Samachar Nama
×

WhatsApp यूजर्स सावधान! CERT-In ने जारी किया हाई सिक्योरिटी अलर्ट, हैकर्स चुरा सकते हैं निजी जानकारी; तुरंत अपडेट करें ऐप

WhatsApp यूजर्स सावधान! CERT-In ने जारी किया हाई सिक्योरिटी अलर्ट, हैकर्स चुरा सकते हैं निजी जानकारी; तुरंत अपडेट करें ऐप

WhatsApp और WhatsApp Business इस्तेमाल करने वाले करोड़ों यूजर्स के लिए साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने चेतावनी जारी की है। एजेंसी ने ऐप के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कई गंभीर सुरक्षा खामियों की पहचान की है। इन कमजोरियों का फायदा उठाकर साइबर अपराधी यूजर्स की निजी जानकारी तक पहुंचने, ऐप के डेटा में बदलाव करने और सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देने की कोशिश कर सकते हैं।

CERT-In ने 26 नवंबर 2026 को CIVN-2026-0576 नंबर के तहत यह अलर्ट जारी किया है। इसमें Android, iOS, Windows और Mac पर चलने वाले WhatsApp और WhatsApp Business के प्रभावित वर्जन का जिक्र किया गया है। एजेंसी ने यूजर्स और संगठनों को सलाह दी है कि वे ऐप का लेटेस्ट सिक्योरिटी अपडेट जल्द से जल्द इंस्टॉल करें।

WhatsApp ने भी अपने नवंबर 2026 के सिक्योरिटी अपडेट में तीन कमजोरियों की जानकारी दी है। इनमें SQL इंजेक्शन, सर्टिफिकेट चेन की गलत जांच और विज्ञापन से जुड़े रिप्लाई URL की अधूरी जांच जैसी समस्याएं शामिल हैं। 

WhatsApp की फाइलें डिलीट कर सकता था हैकर

WhatsApp में सामने आई एक खामी SQL इंजेक्शन से जुड़ी थी। इसे CVE-2026-102769 नाम दिया गया है। WhatsApp के मुताबिक, Android ऐप के पुराने वर्जन में कोई यूजर अनऑफिशियल क्लाइंट से भेजे गए खास तरह के 'ऑर्डर डिटेल्स' मैसेज पर टैप करता, तो हमलावर डिवाइस में सेव WhatsApp की फाइलें डिलीट कर सकता था।

कुछ खास परिस्थितियों में मैसेज डिलीवरी की टाइमिंग के जरिए चैट डेटाबेस से जुड़ी सीमित जानकारी भी लीक हो सकती थी। हालांकि, WhatsApp ने कहा है कि इस कमजोरी का बड़े स्तर पर गलत इस्तेमाल किए जाने का कोई सबूत नहीं मिला है।

सर्टिफिकेट की जांच में मिली दूसरी खामी

दूसरी कमजोरी CVE-2026-44908 से जुड़ी है। यह WhatsApp के रिमोट-अटेस्टेशन वेरिफायर में सर्टिफिकेट चेन की सही जांच न होने के कारण सामने आई थी।

इस खामी का फायदा उठाकर Meta के इंफ्रास्ट्रक्चर के भीतर मौजूद कोई व्यक्ति हार्डवेयर सुरक्षा जांच को चकमा देने की कोशिश कर सकता था। हालांकि, WhatsApp के मुताबिक उसके ट्रांसपेरेंसी लेजर में अब तक जारी सभी VCEK सर्टिफिकेट सही हार्डवेयर सुरक्षा नियमों का पालन करते पाए गए हैं। कंपनी ने इस मामले में भी किसी वास्तविक हमले का सबूत नहीं मिलने की बात कही है।

विज्ञापन के रिप्लाई लिंक से लीक हो सकती थी IP जानकारी

तीसरी खामी CVE-2026-23871 के नाम से दर्ज है। यह WhatsApp और WhatsApp Business के Android वर्जन में बाहरी विज्ञापन-रिप्लाई URL की अधूरी जांच से जुड़ी है।

इस कमजोरी के जरिए हमलावर खास तरह का 'Click to WhatsApp' विज्ञापन रिप्लाई मैसेज भेज सकता था। अगर ऐसा मैसेज चैट में दिखाई देता और उसमें मौजूद मीडिया किसी हमलावर के नियंत्रण वाले URL से जुड़ा होता, तो यूजर के डिवाइस की IP जानकारी सामने आने का खतरा था।WhatsApp ने बताया कि इस समस्या का कुछ खास स्पैम मैसेज के साथ दुरुपयोग हुआ हो सकता है।

किन WhatsApp वर्जन पर है खतरा?

CERT-In ने WhatsApp और WhatsApp Business के कई पुराने वर्जन को प्रभावित बताया है। इनमें Android, iOS और डेस्कटॉप ऐप शामिल हैं।

यूजर्स को अपने डिवाइस पर ऐप का वर्जन चेक करना चाहिए। CERT-In की एडवाइजरी में दिए गए प्रभावित वर्जन की जानकारी इस प्रकार है:

  • WhatsApp Android: 2.26.35.74 और 2.26.17.4 से पुराने प्रभावित वर्जन

  • WhatsApp Business Android: 2.26.23.70 और 2.26.17.4 से पुराने प्रभावित वर्जन

  • WhatsApp iOS: 2.26.24.72 और 2.26.15.72 से पुराने प्रभावित वर्जन

  • WhatsApp Business iOS: 2.26.23.72 से पुराने वर्जन

  • WhatsApp Mac Desktop: 2.26.23.72 से पुराने वर्जन

  • WhatsApp Windows: 2.3000.1032164386.258709 से पुराने वर्जन

इन कमजोरियों से बचने के लिए प्रभावित ऐप्स को संबंधित प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध सुरक्षित और नए वर्जन से अपडेट करना जरूरी है।

WhatsApp यूजर्स कैसे रहें सुरक्षित?

CERT-In ने सभी प्रभावित यूजर्स और संगठनों को WhatsApp की ओर से जारी सिक्योरिटी अपडेट इंस्टॉल करने की सलाह दी है। इसके लिए ये कदम उठाएं:

  1. Android यूजर्स Google Play Store खोलकर WhatsApp का अपडेट चेक करें।

  2. iPhone यूजर्स Apple App Store पर जाकर ऐप का लेटेस्ट वर्जन इंस्टॉल करें।

  3. Windows और Mac यूजर्स अपने डेस्कटॉप ऐप को अपडेट करें।

  4. WhatsApp केवल आधिकारिक ऐप स्टोर या कंपनी की वेबसाइट से ही डाउनलोड करें।

  5. किसी अनजान व्यक्ति की ओर से भेजे गए संदिग्ध लिंक, फाइल या मैसेज पर क्लिक करने से बचें।

  6. किसी भी अनऑफिशियल WhatsApp ऐप या मॉडिफाइड वर्जन का इस्तेमाल न करें।

यूजर्स के लिए क्यों जरूरी है अपडेट करना?

WhatsApp का इस्तेमाल निजी बातचीत, फोटो, वीडियो, दस्तावेज और बैंकिंग से जुड़े मैसेज साझा करने के लिए भी किया जाता है। ऐसे में ऐप की सुरक्षा में कमी यूजर्स की प्राइवेसी और डेटा के लिए जोखिम पैदा कर सकती है।

इसलिए सिर्फ ऑटोमैटिक अपडेट पर निर्भर रहने के बजाय समय-समय पर ऐप स्टोर में जाकर अपडेट की जांच करना बेहतर है। CERT-In की चेतावनी के बाद यूजर्स को अपने WhatsApp और WhatsApp Business ऐप का वर्जन जरूर चेक करना चाहिए।

Share this story

Tags