Samachar Nama
×

गुजरात में 'ऑपरेशन हेल्थ' उपभोक्ताओं को आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट के बीच अंतर समझाएगी

गांधीनगर, 18 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात सरकार ने उपभोक्ताओं की मदद के लिए राज्यव्यापी जनजागरुकता अभियान शुरू किया है, ताकि वे आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट के बीच का अंतर समझ सकें। स्वास्थ्य विभाग ने पाया है कि कई लोग इन दोनों उत्पादों को खरीदते और खाते हैं जबकि उन्हें इनकी बनावट में मौजूद अंतर की जानकारी ही नहीं होती।

गांधीनगर, 18 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात सरकार ने उपभोक्ताओं की मदद के लिए राज्यव्यापी जनजागरुकता अभियान शुरू किया है, ताकि वे आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट के बीच का अंतर समझ सकें। स्वास्थ्य विभाग ने पाया है कि कई लोग इन दोनों उत्पादों को खरीदते और खाते हैं जबकि उन्हें इनकी बनावट में मौजूद अंतर की जानकारी ही नहीं होती।

'ऑपरेशन हेल्थ' नामक यह अभियान राज्य के स्वास्थ्य विभाग और खाद्य एवं औषधि नियंत्रण प्रशासन द्वारा शुरू किया गया है।

यह निर्णय स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पानशेरिया की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में लिया गया जिसमें वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल थे। बैठक में उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा और खाद्य उत्पादों में पारदर्शिता लाने पर चर्चा की गई।

दोनों के बीच का अंतर बताते हुए पानशेरिया ने कहा कि 'खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006' के तहत आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट, दोनों ही खाद्य उत्पाद माने जाते हैं। हालांकि, आइसक्रीम दूध के वसा से बनती है जबकि फ्रोजन डेजर्ट में वनस्पति वसा का इस्तेमाल होता है।

उन्होंने कहा कि चूंकि ये दोनों उत्पाद दिखने, स्वाद और ठंडक देने के मामले में एक जैसे होते हैं, इसलिए उपभोक्ता अक्सर मान लेते हैं कि दोनों ही आइसक्रीम हैं।

स्वास्थ्य विभाग के आकलन के अनुसार, कई उपभोक्ताओं को इस अंतर के बारे में पता नहीं है और वे फ्रोजन डेजर्ट को आइसक्रीम समझकर खरीद सकते हैं।

मंत्री ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे कोई भी उत्पाद खरीदने से पहले उसके लेबल को जरूर देखें, खासकर उत्पाद का नाम, उसमें इस्तेमाल की गई सामग्री की सूची और पोषण संबंधी जानकारी।

उन्होंने कहा कि खरीदारों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि खाद्य उत्पाद तय किए गए खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हों। साथ ही, उन्हें आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट में इस्तेमाल की गई सामग्री पर भी ध्यान देना चाहिए। इस अभियान में खुदरा विक्रेताओं को भी शामिल किया जाएगा।

पानशेरिया ने खुली आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट बेचने वाले दुकानदारों से अपील की कि वे ग्राहकों को इन उत्पादों की सामग्री के बारे में स्पष्ट रूप से बताएं। उपभोक्ताओं के बीच भ्रम को रोकने के लिए, जहां ये उत्पाद बेचे जाते हैं, वहां उचित डिस्प्ले बोर्ड या निशान लगाए जाने चाहिए।

पहले चलाए गए जागरूकता अभियानों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में मीडिया कवरेज की मदद से लोगों को 'एनलॉग पनीर' चीज और बटर के बारे में बेहतर समझ मिली है। इसी तरह, आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट के बीच का अंतर समझाने के लिए भी ऐसे ही प्रयासों की जरूरत है।

पानशेरिया ने शिक्षित नागरिकों और सोशल मीडिया यूजर्स से भी अपील की कि वे इन दोनों उत्पादों के बारे में जानकारी साझा करके इस अभियान में हिस्सा लें ताकि यह जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके। विभाग ने स्पष्ट किया कि किसी उत्पाद को फ्रोजन डेजर्ट की श्रेणी में रखे जाने का मतलब यह नहीं है कि वह मिलावटी या असुरक्षित है।

अगर फ्रोजन डेजर्ट तय किए गए खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों का पालन करते हैं तो उन्हें कानूनी रूप से बेचा जा सकता है। आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट, दोनों की गुणवत्ता और पोषण मूल्य इस बात पर निर्भर करते हैं कि उनमें क्या सामग्री इस्तेमाल की गई है और उन्हें किस तरह से बनाया गया है।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम

Share this story

Tags