Uttarakhand MBBS Stipend: इंटर्न डॉक्टरों की बल्ले-बल्ले, स्टाइपेंड में 8 हजार की बढ़ोतरी; अब मिलेंगे 25 हजार
देहरादून: उत्तराखंड के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस इंटर्नशिप कर रहे छात्रों के लिए राहत की खबर है. राज्य सरकार ने मेडिकल इंटर्न्स के मासिक स्टाइपेंड में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है. अब एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों को हर महीने 25,000 रुपये स्टाइपेंड मिलेगा. पहले यह राशि 17,000 रुपये थी.
यानी सरकार के इस फैसले के बाद इंटर्न डॉक्टरों को हर महीने 8,000 रुपये ज्यादा मिलेंगे. स्टाइपेंड बढ़ाने का फैसला मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में लिया गया.
17 हजार से बढ़कर 25 हजार हुआ स्टाइपेंड
उत्तराखंड सरकार ने एमबीबीएस इंटर्न्स के मासिक मानदेय को 17,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये कर दिया है. इससे इंटर्न डॉक्टरों को अपनी इंटर्नशिप के दौरान पहले की तुलना में अधिक आर्थिक सहायता मिलेगी.
एमबीबीएस की पढ़ाई में इंटर्नशिप महत्वपूर्ण चरण होता है. इस दौरान मेडिकल छात्र अस्पताल में मरीजों के साथ काम करते हुए क्लीनिकल ट्रेनिंग लेते हैं और इलाज से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी हासिल करते हैं. ऐसे में बढ़ा हुआ स्टाइपेंड छात्रों के लिए आर्थिक रूप से मददगार माना जा रहा है.
इन सरकारी मेडिकल कॉलेजों में मिलेगा लाभ
सरकार के इस फैसले का लाभ उत्तराखंड के पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों में इंटर्नशिप कर रहे एमबीबीएस छात्रों को मिलेगा. इनमें श्रीनगर, हल्द्वानी, देहरादून, हरिद्वार और अल्मोड़ा के मेडिकल कॉलेज शामिल हैं.
इन संस्थानों में एमबीबीएस और अन्य मेडिकल पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं. अब यहां इंटर्नशिप करने वाले पात्र एमबीबीएस छात्रों को संशोधित स्टाइपेंड के अनुसार भुगतान किया जाएगा.
छात्रों ने की थी स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग
मेडिकल इंटर्न डॉक्टर लंबे समय से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे थे. उनकी मांग थी कि मौजूदा 17,000 रुपये की राशि को बढ़ाकर 30,000 रुपये प्रतिमाह किया जाए. वहीं पोस्ट ग्रेजुएट रेजिडेंट डॉक्टरों की ओर से भी स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की मांग रखी गई थी.
दूसरे राज्यों में मेडिकल इंटर्न्स को मिलने वाले स्टाइपेंड का हवाला देते हुए उत्तराखंड के छात्र भी अपनी मांग सरकार के सामने रख रहे थे. कैबिनेट के फैसले के बाद एमबीबीएस इंटर्न्स को फिलहाल बड़ी राहत मिली है. हालांकि, पीजी रेजिडेंट डॉक्टरों के स्टाइपेंड को लेकर इस बैठक में कोई फैसला नहीं हुआ.
कैबिनेट ने कई प्रस्तावों को दी मंजूरी
स्टेट डायरेक्टर जनरल ऑफ इंफॉर्मेशन बंशीधर तिवारी के अनुसार, एमबीबीएस इंटर्न्स के मानदेय को 17,000 से बढ़ाकर 25,000 रुपये करने के प्रस्ताव को कैबिनेट ने मंजूरी दी है.
इसके अलावा बैठक में स्पोर्ट्स पॉलिसी 2021 से जुड़े प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई. इसके तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को राज्य में आउट ऑफ टर्न रोजगार देने का प्रावधान किया गया है.
इस योजना को लागू करने के लिए खेल, युवा कल्याण, गृह, परिवहन, शिक्षा और वन विभाग में कुल 243 पदों को भरने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई.

