सांसद जॉन ब्रिटास ने आयुष राज्य मंत्री से पीजी आयुर्वेद दाखिलों में रुकावट पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की
नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। सीपीआई (एम) सांसद डॉ. जॉन ब्रिटास ने आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव को पत्र लिखकर एआईएपीजीईटी 2026–27 के तहत (पोस्ट ग्रेजुएट) पीजी आयुर्वेद दाखिलों में लगातार आ रही रुकावटों और अनिश्चितता के मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है।
सांसद ने पत्र में कहा कि केंद्रीय काउंसलिंग आयोजित करने वाली संस्था आयुष प्रवेश केंद्रीय परामर्श समिति (एएसीसीसी) ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए 6 नवंबर को पीजी आयुर्वेद के पहले राउंड के नतीजों को रोक दिया था। इसके बाद 16 नवंबर को दूसरे राउंड की काउंसलिंग पर भी रोक लगा दी गई, लेकिन इसके लिए कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया और न ही काउंसलिंग फिर से शुरू करने के लिए कोई निश्चित समय-सीमा बताई गई।
सांसद डॉ. जॉन ब्रिटास ने बताया कि आयुष प्रवेश केंद्रीय परामर्श समिति (एएसीसीसी) ने 5 नवंबर को पहले राउंड के अंतिम आवंटन के नतीजे जारी किए थे और उम्मीदवारों को 6 नवंबर से अपने आवंटित संस्थानों में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया था, लेकिन बाद में इन नतीजों को ही रोक दिया गया। उन्होंने इस बारे में आधिकारिक जानकारी मांगी है कि क्या नतीजे रोके जाने के फैसले से पहले किसी उम्मीदवार ने दाखिले की प्रक्रिया पूरी कर ली थी या दाखिला ले लिया था और ऐसे दाखिलों की स्थिति और वैधता क्या है। इस रुकावट का असर राज्य-स्तरीय दाखिलों पर भी पड़ा है।
उन्होंने कहा कि केरल के 'कमिश्नर फॉर एंट्रेंस एग्जामिनेशन' ने अखिल भारतीय स्तर पर आवंटन रोके जाने का हवाला देते हुए राज्य-स्तरीय पीजी आयुर्वेद आवंटन प्रक्रिया को स्थगित कर दिया है। हजारों मेधावी उम्मीदवारों के लिए इस स्थिति को बेहद चिंताजनक बताते हुए डॉ. जॉन ब्रिटास ने कहा कि जिन छात्रों ने परीक्षा और काउंसलिंग की सभी शर्तें पूरी कर ली हैं, उन्हें प्रशासनिक अनिश्चितताओं या संस्थागत कमियों के कारण नुकसान नहीं उठाना पड़ना चाहिए।
सांसद ने मंत्री से आग्रह किया है कि वे इस मामले में तुरंत स्पष्टीकरण दें, प्रशासनिक समस्याओं की पारदर्शी समीक्षा करवाएं और बाकी काउंसलिंग राउंड को पूरा करने के लिए एक निश्चित समय-सीमा तय करें।
--आईएएनएस
ओपी/डीकेपी

