क्या कोई देख रहा है आपकी ब्राउज़िंग हिस्ट्री? Wi-Fi राउटर का यह सच जान लें
अगर आपके घर में इंटरनेट कनेक्शन है, तो आपके पास Wi-Fi Router भी जरूर होगा। यही राउटर आपके मोबाइल, लैपटॉप और दूसरे डिवाइस को इंटरनेट से कनेक्ट करता है। लेकिन क्या आपको पता है कि राउटर के जरिए यह भी पता लगाया जा सकता है कि नेटवर्क से जुड़े डिवाइस ने किन वेबसाइट्स को एक्सेस किया?
हालांकि, राउटर से पूरी ब्राउजिंग हिस्ट्री देख पाना हमेशा संभव नहीं होता, लेकिन कुछ राउटर नेटवर्क पर होने वाली एक्टिविटी, वेबसाइट के IP Address और कनेक्शन से जुड़ी जानकारी लॉग कर सकते हैं।
Wi-Fi Router की हिस्ट्री कैसे चेक करें?
राउटर की हिस्ट्री देखने का तरीका उसके ब्रांड और मॉडल के अनुसार थोड़ा अलग हो सकता है, लेकिन सामान्य प्रक्रिया लगभग एक जैसी रहती है।
सबसे पहले अपने ब्राउजर में राउटर का एडमिन IP Address डालकर लॉगिन करें। कई राउटर में 192.168.0.1 या 192.168.1.1 जैसे एड्रेस इस्तेमाल होते हैं। अगर इनमें से कोई काम नहीं करता, तो अपने राउटर का सही IP Address पता करके एडमिन पैनल खोलें। कुछ आधुनिक राउटर को मोबाइल ऐप के जरिए भी मैनेज किया जा सकता है।
लॉगिन करने के बाद Advanced Settings में जाएं। यहां आपको राउटर के मॉडल के अनुसार Administration, Logs, Device History या System Log जैसे विकल्प मिल सकते हैं। संबंधित विकल्प खोलने के बाद नेटवर्क से जुड़ी उपलब्ध लॉग जानकारी देखी जा सकती है।
क्या Wi-Fi की पूरी History देख सकते हैं?
कुछ राउटर नेटवर्क एक्टिविटी से जुड़ी काफी जानकारी दिखाते हैं। इसमें Outgoing Log, System Log या Connection Log जैसी डिटेल शामिल हो सकती है। इन लॉग्स में नेटवर्क से जुड़े डिवाइस और उनके द्वारा किए गए कनेक्शन से संबंधित IP Address दिखाई दे सकते हैं।हालांकि, यह सुविधा हर राउटर में उपलब्ध नहीं होती और लॉग की जानकारी मॉडल व उसकी सेटिंग्स पर निर्भर करती है।
क्या राउटर बता सकता है कि कौन सी वेबसाइट खोली गई?
राउटर से मिलने वाली जानकारी की एक सीमा होती है। आमतौर पर राउटर आपको यह पूरी तरह नहीं बताता कि किसी वेबसाइट पर यूजर ने क्या देखा या कौन-सा कंटेंट पढ़ा। कई मामलों में सिर्फ IP Address, डोमेन या नेटवर्क ट्रैफिक से जुड़ी जानकारी उपलब्ध हो सकती है।
इसके अलावा HTTPS जैसी आधुनिक सुरक्षा तकनीकों की वजह से वेबसाइट के अंदर की गतिविधियों को सिर्फ राउटर लॉग देखकर जानना संभव नहीं होता।
Free Wi-Fi इस्तेमाल करते समय रहें सावधान
अगर आप किसी भी जगह मिलने वाले अनजान या पब्लिक Wi-Fi से तुरंत कनेक्ट हो जाते हैं, तो सावधानी बरतना जरूरी है। नेटवर्क का मालिक कुछ नेटवर्क-संबंधी जानकारी देख सकता है और असुरक्षित नेटवर्क पर साइबर हमले का जोखिम भी हो सकता है।
इसलिए अनजान Wi-Fi नेटवर्क से बचें, खासकर जब आपको उसमें भरोसा न हो। पब्लिक Wi-Fi इस्तेमाल करना जरूरी हो तो संवेदनशील काम, जैसे बैंकिंग या महत्वपूर्ण अकाउंट लॉगिन, करने से पहले नेटवर्क की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतें।

