कैंसर जैसी बीमारी रातों-रात नहीं होती, ये हमारी आदतों, तनाव और जीवनशैली से जुड़े खराब फैसलों का नतीजा : जोंटी रोड्स
मुंबई, 12 अगस्त (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जोंटी रोड्स ने बताया कि कैंसर जैसी बीमारी रातों-रात नहीं होती है, बल्कि यह खराब अदातों, तनाव और लाइफस्टाइल से जुड़े गलत फैसलों का नतीजा होती है। उन्होंने लोगों को अच्छी जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
करियर के दौरान अपनी शानदार फील्डिंग के लिए मशहूर रहे जोंटी रोड्स एसएसओ कैंसर अस्पताल के ब्रांड एम्बेसडर हैं। उन्होंने हॉस्पिटल द्वारा आयोजित किए गए एक कार्यक्रम में कैंसर को लेकर बात करते हुए कहा, "जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के बारे में यही दिलचस्प बात है, और यहां हम खास तौर पर कैंसर की बात कर रहे हैं। आप जानते हैं कि ये बीमारियां हमेशा रातों-रात नहीं होतीं, ये उन आदतों, शरीर पर पड़ने वाले तनाव और जीवनशैली से जुड़े हमारे फैसलों का नतीजा होती हैं, जिन्हें हम अपनाते हैं।"
साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर ने आगे कहा, "हॉकी और क्रिकेट खिलाड़ी होने के नाते मैं भाग्यशाली रहा कि फिटनेस हमेशा ही मेरी जीवनशैली का हिस्सा रहा। मैं ऐसा नहीं कह रहा हूं कि फिट लोगों को कैंसर नहीं होता है, लेकिन मैं हमेशा ही उन विकल्पों के बारे में जागरूक था, जिन्हें मैं अपनाता था। मैंने और मेरी पत्नी ने अपने बच्चों को भी हमेशा ही मुश्किल विकल्पों को चुनना सिखाया है, क्योंकि इन सही विकल्पों को चुनने से उनको भविष्य में दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।"
जोंटी रोड्स ने कहा, "मैं साल के पांच महीने अपने परिवार के साथ भारत में रहता हूं, इसलिए भारत के मामले में मैं सिर्फ एक पर्यटक नहीं हूं। जब आप किसी देश में रहते हैं, तो आपको अपने आस-पास हो रही चीजों के बारे में अच्छी तरह पता चल जाता है। मेरे परिवार में किसी को कैंसर नहीं हुआ है, लेकिन मैं जानता हूं कि आजकल हमारे में से बहुत से लोग जिस तरह की जीवनशैली अपना रहे हैं, उसमें कैंसर बहुत आम हो गया है। इसी कारण मुझे लगता है कि इस नजरिए से, मुझे जो जानकारी है, वह इसलिए नहीं है कि मैं खुद इससे प्रभावित हुआ हूं, बल्कि इसका मकसद लोगों को यह समझाना है कि कैंसर के बारे में इस तरह की जागरूकता से लोगों के पास कई विकल्प मौजूद हैं।"
रोड्स ने कहा कि कैंसर का इलाज संभव है और लोगों को इससे डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत में कैंसर का इलाज करने के लिए कई शानदार डॉक्टर मौजूद हैं, लेकिन एसएसओ कैंसर हॉस्पिटल खासतौर पर इसी बीमारी का इलाज करने के लिए तैयार किया गया है और इसी कारण वह इस अस्पताल से जुड़े हैं।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम

