Samachar Nama
×

JOB UPDATE : UKPSC PCS 2026 में 67 पदों पर भर्ती, DSP और डिप्टी कलेक्टर समेत कई पद शामिल; जानें पूरी डिटेल
 

UKPSC PCS 2026 में 67 पदों पर भर्ती, DSP और डिप्टी कलेक्टर समेत कई पद शामिल; जानें पूरी डिटेल

उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. उत्तराखंड लोक सेवा आयोग यानी UKPSC ने राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2026 के लिए भर्ती नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती अभियान के तहत राज्य के अलग-अलग विभागों में ग्रुप बी के कुल 67 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी.
इन पदों में डिप्टी कलेक्टर, पुलिस उपाधीक्षक यानी DSP, जिला कमांडेंट होमगार्ड, वित्त अधिकारी, ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर और राज्य कर अधिकारी समेत कई महत्वपूर्ण पद शामिल हैं. भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 9 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 29 सितंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं.
DSP के सबसे ज्यादा पद
UKPSC की ओर से जारी भर्ती विवरण में पुलिस उपाधीक्षक के सबसे ज्यादा 14 पद रखे गए हैं. इसके बाद डिप्टी कलेक्टर के 10 पद हैं. सहायक निदेशक/लेखा परीक्षा अधिकारी के 8 पद और ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर के 5 पद निर्धारित किए गए हैं.
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी के 5, राज्य कर अधिकारी के 5, वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी के 4 और संस्कृत शिक्षा विभाग में सहायक निदेशक/उपसचिव के 4 पद शामिल हैं.
इसके अलावा जिला कमांडेंट होमगार्ड और सहायक निदेशक कारखाना/बॉयलर के 2-2 पद हैं. सहायक आयुक्त राज्य कर, सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी कैटेगरी-1, उप शिक्षा अधिकारी/स्टाफ ऑफिसर/विधि अधिकारी, सहायक श्रम आयुक्त और उद्यान विकास अधिकारी कैटेगरी-2 के एक-एक पद हैं. महिला कल्याण विभाग में केस वर्कर के 3 पद भी भर्ती का हिस्सा हैं.


Category Wise कितनी हैं रिक्तियां?
कुल 67 पदों में से 37 पद सामान्य वर्ग के लिए निर्धारित किए गए हैं. अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए 13, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 11 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग यानी EWS के लिए 6 पद रखे गए हैं.
इन पदों पर उत्तराखंड की महिलाओं और राज्य आंदोलनकारियों के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार क्षैतिज आरक्षण भी लागू होगा.
Salary भी है आकर्षक
UKPSC की इस भर्ती में ज्यादातर पद लेवल-10 के हैं. इन पदों पर चयनित उम्मीदवारों को 56,100 रुपये से 1,77,500 रुपये तक का वेतन मिलेगा.
वहीं राज्य कर अधिकारी का पद लेवल-7 में आता है, जिसके लिए 44,900 रुपये से 1,42,400 रुपये तक वेतन निर्धारित है. केस वर्कर पद लेवल-6 का है और इसमें 35,400 रुपये से 1,12,400 रुपये तक वेतन मिलेगा.


कौन कर सकता है आवेदन?
अधिकांश पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन पास होना जरूरी है. हालांकि, अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता अलग रखी गई है.
सहायक निदेशक/लेखा परीक्षा अधिकारी के पद के लिए कॉमर्स में ग्रेजुएशन की जरूरत है. उप शिक्षा अधिकारी/स्टाफ ऑफिसर/विधि अधिकारी के लिए पोस्ट ग्रेजुएशन मांगा गया है. सहायक श्रम आयुक्त के पद के लिए अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, कॉमर्स आदि विषयों में ग्रेजुएशन की योग्यता निर्धारित है.
संस्कृत शिक्षा विभाग के संबंधित पद के लिए संस्कृत में पोस्ट ग्रेजुएशन या B.Ed की योग्यता चाहिए. सहायक निदेशक कारखाना/बॉयलर के लिए मैकेनिकल या इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की डिग्री जरूरी है. उद्यान विकास अधिकारी के लिए हॉर्टिकल्चर या कृषि से संबंधित डिग्री होनी चाहिए.
वहीं केस वर्कर पद के लिए समाजशास्त्र, एप्लाइड सोशियोलॉजी या सोशल वर्क में पोस्ट ग्रेजुएशन की योग्यता निर्धारित की गई है.


कब तक कर सकते हैं आवेदन?
UKPSC PCS 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 9 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है. उम्मीदवार 29 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं. आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख भी 29 सितंबर ही है.
अगर आवेदन फॉर्म में कोई गलती हो जाती है तो उम्मीदवारों को सुधार का मौका भी मिलेगा. इसके लिए करेक्शन विंडो 7 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक खुली रहेगी.
किन चरणों से गुजरना होगा?
उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा. इसमें प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य लिखित परीक्षा, इंटरव्यू, मेडिकल जांच और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन शामिल हैं.
प्रारंभिक परीक्षा में जनरल स्टडीज और जनरल एप्टीट्यूड से संबंधित पेपर होंगे. इसके बाद मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें सामान्य हिंदी, निबंध और सामान्य अध्ययन से जुड़े विभिन्न पेपर शामिल होंगे.
ऐसे में उत्तराखंड में PCS स्तर की सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह भर्ती एक महत्वपूर्ण मौका है. इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले अपने संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता और अन्य पात्रता शर्तों को ध्यान से जांच लेना चाहिए.

Share this story

Tags