Colorectal Cancer: युवाओं में भी बढ़ रहा है बड़ी आंत का कैंसर, इन 5 लक्षणों को गैस या बवासीर समझकर न करें नजरअंदाज
पहले माना जाता था कि कैंसर उम्र बढ़ने के साथ होने वाली बीमारी है और इसका खतरा 45-50 साल के बाद अधिक रहता है। लेकिन अब कम उम्र के लोगों में भी कैंसर के मामले सामने आ रहे हैं। कोलोरेक्टल कैंसर यानी बड़ी आंत का कैंसर भी ऐसी ही बीमारी है, जिसके मामले युवाओं में चिंता बढ़ा रहे हैं।
गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ सेठी के मुताबिक, 20, 30 और 40 साल की उम्र के लोगों में भी कोलोरेक्टल कैंसर के मामले देखे जा रहे हैं। सबसे बड़ी परेशानी यह है कि कई युवा इसके शुरुआती लक्षणों को गैस, बवासीर या इरिटेबल बाउल सिंड्रोम (IBS) समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। इससे बीमारी की पहचान में देरी हो सकती है।ऐसे में शरीर में दिखने वाले कुछ बदलावों पर ध्यान देना जरूरी है। आइए जानते हैं कोलोरेक्टल कैंसर के 5 ऐसे संभावित चेतावनी संकेत, जिन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
1. मल में खून आना
मल में खून दिखाई देना कोलोरेक्टल कैंसर का एक महत्वपूर्ण चेतावनी संकेत हो सकता है। अगर टॉयलेट के दौरान खून आए, मल में खून मिला हुआ दिखाई दे या मल का रंग काला हो जाए, तो इसे केवल बवासीर मानकर नजरअंदाज न करें।
कम उम्र में भी इस तरह की समस्या होने पर डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। हालांकि, मल में खून आने के पीछे बवासीर, संक्रमण और दूसरी आंत संबंधी समस्याएं भी हो सकती हैं। सही कारण जानने के लिए जांच जरूरी है।
2. बार-बार पेट में दर्द होना
कभी-कभार पेट में दर्द होना सामान्य हो सकता है, लेकिन अगर दर्द बार-बार हो रहा है, लंबे समय तक बना रहता है या धीरे-धीरे बढ़ रहा है, तो इसकी जांच करानी चाहिए।
खासकर तब, जब दवा लेने के बाद भी आराम न मिले या कुछ समय बाद दर्द दोबारा शुरू हो जाए। लगातार पेट दर्द को सिर्फ गैस या अपच समझकर टालना सही नहीं है।
3. बिना कोशिश के वजन कम होना
अगर आपने अपनी डाइट में कोई बदलाव नहीं किया है और न ही एक्सरसाइज शुरू की है, फिर भी आपका वजन लगातार घट रहा है, तो इस पर ध्यान देना चाहिए।
बिना वजह वजन कम होने के साथ पेट फूलना, भूख कम लगना, गैस या पेट से जुड़ी दूसरी परेशानियां भी हों, तो डॉक्टर से जांच कराएं। अनजाने में वजन घटना कई स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत हो सकता है, जिनमें कैंसर भी शामिल है।
4. मल त्याग की आदत में अचानक बदलाव
हर व्यक्ति की मल त्याग की आदत अलग होती है। किसी को दिन में एक बार तो किसी को दो बार टॉयलेट जाना पड़ सकता है। लेकिन अगर आपकी सामान्य आदत में अचानक बदलाव आता है और यह समस्या लगातार बनी रहती है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
इसके कुछ संकेत हैं:
-
पहले सामान्य मल आता था, लेकिन अब लगातार कब्ज रहने लगा है।
-
बार-बार पतला मल या दस्त हो रहे हैं।
-
टॉयलेट जाने की आवृत्ति अचानक बदल गई है।
-
मल त्याग के बाद भी पेट पूरी तरह साफ न होने का एहसास होता है।
ऐसे लक्षणों को केवल IBS या सामान्य पाचन समस्या मानकर न टालें। लगातार बदलाव होने पर चिकित्सकीय सलाह लें।
5. आयरन और हीमोग्लोबिन की कमी
अगर ब्लड टेस्ट में बार-बार आयरन या हीमोग्लोबिन का स्तर कम आ रहा है, तो इसके कारण का पता लगाना जरूरी है। आयरन की कमी से शरीर में खून की कमी यानी एनीमिया हो सकता है।इसके कारण थकान, कमजोरी, चक्कर आना और सांस फूलने जैसी परेशानियां हो सकती हैं। कुछ मामलों में आंत के भीतर धीरे-धीरे रक्तस्राव होने से आयरन की कमी हो सकती है। इसलिए बार-बार आयरन की कमी सामने आने पर केवल सप्लीमेंट लेना पर्याप्त नहीं है। डॉक्टर से इसकी वजह की जांच करानी चाहिए।
युवाओं को क्यों सावधान रहने की जरूरत है?
कोलोरेक्टल कैंसर के शुरुआती लक्षण कई बार सामान्य पाचन संबंधी समस्याओं जैसे दिखाई देते हैं। यही वजह है कि लोग लंबे समय तक इन्हें नजरअंदाज करते रहते हैं। बीमारी का जल्दी पता चलना इलाज के विकल्पों और बेहतर परिणामों के लिए महत्वपूर्ण होता है।अगर मल में खून, लगातार पेट दर्द, बिना वजह वजन घटना, मल त्याग की आदत में बदलाव या आयरन की कमी जैसी परेशानी बनी हुई है, तो डॉक्टर से संपर्क करें। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर कोलोनोस्कोपी या दूसरी जांच कराने की सलाह दे सकते हैं।

