Samachar Nama
×

क्या गन्ने का जूस पीने से बड़ जाता है शुगर लेवल? जाने एक्सपर्ट्स की सलाह 

;

हेल्थ न्यूज़ डेस्क,देशभर में भीषण गर्मी पड़ रही है। कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री को पार कर गया है। अधिक गर्मी के कारण शरीर में पानी की कमी हो जाती है। ऐसे में लोग शरीर को ठंडा और हाइड्रेट रखने के लिए लिक्विड डाइट लेना पसंद करते हैं। बढ़ती गर्मी के कारण लोग गन्ने का जूस भी पी रहे हैं, लेकिन कुछ लोग इसे अधिक मात्रा में भी पी रहे हैं। ऐसे में भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद यानी ICMR ने गन्ने के जूस को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

ICMR के मुताबिक गन्ने के जूस का अधिक सेवन सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि इसमें चीनी की मात्रा अधिक होती है, जो सेहत को नुकसान पहुंचा सकती है। ICMR ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन के साथ मिलकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसमें गन्ने के जूस का भी जिक्र है। ICMR ने इसका सेवन कम मात्रा में करने की सलाह दी है। अब सवाल उठता है कि गन्ने के जूस में कितनी चीनी होती है। आइए जानते हैं।

कितनी होती है चीनी की मात्रा?

ICMR ने कहा है कि एक वयस्क व्यक्ति को 24 घंटे में 30 ग्राम से अधिक चीनी का सेवन नहीं करना चाहिए। इसके अलावा 7 से 10 साल के बच्चों के लिए यह मात्रा 24 ग्राम है। ICMR ने बताया है कि 100 मिली गन्ने के जूस में 13 से 15 ग्राम शुगर होती है। ऐसे में अगर आप ज्यादा गन्ने का जूस पीते हैं तो इससे शरीर में शुगर की मात्रा बढ़ सकती है। लंबे समय तक गन्ने का जूस पीने से डायबिटीज का खतरा रहता है। जिन लोगों को पहले से डायबिटीज है, उन्हें गन्ने का जूस नुकसान पहुंचा सकता है।

क्या कहते हैं विशेषज्ञ

दिल्ली के लेडी हार्डिंग मेडिकल अस्पताल में मेडिसिन विभाग के डॉ. एसएल घोटेकर का कहना है कि डायबिटीज के मरीजों को ज्यादा मात्रा में गन्ने का जूस पीने से बचना चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि इसमें नेचुरल शुगर होती है। गन्ने के जूस में ग्लाइसेमिक कंटेंट भी काफी होता है। इससे डायबिटीज के मरीजों का ब्लड शुगर लेवल तेजी से बढ़ सकता है। ऐसे में डायबिटीज के मरीजों को इस जूस से दूर रहना चाहिए। अगर आपको इसे पीने का मन भी हो तो आपको अपने डॉक्टर की सलाह पर ही इसे पीना चाहिए।जिन लोगों को डायबिटीज नहीं है, उन्हें भी सीमित मात्रा में गन्ने का जूस पीना चाहिए। दिन में एक गिलास जूस काफी है। लेकिन इसे रोज न पिएं। आप दो से तीन दिन में एक बार एक गिलास जूस पी सकते हैं। इससे कोई नुकसान नहीं होगा, लेकिन अगर जूस पीने से आपका शुगर लेवल अचानक बढ़ जाता है तो इसे न पिएं।

Share this story

Tags