Delhi Fire Service Jobs: दिल्ली फायर सर्विस में 2,345 नए पदों को मंजूरी, कुल कर्मचारियों की संख्या बढ़कर 5,441 होगी; जानें भर्ती कब आएगी
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए दिल्ली से अच्छी खबर सामने आई है। दिल्ली सरकार ने फायर सर्विस विभाग में 2,345 नए पदों को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति दी है। इसके बाद विभाग में स्वीकृत पदों की संख्या 3,096 से बढ़कर 5,441 हो जाएगी। इस फैसले से आने वाले समय में युवाओं के लिए सरकारी नौकरी के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
सरकार का कहना है कि राजधानी में तेजी से बढ़ते शहरी क्षेत्र, ऊंची इमारतों की संख्या और आगजनी की घटनाओं को देखते हुए फायर सर्विस की क्षमता मजबूत करना जरूरी है। नए पदों से आग बुझाने और आपातकालीन बचाव अभियानों में कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ाई जा सकेगी।
इन पदों पर बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
दिल्ली फायर सर्विस के पुनर्गठन के तहत अलग-अलग रैंक पर नए पद स्वीकृत किए जाएंगे। इनमें डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर, डिविजनल ऑफिसर, असिस्टेंट डिविजनल ऑफिसर, स्टेशन ऑफिसर, सब-ऑफिसर, लीडिंग फायरमैन और फायर ऑपरेटर के पद शामिल हैं।
इसके अलावा चपरासी और माली जैसे पदों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, इस बदलाव से विभाग का प्रशासनिक ढांचा मजबूत होगा। साथ ही फायर फाइटिंग और इमरजेंसी रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कर्मचारियों की कमी को दूर करने में मदद मिलेगी।
84 साल बाद विभाग में बड़ा बदलाव
दिल्ली फायर सर्विस विभाग में करीब 84 साल बाद इतने बड़े स्तर पर पदों की संख्या बढ़ाई जा रही है। विभाग की स्थापना 1942 में हुई थी। उस समय इसके पास केवल 4 फायर स्टेशन, 14 दमकल गाड़ियां और 186 कर्मचारी थे।
समय के साथ दिल्ली का विस्तार हुआ और बहुमंजिला इमारतों के साथ आपातकालीन घटनाओं की चुनौतियां भी बढ़ीं। ऐसे में विभाग के संसाधनों और कर्मचारियों की संख्या में विस्तार की जरूरत महसूस की जा रही थी।
दिल्ली फायर सर्विस भर्ती का नोटिफिकेशन कब आएगा?
फिलहाल दिल्ली सरकार ने नए पदों को मंजूरी दी है, लेकिन इन पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है। आवेदन की तारीख, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और पदों के अनुसार रिक्तियों की संख्या की जानकारी भी अभी सामने नहीं आई है।
उम्मीदवारों को भर्ती से संबंधित आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा। नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि किन पदों पर कितनी भर्तियां होंगी और आवेदन की प्रक्रिया कब शुरू होगी।
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को सलाह है कि वे दिल्ली सरकार और दिल्ली फायर सर्विस की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाले अपडेट पर नजर रखें।

