Samachar Nama
×

डाक विभाग भर्ती 2026: 10वीं पास उम्मीदवारों के लिए बंपर मौका, 23 हजार से अधिक पदों पर OTR रजिस्ट्रेशन शुरू

डाक विभाग भर्ती 2026: 10वीं पास उम्मीदवारों के लिए बंपर मौका, 23 हजार से अधिक पदों पर OTR रजिस्ट्रेशन शुरू

इंडिया पोस्ट ने ग्रामीण डाक सेवक (GDS) भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM), असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM) और डाक सेवक के कुल 23,757 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) की प्रक्रिया 31 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है, जबकि ऑनलाइन आवेदन 2 सितंबर 2026 से शुरू होंगे।

इच्छुक और योग्य उम्मीदवार इंडिया पोस्ट के आधिकारिक GDS भर्ती पोर्टल पर जाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकेंगे।

10वीं पास उम्मीदवारों के लिए मौका

इंडिया पोस्ट GDS भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं कक्षा पास होना जरूरी है। 10वीं में गणित और अंग्रेजी विषय पढ़ना और पास करना अनिवार्य है।

इसके अलावा उम्मीदवार को संबंधित राज्य या पोस्टल सर्किल में निर्धारित स्थानीय भाषा का ज्ञान होना चाहिए। स्थानीय भाषा से जुड़े नियम राज्य के अनुसार अलग-अलग हो सकते हैं। अरुणाचल प्रदेश, गोवा, सिक्किम और नागालैंड जैसे कुछ राज्यों में संबंधित स्थानीय जनजातीय भाषा की जानकारी से जुड़े प्रमाण भी मांगे जा सकते हैं।

18 से 40 साल तक होनी चाहिए उम्र

GDS भर्ती के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

  • SC/ST: 5 वर्ष की छूट
  • OBC: 3 वर्ष की छूट
  • PwBD: 10 वर्ष तक की छूट

10वीं के अंकों से बनेगी मेरिट

इस भर्ती में उम्मीदवारों के चयन के लिए लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं होगा। उम्मीदवारों की मेरिट लिस्ट 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी।मेरिट में जगह बनाने वाले उम्मीदवारों को आगे डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाएगा। दस्तावेजों की जांच सफल होने के बाद भर्ती की आगे की प्रक्रिया पूरी होगी। चयनित उम्मीदवारों को निर्धारित एंगेजमेंट प्रक्रिया के साथ बेसिक ट्रेनिंग भी पूरी करनी होगी।

कितनी होगी सैलरी?

ग्रामीण डाक सेवक पदों पर चयनित उम्मीदवारों को टाइम रिलेटेड कंटिन्यूटी अलाउंस (TRCA) के आधार पर भुगतान किया जाएगा।

  • ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM): ₹12,000 से ₹29,380 तक
  • असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर/डाक सेवक: ₹10,000 से ₹24,470 तक

GDS पदों पर आमतौर पर काम की अवधि जिम्मेदारियों के अनुसार करीब 4 से 5 घंटे प्रतिदिन होती है।

किसे देनी होगी आवेदन फीस?

जनरल, OBC और EWS वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क ₹100 निर्धारित किया गया है। वहीं SC, ST, PwBD, महिला और ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।

आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा।

GDS भर्ती 2026 की जरूरी तारीखें

भर्ती से जुड़ी महत्वपूर्ण तारीखें इस प्रकार हैं:

  • OTR शुरू: 31 अगस्त 2026
  • OTR की अंतिम तारीख: 19 सितंबर 2026
  • ऑनलाइन आवेदन शुरू: 2 सितंबर 2026
  • आवेदन की अंतिम तारीख: 21 सितंबर 2026
  • करेक्शन विंडो: 23 और 24 सितंबर 2026

ऐसे करें India Post GDS भर्ती के लिए आवेदन

आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले इंडिया पोस्ट के GDS भर्ती पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पूरा करना होगा। इसके लिए मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी की जरूरत होगी।

OTR पूरा होने के बाद रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड की मदद से पोर्टल पर लॉगिन करें। इसके बाद अपनी व्यक्तिगत जानकारी, 10वीं कक्षा से जुड़ी शैक्षणिक जानकारी और पसंदीदा पोस्टल डिविजन की जानकारी भरें।

इसके बाद निर्धारित फॉर्मेट में अपनी फोटो और सिग्नेचर अपलोड करें। फोटो JPG/JPEG फॉर्मेट में 30 से 100 KB और सिग्नेचर 20 से 100 KB के बीच होना चाहिए।

फॉर्म सबमिट करने से पहले दर्ज की गई सभी जानकारियों को ध्यान से जांच लें। जिन उम्मीदवारों पर आवेदन शुल्क लागू है, उन्हें फीस का भुगतान करने के बाद ही आवेदन प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी।

Share this story

Tags