क्या AI के नाम पर कोई इंसान दे रहा है आपके सवालों के जवाब? खुल गया ChaTJB का सबसे बड़ा राज!
आज के दौर में AI चैटबॉट हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुके हैं। कोई रेसिपी पूछनी हो, रिश्तों से जुड़ी सलाह चाहिए हो या फिर मौसम देखकर कपड़ों का चुनाव करना हो, हम अक्सर कुछ ही सेकंड में AI से जवाब मांग लेते हैं। लेकिन जरा सोचिए, अगर चैटबॉट की दूसरी तरफ कोई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस नहीं बल्कि एक असली इंसान बैठा हो तो?
इसी दिलचस्प आइडिया पर आधारित है ChatTJB, जो इन दिनों अपने अनोखे कॉन्सेप्ट की वजह से चर्चा में है।
क्या है ChatTJB?
पहली नजर में ChatTJB बिल्कुल किसी सामान्य AI चैटबॉट जैसा दिखाई देता है। वेबसाइट पर एक चैट बॉक्स होता है, जहां यूजर अपना सवाल लिखता है और जवाब का इंतजार करता है।
लेकिन इसकी खासियत यहीं से शुरू होती है। यहां सवालों का जवाब कोई AI मॉडल या ऑटोमेटेड सिस्टम नहीं देता, बल्कि एक इंसान सवाल पढ़कर उसका जवाब तैयार करता है।
ChatTJB को 32 वर्षीय टकर ब्रायंट ने बनाया है। वह पब्लिक स्पीकर, आर्टिस्ट और गूगल के पूर्व प्रोजेक्ट मैनेजर रह चुके हैं। उन्होंने अप्रैल 2026 में इसे एक आर्ट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया था। इसका उद्देश्य AI के खिलाफ अभियान चलाना नहीं, बल्कि लोगों को यह सोचने के लिए मजबूर करना था कि कहीं हम अपनी सोच और फैसलों के लिए AI पर जरूरत से ज्यादा निर्भर तो नहीं हो रहे।
यहां AI का मतलब Artificial Intelligence नहीं
ChatTJB के नाम में ही इसका पूरा आइडिया छिपा है। यहां AI का मतलब Artificial Intelligence नहीं, बल्कि 'Average Individual' यानी आम इंसान है।
सैन फ्रांसिस्को में ChatTJB का करीब 6,000 डॉलर का बिलबोर्ड लगाया गया था। उस पर इसे AI से जुड़ी चैट सर्विस की तरह पेश किया गया, लेकिन नीचे छोटे डिस्क्लेमर में साफ किया गया था कि AI का मतलब यहां 'Average Individual' है।
यानी यूजर जब ChatTJB पर सवाल करता है, तो जवाब किसी मशीन से नहीं बल्कि वास्तविक इंसान से मिलता है। शुरुआत में टकर ब्रायंट खुद जवाब देते थे, लेकिन बाद में वालंटियर्स की टीम भी इस प्रोजेक्ट से जुड़ गई।
आखिर ऐसा आइडिया आया कहां से?
इस प्रोजेक्ट के पीछे एक बेहद साधारण घटना बताई जाती है। एक दिन ब्रायंट ने सैन फ्रांसिस्को के मौसम को लेकर AI से सवाल कर लिया कि उन्हें छोटी बाजू के कपड़े पहनने चाहिए या लंबी बाजू के।
दिलचस्प बात यह थी कि वह कई सालों से सैन फ्रांसिस्को में रह रहे थे और तापमान भी करीब 18 डिग्री सेल्सियस था। इसके बावजूद उन्होंने खुद सोचने के बजाय AI से जवाब मांग लिया।
यहीं से उन्हें महसूस हुआ कि इंसान धीरे-धीरे अपने छोटे-छोटे फैसले भी AI को सौंपने लगा है। उनकी पार्टनर ने उन्हें 'कॉग्निटिव सरेंडर' की अवधारणा के बारे में बताया। इसका मतलब है कि व्यक्ति अपनी सोच या निर्णय लेने की जिम्मेदारी का कुछ हिस्सा AI को सौंप देता है।
ब्रायंट ने इसी विचार को एक प्रयोग और आर्ट प्रोजेक्ट के रूप में ChatTJB में बदल दिया।
ChatTJB काम कैसे करता है?
ChatTJB की सबसे बड़ी खासियत इसकी धीमी और मानवीय प्रक्रिया है। यूजर सवाल भेजता है, फिर कोई इंसान उसे पढ़ता है, उसके बारे में सोचता है और समय मिलने पर जवाब लिखता है।
इसका मतलब है कि आपको AI चैटबॉट की तरह तुरंत जवाब मिलने की गारंटी नहीं है। जवाब में काफी समय लग सकता है और उसमें इंसानी गलतियां भी हो सकती हैं।
यहां तक कि अगर कोई यूजर सनग्लास पहने हुए खरगोश की तस्वीर बनाने को कहता है, तो जवाब में AI से बनी तस्वीर मिलने के बजाय ब्रायंट या कोई वालंटियर हाथ से उसकी ड्राइंग बनाकर भेज सकता है।
अचानक कैसे वायरल हुआ ChatTJB?
अप्रैल 2026 में लॉन्च होने के बाद शुरुआती दिनों में ChatTJB को बहुत ज्यादा लोगों का ध्यान नहीं मिला। लेकिन 27 जुलाई 2026 के बाद इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ गई।
सैन फ्रांसिस्को में लगाए गए बिलबोर्ड की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने लगीं। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग वेबसाइट पर पहुंचने लगे और उन्हें पता चला कि जिस सर्विस को वे AI समझ रहे थे, उसके पीछे असल में इंसान बैठे हैं।
शुरुआत में ChatTJB पर रोजाना करीब 50 से 100 सवाल आते थे। बाद में यह संख्या बढ़कर करीब 1,000 सवाल प्रतिदिन हो गई। एक वायरल इंस्टाग्राम वीडियो के बाद ट्रैफिक इतना बढ़ा कि हर घंटे हजारों सवाल आने लगे।
बताया गया कि अब तक प्लेटफॉर्म पर 1 लाख से ज्यादा प्रॉम्प्ट्स भेजे जा चुके हैं।
वालंटियर्स की लगी लंबी लाइन
सवालों की संख्या बढ़ने के बाद अकेले ब्रायंट के लिए हर सवाल का जवाब देना मुश्किल हो गया। इसके बाद उन्होंने वालंटियर्स की मदद लेना शुरू किया।
रिपोर्ट के मुताबिक, 10 हजार से ज्यादा लोगों ने ChatTJB के साथ वालंटियर के तौर पर जुड़ने के लिए आवेदन किया। इसके साथ ही यह प्रोजेक्ट धीरे-धीरे एक कम्युनिटी-आधारित प्लेटफॉर्म का रूप लेने लगा।
वालंटियर्स के लिए ऑनबोर्डिंग क्विज, सवालों को प्राथमिकता देने की व्यवस्था और क्राइसिस रिस्पॉन्स से जुड़े सुरक्षा उपाय भी जोड़े गए हैं।
हालांकि, इसका मतलब यह भी है कि ChatTJB पर सवाल पूछने के बाद जवाब मिलने में काफी समय लग सकता है।
ChatTJB का असली मकसद क्या है?
ChatTJB को बनाने वाले टकर ब्रायंट खुद को AI विरोधी नहीं मानते। खास बात यह है कि उन्होंने ChatTJB की वेबसाइट बनाने के लिए भी एक AI टूल का इस्तेमाल किया था।
उनका उद्देश्य AI को खराब साबित करना नहीं, बल्कि लोगों को AI के जवाबों पर आंख बंद करके भरोसा करने से रोकना है।
ब्रायंट का मानना है कि AI के तेज, आत्मविश्वास से भरे और सुविधाजनक जवाबों के हम इतने आदी हो चुके हैं कि कई बार जवाब की सच्चाई पर सवाल करना ही भूल जाते हैं। खासकर निजी जिंदगी से जुड़े फैसलों में लोग बिना ज्यादा सोचे AI की सलाह मानने लगते हैं।
इसीलिए ChatTJB जानबूझकर एक अलग तरह का अनुभव देता है—धीमा, कभी-कभी गलत और पूरी तरह इंसानी।
इसका मकसद आपको परेशान करना नहीं, बल्कि यह याद दिलाना है कि अगली बार जब AI आपको कोई जवाब दे, तो उसे तुरंत सही मानने के बजाय एक बार खुद भी सोच लें।

