बढ़ते AI से सुरक्षा को खतरा? ओपनएआई प्रमुख सैम ऑल्टमैन ने साझा किया एआई सुरक्षा का नया प्लान
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की बढ़ती ताकत और उसकी तेज रफ्तार को लेकर दुनिया भर में बहस तेज हो गई है। कई रिसर्चर्स AI के भविष्य को लेकर चिंता जता चुके हैं। अब OpenAI के CEO Sam Altman ने भी AI की सुरक्षा और इसके बढ़ते प्रभाव को लेकर अपनी चिंताएं खुलकर सामने रखी हैं।Sam Altman का कहना है कि AI को तेजी से विकसित करना जरूरी है, लेकिन इसकी रफ्तार के साथ सुरक्षा और निगरानी भी उतनी ही मजबूत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दुनिया को यह भरोसा मिलना चाहिए कि अमेरिका की AI कंपनियां लगातार बेहतर और शक्तिशाली AI सिस्टम बनाते समय जिम्मेदारी से काम कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि फ्रंटियर लेवल AI पर काम करने वाली हर लैब को लोगों का भरोसा जीतना होगा। अगर कंपनियां ऐसा करने में सफल नहीं होतीं, तो उनके काम करने का कोई मतलब नहीं रह जाता।
फ्रंटियर AI के लिए एक जैसे सुरक्षा नियमों की मांग
Sam Altman ने फ्रंटियर AI के लिए समान सुरक्षा नियमों की वकालत की है। उनका कहना है कि सरकार अगर इसके लिए एक समान फेडरल कानून बनाती है तो यह एक अच्छा कदम होगा।
हालांकि, Altman के मुताबिक कंपनियों को जिम्मेदारी से काम करने के लिए किसी कानून या विशेष छूट का इंतजार नहीं करना चाहिए। AI से जुड़े संभावित खतरों को कम करने के लिए कंपनियों को अभी से साझा सुरक्षा मानकों पर काम करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि AI के फायदे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचें, इसके लिए सुरक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी है।
AI की जांच के लिए नए सुरक्षा सिस्टम जरूरी
Sam Altman ने बताया कि AI मॉडल अब जिस तेजी से विकसित हो रहे हैं, उसे देखते हुए पुराने सुरक्षा तरीकों को और बेहतर बनाने की जरूरत है।
OpenAI में अब फ्रंटियर रीइन्फोर्समेंट लर्निंग रन शुरू करने से पहले ही एक स्पष्ट सेफ्टी केस तैयार किया जाता है। इसके अलावा मॉडल को रिलीज करने से पहले की जाने वाली सुरक्षा जांच भी जारी रहती है।
Altman चाहते हैं कि दूसरी AI कंपनियां भी अपने सुरक्षा तरीकों को साझा करें, ताकि पूरी इंडस्ट्री मिलकर बेहतर सिस्टम तैयार कर सके।
उनका मानना है कि AI मिसअलाइनमेंट, मॉनिटरिंग और सेफ्टी को लेकर साझा मानक बनाए जाने चाहिए। यानी AI की क्षमताएं जितनी तेजी से आगे बढ़ें, सुरक्षा तकनीकें उनसे पीछे नहीं रहनी चाहिए।
AI की रफ्तार रोकना नहीं, नियंत्रित करना जरूरी
Sam Altman ने यह भी स्पष्ट किया कि AI की रफ्तार को नियंत्रित करने का मतलब इसकी प्रगति को पूरी तरह रोकना नहीं है।
उनके मुताबिक AI में तेजी से विकास आगे भी जारी रहेगा, लेकिन कंपनियों को अपनी गति को इतना जरूर नियंत्रित करना चाहिए कि सुरक्षा जांच, मॉनिटरिंग और सेफ्टी सिस्टम को मजबूत करने के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
उन्होंने कहा कि इन सुरक्षा उपायों पर खर्च जरूर आएगा, लेकिन AI के सुरक्षित विकास के लिए यह लागत जरूरी है।
उनका मानना है कि अमेरिका में AI कंपनियों के बीच कड़ा मुकाबला होना अच्छी बात है, लेकिन प्रतिस्पर्धा के नाम पर लापरवाही को सही नहीं ठहराया जा सकता। AI की क्षमताएं उसकी सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था से आगे नहीं निकलनी चाहिए।
Sam Altman को सबसे ज्यादा डर किस बात का है?
Sam Altman ने AI के भविष्य को लेकर दो बड़े खतरों की ओर इशारा किया है।
पहला खतरा है इंसानों का AI पर नियंत्रण खो देना। Altman का कहना है कि भविष्य में ऐसी स्थिति नहीं आनी चाहिए जहां AI इंसानों से ज्यादा ताकतवर हो जाए और उसके फैसलों पर इंसानों का नियंत्रण कमजोर पड़ जाए।
उन्होंने साफ कहा कि AI का इस्तेमाल हमेशा इंसानों की सेवा और उनके हित में होना चाहिए। इसके लिए जरूरी है कि AI की क्षमताओं के साथ-साथ उसकी अलाइनमेंट और सेफ्टी तकनीकें भी लगातार आगे बढ़ती रहें।
दूसरा बड़ा खतरा है AI की ताकत का कुछ चुनिंदा लोगों या कंपनियों के हाथों में सिमट जाना।
अगर भविष्य में बेहद शक्तिशाली AI किसी एक व्यक्ति या कंपनी के नियंत्रण में चला जाता है और उसका इस्तेमाल अपनी विचारधारा या सोच दूसरों पर थोपने के लिए किया जाता है, तो इसके गंभीर और खतरनाक परिणाम हो सकते हैं।
इसीलिए Sam Altman का कहना है कि AI के विकास में हमें ऐसा संतुलन बनाना होगा, जहां तकनीक तेजी से आगे बढ़े, लेकिन इंसानों की सुरक्षा, नियंत्रण और स्वतंत्रता उससे पीछे न छूटे।

