Baby Care: नन्हे हाथों के नाखून काटने से लगता है डर? एक्सपर्ट की ये ट्रिक्स अपनाएं और इन गलतियों से बचें
छोटे बच्चों के नाखून काफी तेजी से बढ़ते हैं। कई माता-पिता यह सोचकर बच्चे के नाखून काटने में लापरवाही कर देते हैं कि बच्चा अभी खुद खाना नहीं खाता, इसलिए नाखून लंबे रहने से कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा। लेकिन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, ऐसा करना बच्चे की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
पीडियाट्रिशियन किरण मौरे ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर कर बच्चों के नाखूनों की सफाई और उन्हें सही तरीके से काटने के बारे में जानकारी दी है। उनका कहना है कि छोटे बच्चे अक्सर अपने हाथ मुंह में डालते रहते हैं। ऐसे में लंबे नाखूनों के नीचे जमा गंदगी और कीटाणु आसानी से बच्चे के मुंह तक पहुंच सकते हैं। इससे संक्रमण और दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।
इसके अलावा, अगर बच्चे के नाखून ज्यादा लंबे या नुकीले हैं, तो वह खेलते या हाथ-पैर चलाते समय गलती से अपने चेहरे पर खरोंच भी लगा सकता है। इसलिए बच्चों के नाखूनों को समय-समय पर काटते रहना जरूरी है।
बच्चे के नाखून कब काटने चाहिए?
एक्सपर्ट के मुताबिक, जब बच्चा रो रहा हो, चिड़चिड़ा हो या ज्यादा हिल-डुल रहा हो, उस समय उसके नाखून काटने से बचना चाहिए। ऐसे वक्त बच्चे का हाथ या पैर अचानक हिल सकता है, जिससे चोट लगने का खतरा रहता है।
बच्चे को दूध पिलाने के बाद जब वह शांत और रिलैक्स हो जाए, तब नाखून काटना आसान रहता है। बच्चा जितना शांत होगा, उसके हाथ-पैर को सुरक्षित तरीके से संभालना उतना ही आसान होगा।
बच्चे के नाखून काटने का सही तरीका
1. उंगली को आराम से पकड़ें:
सबसे पहले बच्चे की उंगली को धीरे से पकड़ें। नाखून के नीचे की त्वचा को हल्का सा पीछे करें, ताकि नाखून और त्वचा के बीच का हिस्सा साफ दिखाई दे।
2. सिर्फ सफेद हिस्सा काटें:
बेबी नेल क्लिपर का इस्तेमाल करें और केवल नाखून के सफेद हिस्से को ही काटें। काटते समय जल्दबाजी न करें।
3. नाखून बहुत छोटा न करें:
नाखून को बिल्कुल त्वचा के पास से काटने की कोशिश न करें। ज्यादा छोटा काटने से बच्चे की उंगली में चोट या दर्द हो सकता है।
4. नुकीले हिस्से को जरूर देखें:
नाखून काटने के बाद उंगली को ध्यान से चेक करें। अगर कहीं नाखून का हिस्सा नुकीला रह गया हो, तो उसे सावधानी से ठीक करें। इससे बच्चे के चेहरे पर गलती से खरोंच लगने का खतरा कम होगा।
बच्चे के नाखून काटते समय रखें खास सावधानी
बच्चे के नाखून काटना देखने में आसान काम लग सकता है, लेकिन इसमें थोड़ी भी लापरवाही चोट का कारण बन सकती है। छोटे बच्चे अक्सर नाखून काटते समय हाथ-पैर खींचते हैं। ऐसे में माता-पिता को घबराने या जल्दबाजी करने के बजाय धैर्य रखना चाहिए।
अगर बच्चा बहुत ज्यादा हिल रहा है, रो रहा है या नाखून काटने के लिए तैयार नहीं है, तो कुछ देर रुक जाना बेहतर है। जब बच्चा शांत हो जाए, तब दोबारा कोशिश करें।
याद रखें, बच्चे के नाखूनों की नियमित सफाई और सही समय पर कटिंग उसकी हाइजीन बनाए रखने के साथ-साथ उसे खुद से खरोंच लगने और गंदगी व कीटाणुओं के संपर्क में आने से बचाने में भी मदद कर सकती है।

