Uttarakhand High Court Recruitment 2026: फैमिली कोर्ट में काउंसलर के 18 पदों पर भर्ती, 60 हजार रुपये तक सैलरी; 65 साल तक के उम्मीदवार करें आवेदन
काउंसलिंग, साइकोलॉजी या सोशल वर्क के क्षेत्र में पढ़ाई और अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों के लिए सरकारी नौकरी पाने का अच्छा मौका है। उत्तराखंड हाई कोर्ट ने राज्य के अलग-अलग फैमिली कोर्ट में काउंसलर, जनरल काउंसलर और चाइल्ड काउंसलर के कुल 18 पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती के लिए देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, नैनीताल, हल्द्वानी, विकासनगर, कोटद्वार, काशीपुर और उत्तरकाशी सहित कई स्थानों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
इस भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन नैनीताल स्थित उत्तराखंड हाई कोर्ट की वेबसाइट पर जारी किया गया है। खास बात यह है कि इसमें 65 साल तक की उम्र वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को हर महीने 50,000 रुपये मानदेय के साथ 10,000 रुपये ट्रैवल अलाउंस दिया जाएगा।
Uttarakhand Family Court Vacancy 2026: पदों का विवरण
उत्तराखंड हाई कोर्ट की ओर से जारी भर्ती के तहत कुल 18 पद भरे जाएंगे। इनमें एक पद जनरल काउंसलर, एक पद चाइल्ड काउंसलर और बाकी 16 पद काउंसलर के हैं।
| पद का नाम | पदों की संख्या |
|---|---|
| जनरल काउंसलर | 01 |
| काउंसलर | 16 |
| चाइल्ड काउंसलर | 01 |
| कुल पद | 18 |
ये नियुक्तियां राज्य के विभिन्न फैमिली कोर्ट में की जाएंगी। इनमें देहरादून, विकासनगर, हरिद्वार, रुड़की, लक्सर, नैनीताल, हल्द्वानी, कोटद्वार, काशीपुर और उत्तरकाशी के कोर्ट शामिल हैं।
काउंसलर भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता
इस भर्ती में अलग-अलग पदों के लिए उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता और अनुभव निर्धारित किया गया है।
काउंसलर पद: उम्मीदवार के पास UGC से मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से सोशल वर्क में मास्टर डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा साइकोलॉजी की योग्यता या कपल एंड फैमिली थेरेपी में सर्टिफिकेट रखने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। संबंधित क्षेत्रों में कम से कम 10 साल का संयुक्त कार्य अनुभव रखने वाले उम्मीदवार भी पात्र हो सकते हैं।
जनरल काउंसलर पद: इस पद के लिए सोशल वर्क में मास्टर डिग्री, साइकोलॉजी या साइकेट्री से जुड़ी योग्यता अथवा कपल एंड फैमिली थेरेपी का सर्टिफिकेट होना चाहिए। इसके अलावा काउंसलिंग, मीडिएशन, पारिवारिक मामलों और वैवाहिक विवादों से जुड़े क्षेत्रों में 10 साल का अनुभव रखने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं।
चाइल्ड काउंसलर पद: इसके लिए भी सोशल वर्क में मास्टर डिग्री, साइकोलॉजी या साइकेट्री से संबंधित योग्यता अथवा कपल एंड फैमिली थेरेपी में निर्धारित सर्टिफिकेट की जरूरत होगी। संबंधित क्षेत्र में 10 साल का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थी भी पात्रता के दायरे में आ सकते हैं।
उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में अपने पद के अनुसार योग्यता और अनुभव की शर्तें जरूर जांच लें।
आयु सीमा कितनी होनी चाहिए?
उत्तराखंड फैमिली कोर्ट की इस भर्ती में आवेदन करने वाले उम्मीदवार की अधिकतम उम्र 65 साल निर्धारित की गई है। आयु की गणना आवेदन की अंतिम तारीख के आधार पर की जाएगी। आवेदक का भारतीय नागरिक होना भी जरूरी है।
इंटरव्यू से होगा उम्मीदवारों का चयन
इस भर्ती में उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी। चयन व्यक्तिगत इंटरव्यू और बातचीत के आधार पर किया जाएगा। इस दौरान अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, संबंधित क्षेत्र का अनुभव, काउंसलिंग की समझ और विशेषज्ञता का आकलन किया जाएगा।
चयन समिति प्रत्येक पद के लिए योग्य उम्मीदवारों की सूची तैयार करेगी। इसके अलावा हर पद के लिए तीन उम्मीदवारों की वेटिंग लिस्ट भी रखी जाएगी। यदि चयनित अभ्यर्थी एक महीने के भीतर जॉइन नहीं करते हैं या एक साल के अंदर पद छोड़ देते हैं, तो वेटिंग लिस्ट में शामिल उम्मीदवारों से संपर्क किया जा सकता है।
हर महीने मिलेगी 60,000 रुपये तक की राशि
उत्तराखंड फैमिली कोर्ट में ये सभी नियुक्तियां कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर की जाएंगी। चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 50,000 रुपये मानदेय दिया जाएगा। इसके साथ 10,000 रुपये प्रतिमाह ट्रैवल अलाउंस भी मिलेगा।
इस तरह चयनित अभ्यर्थियों को कुल 60,000 रुपये प्रतिमाह मिल सकते हैं।
आवेदन की अंतिम तारीख और प्रक्रिया
इस भर्ती के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 11 दिसंबर 2026, शाम 5 बजे निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवारों को हाई कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन फॉर्म का निर्धारित प्रारूप डाउनलोड करना होगा।
आवेदन फॉर्म में नाम, पिता या पति का नाम, जन्मतिथि, उम्र, स्थायी पता, मोबाइल नंबर और शैक्षणिक योग्यता सहित मांगी गई सभी जानकारियां भरनी होंगी। इसके साथ शैक्षणिक प्रमाणपत्र, पहचान पत्र, जन्मतिथि और अन्य जरूरी दस्तावेजों की सेल्फ अटेस्टेड कॉपी लगानी होगी।
पूरा आवेदन निर्धारित पते पर रजिस्टर्ड पोस्ट या स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजना होगा।
आधिकारिक वेबसाइट: highcourtofuttarakhand.gov.in
अंतिम तारीख: 11 दिसंबर 2026, शाम 5 बजे
आवेदन भेजने से पहले उम्मीदवार आधिकारिक नोटिफिकेशन में पदवार योग्यता, जरूरी दस्तावेज, आवेदन का पता और अन्य शर्तों की जांच जरूर कर लें।

