₹47 हजार का टूथब्रश! कैमरा और AI से दांतों के बीच की सफाई, जानें कैसे करता है काम
आमतौर पर टूथब्रश की कीमत 10-20 रुपये से शुरू होकर इलेक्ट्रिक टूथब्रश के लिए कुछ हजार रुपये तक जाती है। लेकिन अब बाजार में एक ऐसा इलेक्ट्रिक टूथब्रश आया है, जिसकी कीमत सुनकर आप भी हैरान हो सकते हैं। टेक कंपनी Dyson ने करीब 47 हजार रुपये की कीमत वाला CameraJet इलेक्ट्रिक टूथब्रश पेश किया है।
इस खास टूथब्रश में इन-बिल्ट कैमरा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और माउथवॉश जेट दिया गया है। इसका उद्देश्य ब्रश करते समय दांतों के बीच की उन जगहों को पहचानना और साफ करना है, जहां सामान्य ब्रश आसानी से नहीं पहुंच पाता। हालांकि, इसकी कीमत और कैमरा फीचर को लेकर सोशल मीडिया पर लोग सवाल भी उठा रहे हैं कि आखिर टूथब्रश में कैमरे की जरूरत क्यों पड़ी?
हर सेकंड 28 तस्वीरें खींचता है कैमरा
Dyson ने CameraJet को करीब 6 साल के रिसर्च और डेवलपमेंट के बाद 1 सितंबर को पेरिस में पेश किया। कंपनी के मुताबिक, इस डिवाइस को खास तौर पर दांतों के बीच मौजूद गैप्स की सफाई की समस्या को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
टूथब्रश के ब्रश हेड में 1,00,000-पिक्सल का मैक्रो कैमरा लगाया गया है। यह कैमरा हर सेकंड करीब 28 तस्वीरें कैप्चर करता है। इसके बाद मशीन लर्निंग सिस्टम इन तस्वीरों की मदद से दांतों के बीच मौजूद खाली जगहों की पहचान करता है।
गैप मिलते ही निकलता है माउथवॉश जेट
जैसे ही सिस्टम दांतों के बीच किसी गैप को पहचानता है, इसका Gap Optical Targeting System उस जगह पर माउथवॉश का एक छोटा जेट छोड़ता है।
Dyson का दावा है कि यह जेट महज 100 मिलीसेकंड के अंदर एक्टिव हो जाता है। यानी यह डिवाइस सामान्य ब्रशिंग के साथ-साथ दांतों के बीच की सफाई पर भी फोकस करता है।
मोबाइल ऐप से देख सकेंगे मुंह का लाइव व्यू
CameraJet को Wi-Fi और Bluetooth के जरिए MyDyson ऐप से कनेक्ट किया जा सकता है। ऐप के जरिए यूजर अपने मुंह के अंदर का लाइव व्यू देख सकते हैं और ब्रशिंग के दौरान गाइडेंस भी प्राप्त कर सकते हैं।
इसके अलावा ऐप में मैप की मदद से यह भी देखा जा सकता है कि मुंह के कौन-कौन से हिस्से साफ हो चुके हैं और किन जगहों पर अभी ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है।
कंपनी के अनुसार, कैमरा सिर्फ लाइव व्यू देखने या ऑटोमैटिक जेटिंग के दौरान ही एक्टिव होता है।
कैमरे से जुड़ी प्राइवेसी पर भी कंपनी ने दी सफाई
टूथब्रश में कैमरा होने की वजह से प्राइवेसी को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। Dyson का कहना है कि कैमरे से कैप्चर की गई तस्वीरें टूथब्रश या क्लाउड पर रिकॉर्ड अथवा स्टोर नहीं की जाती हैं।
कंपनी का दावा है कि इससे यूजर की प्राइवेसी को सुरक्षित रखने में मदद मिलती है।
दो कलर में उपलब्ध होगा टूथब्रश
Dyson CameraJet को Ceramic Ultra Blue और Ceramic Pink कलर में पेश किया गया है। कंपनी इसके लिए खास तरह का लो-फोमिंग टूथपेस्ट और माउथवॉश भी तैयार कर रही है।
Dyson के मुताबिक, ज्यादा झाग बनने से कैमरे के विजुअल में रुकावट आ सकती है, इसलिए कम झाग वाले प्रोडक्ट को इसके साथ इस्तेमाल करने के लिए डिजाइन किया जा रहा है।
भारत में कब आएगा?
Dyson CameraJet की कीमत 499.99 अमेरिकी डॉलर, यानी करीब 47 हजार रुपये बताई गई है। हालांकि, भारत में यह टूथब्रश कब लॉन्च होगा और इसकी भारतीय कीमत कितनी होगी, इसकी फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
करीब 47 हजार रुपये की कीमत और कैमरा-AI जैसी तकनीक के कारण यह टूथब्रश फिलहाल एक खास तरह का प्रीमियम गैजेट नजर आता है। अब देखना होगा कि लोग दांतों की सफाई के लिए इस तरह की हाई-टेक तकनीक को कितना पसंद करते हैं।

