UPSC Interview 2026: सिविल सेवा परीक्षा के इंटरव्यू का शेड्यूल जारी, 2526 उम्मीदवारों को मिला मौका; 25 नवंबर तक पूरा करना होगा ये काम
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2026 में सफल हुए उम्मीदवारों के लिए इंटरव्यू यानी पर्सनैलिटी टेस्ट का शेड्यूल जारी कर दिया है। IAS, IPS, IFS और IRS समेत विभिन्न सेवाओं में चयन के लिए होने वाले इस इंटरव्यू में शामिल होने वाले उम्मीदवार अब अपनी तारीख और समय की जानकारी रोल नंबर के आधार पर चेक कर सकते हैं।
आयोग ने कुल 2,526 उम्मीदवारों के लिए इंटरव्यू शेड्यूल जारी किया है। उम्मीदवार UPSC की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर शेड्यूल की PDF डाउनलोड कर सकते हैं।
रोल नंबर के अनुसार जारी हुआ इंटरव्यू शेड्यूल
UPSC ने पर्सनैलिटी टेस्ट में शामिल होने वाले उम्मीदवारों की तारीख और समय की जानकारी रोल नंबर के हिसाब से दी है। ऐसे में अभ्यर्थियों को शेड्यूल में अपना रोल नंबर ढूंढकर इंटरव्यू की निर्धारित तारीख और रिपोर्टिंग टाइम चेक करना होगा।
इंटरव्यू सिविल सेवा परीक्षा के चयन का अहम चरण है। इसमें उम्मीदवारों के व्यक्तित्व, निर्णय लेने की क्षमता, सामान्य जागरूकता और प्रशासनिक समझ का आकलन किया जाता है।
UPSC Interview Schedule 2026: ऐसे चेक करें तारीख और समय
उम्मीदवार नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो करके अपना इंटरव्यू शेड्यूल देख सकते हैं।
-
सबसे पहले UPSC की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाएं।
-
होमपेज पर सिविल सेवा परीक्षा 2026 के इंटरव्यू शेड्यूल से संबंधित लिंक खोलें।
-
लिंक पर क्लिक करते ही इंटरव्यू शेड्यूल की PDF स्क्रीन पर खुल जाएगी।
-
PDF में अपना रोल नंबर सर्च करें और इंटरव्यू की तारीख व समय देखें।
-
भविष्य में जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल के लिए PDF डाउनलोड करके उसका प्रिंटआउट रख लें।
इंटरव्यू शेड्यूल की PDF: https://www.upsc.gov.in/sites/default/files/Intv-CSM-2026-Engl-171126.pdf
25 नवंबर तक अपडेट करना होगा DAF
UPSC ने उम्मीदवारों को इंटरव्यू से पहले अपना डिटेल एप्लीकेशन फॉर्म (DAF) अपडेट करने के निर्देश भी दिए हैं। इसके लिए ऑनलाइन विंडो 11 नवंबर 2026 से खोली गई है।
उम्मीदवारों को 25 नवंबर 2026 तक जरूरी जानकारियां भरकर DAF अपडेट और सबमिट करना होगा। आयोग के अनुसार, तय समय सीमा के भीतर यह प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले उम्मीदवारों को ई-समन लेटर जारी नहीं किया जाएगा। ऐसे अभ्यर्थियों को पर्सनैलिटी टेस्ट में शामिल होने की अनुमति भी नहीं मिलेगी।
इसलिए सभी योग्य उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते अपनी जानकारी अपडेट कर दें।
इंटरव्यू में शामिल होने पर मिलेगा यात्रा खर्च
UPSC पर्सनैलिटी टेस्ट में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को आने-जाने के किराए का भुगतान भी किया जाएगा। हालांकि, इसके लिए रिइम्बर्समेंट की सीमा ट्रेन के सेकंड क्लास या स्लीपर क्लास (मेल एक्सप्रेस) के किराए तक रखी गई है।
यानी इंटरव्यू देने के लिए यात्रा करने वाले योग्य उम्मीदवार निर्धारित नियमों के अनुसार अपने रेल किराए की वापसी का दावा कर सकते हैं।
दिल्ली के धौलपुर हाउस में होंगे इंटरव्यू
UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2026 के पर्सनैलिटी टेस्ट नई दिल्ली स्थित संघ लोक सेवा आयोग के कार्यालय में आयोजित किए जाएंगे। इंटरव्यू का पता है:
धौलपुर हाउस, शाहजहां रोड, नई दिल्ली-110069।
बता दें कि सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 21, 22, 23, 29 और 30 अगस्त 2026 को आयोजित की गई थी। परीक्षा दो शिफ्ट में हुई थी। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चली थी।
मुख्य परीक्षा का परिणाम 5 नवंबर 2026 को घोषित किया गया था। अब सफल उम्मीदवारों को इंटरव्यू के आधार पर अंतिम चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा। उम्मीदवारों को सलाह है कि वे इंटरव्यू की तारीख, समय और DAF से जुड़े निर्देशों के लिए UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

