Samachar Nama
×

सफदरजंग में तीन दिनों में दीपावली से जुड़े जलने के 206 मामले, 9 नवंबर को आए 71 केस

नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज और सफदरजंग अस्पताल में 9 नवंबर को दीपावली से जुड़ी जलने की चोटों के 71 नए मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही, 7 से 9 नवंबर तक के तीन दिनों में ऐसे मामलों की कुल संख्या 206 हो गई है।

नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज और सफदरजंग अस्पताल में 9 नवंबर को दीपावली से जुड़ी जलने की चोटों के 71 नए मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही, 7 से 9 नवंबर तक के तीन दिनों में ऐसे मामलों की कुल संख्या 206 हो गई है।

अस्पताल द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, 9 नवंबर को सामने आए 71 मामलों में से 68 मामले पटाखों से लगी चोटों के थे, जबकि तीन मामले दीये से जलने के थे।

तीन दिनों के कुल आंकड़ों से पता चलता है कि कुल 206 मामलों में से 197 मामलों में पटाखों से जुड़ी चोटें थीं, जबकि नौ मामले दीये से जलने की थीं।

अस्पताल ने कहा कि वह सभी प्रभावित मरीजों को उचित चिकित्सा देखभाल दे रहा है। साथ ही, अस्पताल ने जलने की घटनाओं को रोकने के लिए लोगों में जागरूकता लाने, जिम्मेदारी से त्योहार मनाने और आग से सुरक्षा के नियमों का पालन करने पर जोर दिया।

इससे पहले, 7 और 8 नवंबर को अस्पताल के 'बर्न्स इमरजेंसी डिपार्टमेंट' (जलने की आपातकालीन इकाई) में दीपावली से जुड़ी जलने की 135 घटनाएं दर्ज की गई थीं। इनमें से 129 मामले पटाखों से जुड़े थे, जबकि छह मामले दीये से जलने के थे।

दीपावली से जुड़ी चोटों के शिकार लोगों में 35 बच्चे ऐसे थे जिन्हें पटाखों से चोटें आईं। इनका इलाज ओपीडी में किया गया, जबकि एक बच्चे को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत पड़ी।

इस बीच, दीपावली की रात महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में एक किराने की दुकान और उससे सटे घर में भीषण आग लग गई। इस घटना में एक ही परिवार के छह सदस्यों की जलने और दम घुटने से मौत हो गई।

आग आधी रात के आसपास लगी और येदशी गांव में स्थित परिवार की किराने की दुकान में तेजी से फैल गई। आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और सब कुछ जलकर राख हो गया। यह परिवार तीन पीढ़ियों से अपना यह कारोबार चला रहा था।

परिवार की दो बेटियां, सिद्धि और गायत्री, जो पुणे और धाराशिव में अपनी पढ़ाई कर रही थीं, दीपावली मनाने के लिए घर आई थीं। वे भी इस दुखद घटना में जान गंवाने वालों में शामिल थीं।

--आईएएनएस

एससीएच

Share this story

Tags