Samachar Nama
×

CRPF Recruitment 2026: डॉक्टरों के लिए सरकारी नौकरी का मौका, 85 हजार रुपये सैलरी; बिना परीक्षा होगा चयन

CRPF Recruitment 2026: डॉक्टरों के लिए सरकारी नौकरी का मौका, 85 हजार रुपये सैलरी; बिना परीक्षा होगा चयन

मेडिकल की पढ़ाई पूरी कर चुके और सरकारी क्षेत्र में नौकरी की तलाश कर रहे डॉक्टरों के लिए अच्छी खबर है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर के पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती अभियान के तहत देशभर के अलग-अलग कंपोजिट अस्पतालों में कुल 19 पद भरे जाएंगे। खास बात यह है कि उम्मीदवारों को नौकरी पाने के लिए कोई लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी। चयन सीधे वॉक-इन इंटरव्यू, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल परीक्षण के आधार पर किया जाएगा।

इस भर्ती में महिला और पुरुष दोनों उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को हर महीने 85,000 रुपये वेतन दिया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार CRPF की आधिकारिक वेबसाइट rect.crpf.gov.in पर भर्ती से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

15 और 17 दिसंबर को होंगे इंटरव्यू

CRPF की इस भर्ती के लिए ज्यादातर कंपोजिट अस्पतालों में वॉक-इन इंटरव्यू 15 दिसंबर 2026 को सुबह 9 बजे आयोजित किए जाएंगे। हालांकि, अवाडी, जगदलपुर और गांधीनगर के अस्पतालों के लिए इंटरव्यू की तारीख बदलकर 17 दिसंबर कर दी गई है। इन केंद्रों पर इंटरव्यू का स्थान पहले की तरह ही रहेगा।

किस विषय के कितने पद खाली?

इस भर्ती के तहत अलग-अलग विशेषज्ञता वाले डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी। कुल 19 रिक्तियां इस प्रकार हैं:

  • सर्जरी: प्रयागराज, अवाडी, रायपुर, भोपाल, मुजफ्फरपुर, रामपुर, रांची, सिलचर और गांधीनगर में 9 पद।
  • रेडियोलॉजी: हैदराबाद, जम्मू, भुवनेश्वर और जगदलपुर में 4 पद।
  • ऑप्थेल्मोलॉजी: भोपाल और पुणे में 2 पद।
  • एनेस्थीसिया: रामपुर और रांची में 2 पद।
  • प्रसूति एवं स्त्री रोग: रांची और सिलचर में 2 पद।

कौन कर सकता है आवेदन?

स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर के पदों के लिए उम्मीदवार के पास भारतीय चिकित्सा परिषद अधिनियम 1956 के तहत मान्यता प्राप्त एलोपैथिक मेडिकल डिग्री होना जरूरी है। इसके साथ अनिवार्य रोटेटिंग इंटर्नशिप पूरी करने का प्रमाण पत्र भी होना चाहिए।

इसके अलावा संबंधित विशेषज्ञता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ कम से कम 1.5 साल का अनुभव होना चाहिए। पीजी डिप्लोमा धारकों के लिए संबंधित क्षेत्र में 2.5 साल का अनुभव अनिवार्य है।

आयु सीमा की बात करें तो इंटरव्यू की तारीख तक उम्मीदवार की उम्र 70 वर्ष से कम होनी चाहिए।

हर महीने मिलेगी 85 हजार रुपये सैलरी

इस भर्ती में चयनित डॉक्टरों को प्रतिमाह 85,000 रुपये वेतन दिया जाएगा। नियुक्ति कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर होगी। अनुबंध की अवधि के दौरान उम्मीदवारों को यात्रा भत्ता (TA) और दैनिक भत्ता (DA) नहीं दिया जाएगा। भर्ती अधिसूचना में किसी आवेदन शुल्क का उल्लेख नहीं किया गया है।

इंटरव्यू के समय कौन से दस्तावेज ले जाने होंगे?

इच्छुक उम्मीदवारों को निर्धारित तारीख पर संबंधित CRPF कंपोजिट अस्पताल में पहुंचना होगा। इंटरव्यू के समय अपने साथ निम्न दस्तावेजों की मूल प्रति और फोटोकॉपी रखनी होगी:

  1. सादे कागज पर तैयार आवेदन पत्र, जिसमें पद का नाम स्पष्ट रूप से लिखा हो।
  2. मेडिकल डिग्री और संबंधित शैक्षणिक प्रमाण पत्र।
  3. आयु प्रमाण पत्र।
  4. संबंधित विशेषज्ञता में अनुभव प्रमाण पत्र।
  5. सभी जरूरी दस्तावेजों की फोटोकॉपी।
  6. हाल ही की तीन पासपोर्ट साइज फोटो।

भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी, पात्रता और अन्य दिशा-निर्देशों के लिए उम्मीदवार CRPF की आधिकारिक वेबसाइट rect.crpf.gov.in पर जा सकते हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 011-24368630 पर संपर्क किया जा सकता है।

Share this story

Tags