केबल-DTH का खेल खत्म? बीते 4 सालों में इस 1 फॉर्मेट ने बदले टीवी देखने के सारे नियम, 3 गुना बढ़े दर्शक!
भारत में टीवी देखने का तरीका तेजी से बदल रहा है। अब दर्शक सिर्फ पारंपरिक चैनलों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इंटरनेट के जरिए बड़ी स्क्रीन पर OTT और दूसरे डिजिटल वीडियो कंटेंट को भी खूब पसंद कर रहे हैं। इसी बदलाव के बीच Connected TV (CTV) और Free Ad-Supported Streaming Television (FAST) का बाजार तेजी से विस्तार कर रहा है।
WPP Media और The Trade Desk के साथ Ormax Media की रिसर्च के मुताबिक, भारत में CTV की पहुंच करीब 20.7 करोड़ दर्शकों तक पहुंच चुकी है। यह लगभग 6.2 करोड़ से 6.5 करोड़ घरों से जुड़ा हुआ है। रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि 2022 की तुलना में CTV ऑडियंस करीब तीन गुना बढ़ चुकी है।
रोजाना करीब 3 घंटे CTV पर कंटेंट देखते हैं लोग
CTV की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि भारतीय दर्शक औसतन 2.9 घंटे प्रतिदिन CTV पर वीडियो कंटेंट देखने में बिताते हैं। यानी इंटरनेट से जुड़ी बड़ी स्क्रीन अब सिर्फ टीवी चैनल देखने का माध्यम नहीं रह गई है, बल्कि OTT और डिजिटल वीडियो के लिए भी एक अहम प्लेटफॉर्म बन चुकी है।
इस बदलाव का फायदा सिर्फ दर्शकों को ही नहीं, बल्कि विज्ञापनदाताओं को भी मिल रहा है। बड़ी स्क्रीन पर डिजिटल कंटेंट देखने वालों की संख्या बढ़ने से ब्रांड्स के लिए टीवी और डिजिटल विज्ञापन के बीच की दूरी भी कम हो रही है।
ग्रामीण इलाकों में भी तेजी से बढ़ रहा CTV का क्रेज
CTV का विस्तार सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में ग्रामीण क्षेत्रों में CTV यूजर्स की संख्या करीब दोगुनी हुई है। खास बात यह है कि ग्रामीण इलाकों में CTV की ग्रोथ मेट्रो शहरों की तुलना में ज्यादा तेजी से देखने को मिल रही है।
इसका मतलब यह नहीं है कि लोग पारंपरिक यानी Linear TV को पूरी तरह छोड़ रहे हैं। बल्कि अब दर्शक पारंपरिक टीवी के साथ इंटरनेट आधारित कंटेंट को भी अपना रहे हैं। एक ही स्क्रीन पर टीवी चैनलों के अलावा OTT, वेब सीरीज, स्पोर्ट्स और फिल्में देखने की सुविधा लोगों को आकर्षित कर रही है।
वेब सीरीज और क्रिकेट सबसे ज्यादा पसंद
रिपोर्ट में CTV पर देखे जाने वाले कंटेंट की पसंद को लेकर भी आंकड़े सामने आए हैं। वेब सीरीज करीब 69 फीसदी दर्शकों की पसंद है। इसके बाद क्रिकेट 64 फीसदी और थिएट्रिकल फिल्में 63 फीसदी दर्शकों की पसंद बनी हुई हैं।
क्रिकेट की बात करें तो CTV पर इसे देखने का एक खास ट्रेंड सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, क्रिकेट देखने वाले करीब 84 फीसदी मामलों में को-व्यूइंग होती है। यानी लोग अकेले मैच देखने के बजाय परिवार या दोस्तों के साथ बैठकर बड़ी स्क्रीन पर क्रिकेट देखना पसंद करते हैं।
युवाओं में भी Smart TV का बढ़ रहा इस्तेमाल
यह धारणा भी बदल रही है कि युवा पीढ़ी सिर्फ मोबाइल फोन पर वीडियो देखना पसंद करती है। रिपोर्ट के मुताबिक, Gen Z यूजर्स औसतन 3.1 घंटे रोज CTV पर बिताते हैं।
इसके अलावा करीब 46 फीसदी Gen Z यूजर्स ने पिछले एक साल में अपने CTV इस्तेमाल को बढ़ाया है। वहीं, 77 फीसदी Gen Z यूजर्स परिवार या दोस्तों के साथ CTV पर कंटेंट देखते हैं।
इन आंकड़ों से साफ है कि युवाओं के लिए भी Smart TV और Connected TV एक अहम एंटरटेनमेंट प्लेटफॉर्म बन रहे हैं। ऐसे में विज्ञापनदाताओं के लिए सिर्फ मोबाइल और सोशल मीडिया पर ध्यान देना पर्याप्त नहीं रह गया है। बड़ी स्क्रीन भी युवा दर्शकों तक पहुंचने का महत्वपूर्ण माध्यम बनती जा रही है।
क्या है FAST TV?
CTV के बढ़ते बाजार के साथ FAST यानी Free Ad-Supported Streaming Television भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। FAST प्लेटफॉर्म पर दर्शकों को कंटेंट मुफ्त में देखने की सुविधा मिलती है, लेकिन इसके बदले उन्हें विज्ञापन देखने पड़ते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, करीब एक-तिहाई CTV दर्शक FAST के बारे में जानते हैं, जबकि लगभग हर पांच में से एक दर्शक इसका इस्तेमाल करता है।
FAST का इस्तेमाल करने वाले दर्शक औसतन 3.4 घंटे रोज CTV पर बिताते हैं। यह पूरे CTV ऑडियंस के 2.9 घंटे के औसत से भी ज्यादा है। इससे संकेत मिलता है कि मुफ्त कंटेंट और विज्ञापन आधारित स्ट्रीमिंग मॉडल आने वाले समय में CTV इकोसिस्टम का महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकता है।

