Samachar Nama
×

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा श्रीलंका पहुंचे, 'बिम्स्टेक' स्वास्थ्य मंत्रियों की पहली बैठक में होंगे शाम‍िल

कोलंबो, 10 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा मंगलवार को 'बिम्स्टेक स्वास्थ्य मंत्रियों की पहली बैठक' में भाग लेने के लिए श्रीलंका की राजधानी कोलंबो पहुंचे। श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा ने कोलंबो में उनका स्वागत किया।

कोलंबो, 10 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा मंगलवार को 'बिम्स्टेक स्वास्थ्य मंत्रियों की पहली बैठक' में भाग लेने के लिए श्रीलंका की राजधानी कोलंबो पहुंचे। श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा ने कोलंबो में उनका स्वागत किया।

नड्डा ने कहा कि वह 'बिम्स्टेक' सदस्य देशों के अपने समकक्ष मंत्रियों के साथ क्षेत्रीय स्वास्थ्य सहयोग को मजबूत बनाने, सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ी साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने और स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतर सहयोग बढ़ाने को लेकर चर्चा करने के लिए उत्सुक हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्‍ट पर लिखा, "मैं 'बिम्स्टेक' स्वास्थ्य मंत्रियों की ऐतिहासिक पहली बैठक में भाग लेने के लिए कोलंबो, श्रीलंका पहुंचा हूं। सदस्य देशों के अपने समकक्षों के साथ क्षेत्रीय स्वास्थ्य सहयोग को मजबूत करने, सार्वजनिक स्वास्थ्य की साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने और स्वास्थ्य क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा का इंतजार है।"

नड्डा ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'नेबरहुड फर्स्ट' और 'एक्ट ईस्ट' नीति के मार्गदर्शन में भारत एक स्वस्थ, मजबूत और समृद्ध 'बिम्स्टेक' क्षेत्र के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।"

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा क्षेत्रीय स्वास्थ्य सहयोग को मजबूत करने, सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े साझा मुद्दों पर काम करने और श्रीलंका सहित 'बिम्स्टेक' देशों के साथ भारत की स्वास्थ्य साझेदारी को और गहरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मंत्रालय ने 'एक्स' पोस्‍ट पोस्ट करते हुए ल‍िखा, "केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा 'बिम्स्टेक' स्वास्थ्य मंत्रियों की पहली ऐतिहासिक बैठक में भाग लेने के लिए कोलंबो पहुंचे हैं। यह यात्रा क्षेत्रीय स्वास्थ्य सहयोग को मजबूत करने और सदस्य देशों के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।"

इस बीच, 'बिम्स्टेक' स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक की तैयारियों के तहत मंगलवार को कोलंबो में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक भी शुरू हुई।

श्रीलंका के समाचार मंच 'अदा डेराना' के अनुसार, बैठक में क्षेत्र के सामने मौजूद साझा स्वास्थ्य चुनौतियों की पहचान, उनसे निपटने के लिए संयुक्त प्रयासों को मजबूत करने और सदस्य देशों के बीच तकनीकी विशेषज्ञता के आदान-प्रदान पर चर्चा की जा रही है।

बैठक में संक्रामक बीमारियों और महामारी की रोकथाम एवं नियंत्रण, सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थितियों से निपटने की तैयारी, रोग निगरानी प्रणाली को मजबूत बनाने और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सक्षम और लचीला बनाने जैसे मुद्दों पर भी विचार किया जाएगा।

इसके अलावा डिजिटल स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सा अनुसंधान, एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस, जलवायु परिवर्तन के स्वास्थ्य पर प्रभाव, 'वन हेल्थ' दृष्टिकोण तथा पारंपरिक चिकित्सा को बढ़ावा देने जैसे विषय भी चर्चा का हिस्सा होंगे। 'वन हेल्थ' एक ऐसा दृष्टिकोण है जो इंसानों, जानवरों और पर्यावरण के स्वास्थ्य को एक-दूसरे से जुड़ा हुआ मानता है और इन सभी क्षेत्रों में मिलकर काम करने पर जोर देता है।

'बिम्स्टेक' देशों के बीच यह पहल स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने, भविष्य की स्वास्थ्य चुनौतियों से मिलकर मुकाबला करने और पूरे क्षेत्र के लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

Share this story

Tags