Fat Loss और Unhealthy Body: जानिए कितना फैट घटाना सेहत के लिए सही है और कितना खतरनाक?
आजकल फिट और स्लिम दिखने के लिए बड़ी संख्या में लोग वजन कम करने और शरीर की चर्बी घटाने पर ध्यान दे रहे हैं। लेकिन क्या शरीर में मौजूद फैट जितना कम हो, सेहत के लिए उतना ही अच्छा होता है? एक्सपर्ट्स के मुताबिक, ऐसा जरूरी नहीं है। शरीर के लिए एक निश्चित मात्रा में फैट जरूरी होता है और इसे पूरी तरह खत्म करना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है।सीके बिड़ला हॉस्पिटल के डायबिटीज, ओबेसिटी एंड मेटाबॉलिज्म क्लिनिक के डायरेक्टर डॉ. पारस अग्रवाल के मुताबिक, शरीर का फैट केवल अतिरिक्त वजन नहीं है। यह शरीर में ऊर्जा को स्टोर करने के साथ-साथ हार्मोनल बैलेंस और कई जरूरी शारीरिक प्रक्रियाओं में भी भूमिका निभाता है।
शरीर में फैट क्यों जरूरी है?
फैट शरीर के लिए एक तरह के एनर्जी रिजर्व का काम करता है। इसके अलावा फैट टिशू एक एक्टिव एंडोक्राइन ऑर्गन भी है, जो लेप्टिन और एडिपोनेक्टिन जैसे हार्मोन और सिग्नलिंग मॉलिक्यूल्स बनाता है।ये शरीर के एनर्जी बैलेंस, मेटाबॉलिज्म और रिप्रोडक्टिव फंक्शन जैसी कई प्रक्रियाओं को प्रभावित करते हैं। इसलिए वजन कम करने का लक्ष्य केवल मशीन पर दिखने वाले वजन तक सीमित नहीं होना चाहिए। शरीर में मसल्स और फैट का स्वस्थ संतुलन यानी हेल्दी बॉडी कंपोजिशन बनाए रखना ज्यादा महत्वपूर्ण है।
जरूरत से ज्यादा फैट कम करने पर क्या हो सकता है?
अगर कोई व्यक्ति लंबे समय तक बहुत कम कैलोरी लेता है, जरूरत से ज्यादा डाइटिंग करता है या अत्यधिक एक्सरसाइज के साथ तेजी से वजन घटाता है, तो शरीर को पर्याप्त ऊर्जा नहीं मिल पाती।ऐसी स्थिति में सिर्फ फैट ही नहीं, बल्कि शरीर के सामान्य फिजियोलॉजिकल फंक्शन भी प्रभावित हो सकते हैं। कम एनर्जी उपलब्धता और अत्यधिक फैट लॉस को हार्मोनल बदलाव, रिप्रोडक्टिव हेल्थ, हड्डियों की मजबूती और इम्यून फंक्शन से जुड़े असर से जोड़ा गया है।खासकर महिलाओं में बहुत कम कैलोरी और अत्यधिक कम बॉडी फैट की स्थिति में पीरियड्स अनियमित होने या बंद होने जैसी समस्या देखी जा सकती है।
हड्डियों की सेहत पर भी असर
लंबे समय तक शरीर में एनर्जी की कमी रहने से कुछ जरूरी हार्मोन, जैसे एस्ट्रोजन, प्रभावित हो सकते हैं। इसका असर हड्डियों की सेहत पर भी पड़ सकता है और लंबे समय में लो बोन डेंसिटी और ऑस्टियोपोरोसिस का जोखिम बढ़ सकता है।इसलिए सिर्फ पतला दिखने के लिए लगातार बॉडी फैट कम करते रहना जरूरी नहीं कि सेहत के लिए बेहतर रणनीति हो। वजन घटाते समय पर्याप्त पोषण, सही एक्सरसाइज और शरीर में स्वस्थ फैट-मसल्स बैलेंस बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है।

