पीरियड्स के दौरान क्यों जरूरी है संतुलित आहार और आराम
नई दिल्ली, 8 मार्च (आईएएनएस)। पीरियड्स या मासिक धर्म कोई बीमारी नहीं, बल्कि महिलाओं की एक प्राकृतिक और सामान्य प्रक्रिया है। सही खान-पान, आयरन युक्त भोजन और पर्याप्त आराम से इन दिनों में होने वाली थकान, कमजोरी और अन्य असुविधाओं को काफी हद तक कम कर राहत पाई जा सकती है।
नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) ने महिलाओं और किशोरियों से पीरियड्स के दौरान अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। एनएचएम के अनुसार, इस दौरान शरीर से खून निकलता है, जिससे आयरन और अन्य पोषक तत्वों की कमी हो सकती है। इससे थकान, चक्कर आना, कमजोरी या एनीमिया जैसी समस्या हो सकती है।
एनएचएम का कहना है कि इन दिनों संतुलित आहार लेना बहुत जरूरी है। आयरन से भरपूर भोजन जैसे पालक, चुकंदर, अनार, गुड़, दालें, सूखे मेवे किशमिश, खजूर को डाइट में शामिल करें। ये चीजें खून की कमी को पूरा करती हैं और शरीर को ऊर्जा देती हैं।
साथ ही विटामिन सी युक्त फल जैसे संतरा, नींबू, आंवला, अमरूद और टमाटर खाएं, क्योंकि ये आयरन को शरीर में बेहतर तरीके से सोखने में मदद करते हैं। हरी सब्जियां, साबुत अनाज और दही जैसी चीजें भी पाचन को ठीक रखती हैं और पेट की ऐंठन या सूजन को कम करती हैं।
पीरियड्स के दौरान ज्यादा चाय-कॉफी या कैफीन से बचें, क्योंकि ये आयरन के अवशोषण को रोक सकते हैं। पर्याप्त आराम और नींद भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इन दिनों में शरीर को ज्यादा थकान महसूस होती है, इसलिए 7-8 घंटे की अच्छी नींद लें। हल्की सैर, योग या प्राणायाम जैसे व्यायाम से भी शरीर रिलैक्स रहता है और मूड बेहतर होता है। ज्यादा भारी काम या तनाव से बचें।
पीरियड्स के दौरान स्वच्छता भी जरूरी है। साफ-सुथरे पैड या क्लॉथ का इस्तेमाल करें, बार-बार बदलें और अच्छे से हाथ धोएं। अगर दर्द या असामान्य लक्षण हों तो डॉक्टर से सलाह लें।
--आईएएनएस
एमटी/वीसी

