Samachar Nama
×

रक्षाबंधन पर मिठास के साथ सेहत का ख्याल: फैटी लिवर और ब्लड शुगर मरीज ऐसे बचें

रक्षाबंधन पर मिठास के साथ सेहत का ख्याल: फैटी लिवर और ब्लड शुगर मरीज ऐसे बचें

कल यानी 28 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जाएगा। रक्षाबंधन हो या कोई दूसरा त्योहार, परिवार के साथ बिताए गए पल और स्वादिष्ट मिठाइयां त्योहार की खुशी को और बढ़ा देती हैं। इस मौके पर घर में कई तरह की मिठाइयां आती हैं और लोग स्वाद के चक्कर में जरूरत से ज्यादा मिठाई खा लेते हैं।

हालांकि, ज्यादा मात्रा में मिठाई का सेवन सेहत के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है। खासतौर पर अगर किसी व्यक्ति को पहले से फैटी लिवर, डायबिटीज या मोटापे की समस्या है, तो त्योहार के दौरान खाने-पीने को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है।

दिल्ली स्थित सीके बिड़ला हॉस्पिटल के इंटरनल मेडिसिन कंसल्टेंट डॉ. अमित प्रकाश सिंह के मुताबिक, त्योहारों के दौरान ज्यादा मात्रा में चीनी, रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट और अनहेल्दी फैट्स का सेवन मेटाबॉलिज्म पर असर डाल सकता है। यही वजह है कि त्योहारों के बाद कुछ लोगों में ब्लड शुगर बढ़ने और वजन बढ़ने जैसी समस्याएं देखने को मिल सकती हैं।

मिठाइयों से बढ़ सकता है फैटी लिवर का खतरा

फैटी लिवर ऐसी स्थिति है, जिसमें लिवर में जरूरत से ज्यादा फैट जमा होने लगता है। बहुत अधिक चीनी और फैट वाले खाद्य पदार्थों का बार-बार सेवन वजन बढ़ने और मेटाबॉलिक समस्याओं का कारण बन सकता है। इससे फैटी लिवर का खतरा भी बढ़ सकता है।

जिन लोगों को पहले से फैटी लिवर की समस्या है, उन्हें त्योहार के दौरान मिठाइयों और ज्यादा कैलोरी वाले खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित रखना चाहिए।

तेजी से बढ़ सकता है ब्लड शुगर

गुलाब जामुन, जलेबी, रसगुल्ला, पेड़ा और लड्डू जैसी मिठाइयों में चीनी और रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट की मात्रा अधिक होती है। एक साथ कई मिठाइयां खाने से ब्लड ग्लूकोज तेजी से बढ़ सकता है।

डायबिटीज या प्रीडायबिटीज से जूझ रहे लोगों के लिए यह ब्लड शुगर कंट्रोल करना मुश्किल बना सकता है। इसलिए ऐसे लोगों को मिठाई खाते समय मात्रा का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

क्या त्योहार पर मिठाई पूरी तरह छोड़ दें?

डॉ. अमित प्रकाश सिंह के मुताबिक, त्योहार के मौके पर मिठाई से पूरी तरह दूरी बनाने की जरूरत नहीं है। सबसे जरूरी है कि मिठाई की मात्रा पर नियंत्रण रखा जाए।

एक साथ कई तरह की मिठाइयां खाने के बजाय अपनी पसंद की किसी एक मिठाई का छोटा हिस्सा लें और उसे धीरे-धीरे खाएं। अगर संभव हो तो घर पर बनी या कम चीनी वाली मिठाइयों को प्राथमिकता दी जा सकती है।

मिठाइयों के साथ कोल्ड ड्रिंक, पैकेज्ड जूस या दूसरे मीठे पेय पदार्थ लेने से भी बचना बेहतर है। त्योहार का आनंद लेते हुए अगर खाने की मात्रा और क्वालिटी का ध्यान रखा जाए, तो स्वाद के साथ सेहत का भी ख्याल रखा जा सकता है।

Share this story

Tags