Samachar Nama
×

Xiaomi 17T Price Hike: फेस्टिव सीजन से पहले फिर महंगा हुआ फोन, दोनों मॉडल की कीमत में ₹5,000 का इजाफा
 

Xiaomi 17T Price Hike: फेस्टिव सीजन से पहले फिर महंगा हुआ फोन, दोनों मॉडल की कीमत में ₹5,000 का इजाफा

फेस्टिव सीजन शुरू होने से पहले Xiaomi ने अपने ग्राहकों को झटका दिया है. कंपनी ने Xiaomi 17T की भारत में कीमत एक बार फिर बढ़ा दी है. फोन के 12GB रैम वाले दोनों स्टोरेज वेरिएंट अब पहले की तुलना में 5,000 रुपये महंगे हो गए हैं. नई कीमतें 1 अक्टूबर से लागू हैं और Xiaomi के ऑनलाइन स्टोर के अलावा Amazon India पर भी अपडेटेड प्राइस दिखाई दे रही है.
Xiaomi 17T की नई कीमत
कीमत बढ़ने के बाद Xiaomi 17T के 12GB रैम + 256GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 69,999 रुपये हो गई है. इससे पहले यह वेरिएंट 64,999 रुपये में उपलब्ध था.
वहीं, 12GB रैम + 512GB स्टोरेज मॉडल अब 74,999 रुपये में मिलेगा. पहले इसकी कीमत 69,999 रुपये थी. यानी दोनों मॉडल पर सीधे 5,000 रुपये की बढ़ोतरी की गई है.
लॉन्च के मुकाबले ₹10 हजार महंगा हुआ फोन
Xiaomi 17T को भारत में जून में लॉन्च किया गया था. उस समय इसके 256GB मॉडल की कीमत 59,999 रुपये और 512GB मॉडल की कीमत 64,999 रुपये रखी गई थी.
जुलाई में कंपनी ने दोनों वेरिएंट की कीमत में 5,000 रुपये की बढ़ोतरी की थी. अब अक्टूबर में एक बार फिर 5,000 रुपये बढ़ाए गए हैं. इस तरह लॉन्च कीमत की तुलना में दोनों मॉडल कुल 10,000 रुपये महंगे हो चुके हैं.
फोन को भारत में ब्लैक, ब्लू और वायलेट कलर ऑप्शन में पेश किया गया है.
Xiaomi 17T के स्पेसिफिकेशन
Xiaomi 17T में 6.59 इंच का AMOLED डिस्प्ले मिलता है. यह 1.5K रेजोल्यूशन और 120Hz अडेप्टिव रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है. स्क्रीन की सुरक्षा के लिए Corning Gorilla Glass 7i दिया गया है.
परफॉर्मेंस के लिए फोन में MediaTek Dimensity 8500-Ultra चिपसेट दिया गया है. इसमें 12GB LPDDR5x रैम और 512GB तक UFS 4.1 स्टोरेज का विकल्प मिलता है.
Leica कैमरा और 6,500mAh बैटरी
फोटोग्राफी के लिए Xiaomi 17T में Leica-ब्रांडेड रियर कैमरा सेटअप दिया गया है. इसमें 50MP Light Fusion 800 मुख्य कैमरा, 50MP पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा और 12MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा शामिल हैं. सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फोन में 32MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है.
फोन में 6,500mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी मिलती है, जो 67W फास्ट चार्जिंग और 22.5W रिवर्स चार्जिंग सपोर्ट करती है. बढ़ी हुई कीमत के बाद अब ग्राहकों को फोन खरीदने के लिए पहले की तुलना में ज्यादा बजट रखना होगा.
 

Share this story

Tags