, कंडीशनर लगाना, जरूरत के अनुसार तेल या सीरम का इस्तेमाल करना और बालों को ज्यादा हीट से बचाना काफी मददगार हो सकता है।
ध्यान रखें कि हर व्यक्ति के बालों और स्कैल्प की जरूरत अलग होती है। इसलिए अपने बालों के प्रकार के अनुसार हेयर केयर रूटीन अपनाएं। अगर लगातार बाल झड़ रहे हैं, स्कैल्प में खुजली हो रही है या डैंड्रफ की समस्या बनी हुई है, तो त्वचा विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।

