Samachar Nama
×

महाराष्ट्र: आयुष्मान भारत योजना से येवला में साढ़े चार हजार मरीजों का मुफ्त इलाज, जरूरतमंदों को मिली राहत

येवला, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के नाशिक जिले के येवला स्थित अनिरुद्ध हॉस्पिटल में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना यानी आयुष्मान भारत के तहत अब तक करीब साढ़े चार हजार मरीजों का मुफ्त इलाज और ऑपरेशन किया जा चुका है। इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद मरीजों को उपचार की सुविधा मिल रही है। कई मरीजों ने बताया कि योजना के कारण उन्हें महंगे ऑपरेशन के लिए अपनी जेब से पैसे खर्च नहीं करने पड़े।

येवला, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के नाशिक जिले के येवला स्थित अनिरुद्ध हॉस्पिटल में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना यानी आयुष्मान भारत के तहत अब तक करीब साढ़े चार हजार मरीजों का मुफ्त इलाज और ऑपरेशन किया जा चुका है। इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद मरीजों को उपचार की सुविधा मिल रही है। कई मरीजों ने बताया कि योजना के कारण उन्हें महंगे ऑपरेशन के लिए अपनी जेब से पैसे खर्च नहीं करने पड़े।

अस्पताल के डॉक्टर तुषार सालुंखे ने बताया कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत उनके अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीजों का मुफ्त ऑपरेशन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना से उन लोगों को विशेष मदद मिली है, जिनके पास इलाज कराने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं थे। योजना के तहत पात्र मरीजों को लगभग पांच लाख रुपए तक के सालाना मुफ्त इलाज की सुविधा मिलती है।

योजना का लाभ लेने वाले अभिषेक दत्तात्रेय ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह महाराष्ट्र के नाशिक जिले के तहसीलदार गांव के रहने वाले हैं। उन्हें किडनी स्टोन की समस्या थी। उनके परिचितों ने उन्हें अनिरुद्ध हॉस्पिटल के बारे में बताया, जहां आयुष्मान भारत योजना के तहत किडनी स्टोन का ऑपरेशन मुफ्त में किया जाता है।

अभिषेक ने बताया कि जानकारी मिलने के बाद वह अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका ऑपरेशन किया। इलाज के दौरान उन्हें एक रुपए भी खर्च नहीं करना पड़ा। बाहर इसी तरह का ऑपरेशन कराने में लगभग 70 हजार से एक लाख रुपए तक खर्च हो सकते थे। उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों के सहयोग की भी सराहना की।

एक महिला मरीज ने बताया कि उनके पेट में गांठ थी। उन्हें जानकारी मिली कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजना के तहत अनिरुद्ध हॉस्पिटल में मुफ्त ऑपरेशन किया जाता है। इसके बाद वह अस्पताल पहुंचीं। जांच के बाद डॉक्टरों ने उनका ऑपरेशन किया, जिसके लिए उन्हें कोई पैसा नहीं देना पड़ा। महिला ने कहा कि यदि उन्हें बाहर इलाज कराना पड़ता तो ऑपरेशन पर लाखों रुपए खर्च हो सकते थे। उनके अनुसार, सरकारी योजना के कारण उनका इलाज मुफ्त में हो सका और परिवार पर आर्थिक बोझ नहीं पड़ा।

इसी तरह एक अन्य महिला ने बताया कि उनकी बेटी का ऑपरेशन कराया जाना था, जिस पर लगभग एक लाख रुपए तक का खर्च आने की बात थी। उन्हें अनिरुद्ध हॉस्पिटल में सरकारी योजना के तहत मुफ्त ऑपरेशन की जानकारी मिली। इसके बाद वह अपनी बेटी को अस्पताल लेकर पहुंचीं, जहां योजना के माध्यम से उसका ऑपरेशन किया गया। महिला ने कहा कि उनकी बेटी का इलाज अच्छे से हुआ और योजना का लाभ मिलने से उन्हें काफी राहत मिली।

डॉ. तुषार सालुंखे ने बताया कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत लगभग ढाई हजार प्रकार के ऑपरेशन शामिल हैं। इसमें कई प्रमुख बीमारियों का इलाज कवर होता है और पात्र मरीजों को उपचार की सुविधा मुफ्त मिलती है। उन्होंने यह भी बताया कि योजना के तहत मरीज को मुफ्त भोजन भी उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि इस योजना से उन मरीजों को मदद मिली है, जिनके पास इलाज के लिए पैसे नहीं थे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे योजना की जानकारी लें और पात्र होने पर इसका लाभ उठाएं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में इस योजना का दायरा बढ़ेगा, ताकि अधिक जरूरतमंद लोगों को उपचार मिल सके।

--आईएएनएस

पीएसके/डीकेपी

Share this story

Tags