मेटा ने भारत में लॉन्च किया 30 हजार रुपये का ‘चश्मा’, फोन काल-म्यूजिक करेगा कंट्रोल

मेटा ने भारत में अपना AI स्मार्ट ग्लास लॉन्च किया है। कंपनी ने ये चश्मा रे-बैन के सहयोग से विकसित किया है। भारत में रे-बैन मेटा स्मार्ट ग्लास कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। यहां आपको विभिन्न चश्मे और डिजाइनों का विकल्प मिलता है। कंपनी ने आकर्षक कीमत पर रे-बैन मेटा स्मार्ट ग्लास लॉन्च किया है। इस डिवाइस का अनावरण 2023 में किया गया था, जिसे कंपनी ने पिछले साल कई बाजारों में लॉन्च किया था। इसमें आपको मेटा एआई का फंक्शन मिलता है जिसकी मदद से आप कई काम कर सकते हैं। आइए जानते हैं रे-बैन मेटा स्मार्ट ग्लासेस की कीमत और अन्य डिटेल्स।
इसकी विशेषताएं क्या हैं?
रे-बैन मेटा स्मार्ट ग्लास कई विशेषताओं के साथ आते हैं। इसमें एक इन-बिल्ट कैमरा है जो आपको बताता है कि आप क्या देख रहे हैं। आप इससे संगीत को नियंत्रित कर सकते हैं। यह आपके लिए फोटो और वीडियो बना सकता है। हालाँकि, यह आपको केवल वर्टिकल फोटो और वीडियो क्लिक करने का विकल्प देता है। इसकी सहायता से रिकॉर्ड किए गए वीडियो प्रथम व्यक्ति के दृष्टिकोण से होते हैं। यानी आप क्या देख रहे, यह उसी एंगल से वीडियो रिकॉर्ड करता है। यह बिल्ट-इन स्पीकर के साथ आता है, जो आपको ऑडियो प्लेबैक और कॉलिंग में मदद करता है। इसमें 12MP का कैमरा है।
यह डिवाइस क्वालकॉम स्नैपड्रैगन AR1 Gen1 प्लेटफॉर्म पर काम करता है। इसके साथ ही आपको एक सामान्य सा दिखने वाला चार्जिंग केस मिलता है, जिसकी मदद से आप चश्मे को चार्ज कर पाएंगे। इसमें आपको IPX4 वाटर रेसिस्टेंट फीचर मिलता है। आप रे-बैन मेटा चश्मे की मदद से फेसबुक या इंस्टाग्राम पर रियल-टाइम स्ट्रीमिंग भी कर सकते हैं।
मूल्य कितना है?
रे-बैन मेटा स्मार्ट ग्लासेस को कंपनी ने 29,900 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया है। आपको 35,700 रुपये तक का विकल्प मिलता है। ये कीमतें डिजाइन और रंग पर निर्भर करती हैं। आप फिलहाल इन चश्मों को Ray-Ban.com से ऑर्डर कर सकते हैं।