Samachar Nama
×

Cardboard Box Hacks: डिलीवरी के खाली डिब्बों से बनाएं काम की चीज़ें, जानें 3 शानदार तरीके

Cardboard Box Hacks: डिलीवरी के खाली डिब्बों से बनाएं काम की चीज़ें, जानें 3 शानदार तरीके

आज के डिजिटल दौर में ऑनलाइन शॉपिंग हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुकी है। कपड़ों से लेकर राशन और घर के सामान तक, लगभग हर चीज कुछ क्लिक में घर पहुंच जाती है। लेकिन ऑनलाइन शॉपिंग के साथ घर में कार्डबोर्ड के डिलीवरी बॉक्स भी लगातार जमा होते रहते हैं।आमतौर पर लोग इन खाली डिब्बों को बेकार समझकर कूड़े में फेंक देते हैं। लेकिन अगर थोड़ी सी क्रिएटिविटी दिखाई जाए तो इन्हीं बॉक्स को घर की जरूरत के हिसाब से कई उपयोगी चीजों में बदला जा सकता है। इससे न सिर्फ पैसे बचेंगे, बल्कि घर में पड़ा बेकार सामान भी काम आ जाएगा।आज हम आपको 3 आसान DIY हैक्स बता रहे हैं, जिनकी मदद से आप ऑनलाइन डिलीवरी वाले खाली बॉक्स को दोबारा इस्तेमाल कर सकते हैं।

1. जूते-चप्पल रखने का ऑर्गनाइजर बनाएं

अगर घर में कई छोटे-बड़े डिलीवरी बॉक्स पड़े हैं तो उनसे जूते-चप्पल रखने के लिए एक आसान ऑर्गनाइजर बनाया जा सकता है।इसके लिए सबसे पहले बॉक्स के ऊपर लगे अतिरिक्त फ्लैप्स को हटा दें। इसके बाद बॉक्स को एक-दूसरे के ऊपर सही तरीके से लगाकर मजबूत टेप या गोंद की मदद से जोड़ दें।ऑर्गनाइजर को ज्यादा खूबसूरत बनाने के लिए आप इसे पुरानी गिफ्ट रैपिंग शीट, कलरफुल पेपर या बचे हुए वॉलपेपर से कवर कर सकते हैं। चाहें तो हर खाने पर लेबल भी लगा सकते हैं, जिससे अलग-अलग जूते-चप्पल आसानी से व्यवस्थित रहेंगे।

2. चार्जर और केबल के लिए बनाएं स्टोरेज बॉक्स

घर में चार्जर, USB केबल, ईयरफोन और एडाप्टर अक्सर इधर-उधर पड़े रहते हैं। इन्हें व्यवस्थित रखने के लिए डिलीवरी बॉक्स का इस्तेमाल किया जा सकता है।इसके लिए ढक्कन वाला मजबूत कार्डबोर्ड बॉक्स लें। अब बचे हुए कार्डबोर्ड की पट्टियां काटकर बॉक्स के अंदर छोटे-छोटे खाने बना दें। हर खाने में अलग-अलग तरह के चार्जर, केबल या एडाप्टर रखे जा सकते हैं।आप हर सेक्शन पर उसका नाम भी लिख सकते हैं, जैसे- मोबाइल चार्जर, USB केबल, ईयरफोन या एडाप्टर। इससे जरूरत पड़ने पर सामान ढूंढने में समय बर्बाद नहीं होगा।इसे आप घर के अलावा ऑफिस डेस्क या स्टडी टेबल पर भी रख सकते हैं।

3. पेन-पेंसिल और स्टेशनरी के लिए बनाएं ऑर्गनाइजर

अगर आपकी टेबल पर पेन, पेंसिल, स्केल, मार्कर और दूसरी स्टेशनरी बिखरी रहती है तो डिलीवरी बॉक्स से एक छोटा स्टेशनरी ऑर्गनाइजर बनाया जा सकता है।

इसके लिए बॉक्स को अपनी जरूरत के हिसाब से छोटा करें और अंदर कार्डबोर्ड की मदद से अलग-अलग खांचे बना दें। इनमें पेन, पेंसिल, मार्कर और दूसरे छोटे सामान को अलग-अलग रखा जा सकता है।

इसे आकर्षक बनाने के लिए बॉक्स को कलरफुल पेपर, कपड़े या पुराने गिफ्ट रैप से कवर कर दें। थोड़ी सी मेहनत के बाद यह एक साधारण कार्डबोर्ड बॉक्स से खूबसूरत डेस्क ऑर्गनाइजर में बदल जाएगा।

इन बातों का रखें ध्यान

डिलीवरी बॉक्स को दोबारा इस्तेमाल करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है।

  • हमेशा साफ और पूरी तरह सूखे बॉक्स का इस्तेमाल करें।
  • अगर बॉक्स गीला है या उसमें फफूंदी लगी है तो उसे दोबारा इस्तेमाल न करें।
  • भारी सामान रखने के लिए मोटे और मजबूत कार्डबोर्ड वाले बॉक्स ही चुनें।
  • बॉक्स को जोड़ते समय मजबूत टेप या गोंद का इस्तेमाल करें।
  • अगर बॉक्स लंबे समय से रखा है तो इस्तेमाल करने से पहले उसकी हालत जरूर जांच लें।

यानी अगली बार ऑनलाइन शॉपिंग का सामान निकालने के बाद खाली डिब्बे को तुरंत कूड़े में फेंकने से पहले एक बार जरूर सोचें। थोड़ी सी क्रिएटिविटी से यही बेकार बॉक्स आपके घर को व्यवस्थित रखने में काफी काम आ सकते हैं।

Share this story

Tags