Samachar Nama
×

बाजार में उतार-चढ़ाव के दौर में कैसे करें निवेश? समझिए इक्विटी, गोल्ड, डेट और प्रॉपर्टी में कैसे बनाए सही संतुलन

नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। शेयर बाजार में तेज उतार-चढ़ाव, वैश्विक तनाव, ब्याज दरों में बदलाव और आर्थिक अनिश्चितता के बीच निवेशकों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह होता है कि अपने निवेश को कैसे सुरक्षित रखा जाए। विशेषज्ञों का मानना है कि अस्थिर बाजार में किसी एक एसेट पर निर्भर रहने के बजाय इक्विटी, गोल्ड, डेट और रियल एस्टेट का संतुलित मिश्रण निवेशकों को बेहतर सुरक्षा और दीर्घकालिक वृद्धि दोनों दे सकता है। चलिए एक-एक करके समझते हैं कि इनमें सही संतुलन कैसे बनाया जा सकता है।

नई दिल्ली, 8 नवंबर (आईएएनएस)। शेयर बाजार में तेज उतार-चढ़ाव, वैश्विक तनाव, ब्याज दरों में बदलाव और आर्थिक अनिश्चितता के बीच निवेशकों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह होता है कि अपने निवेश को कैसे सुरक्षित रखा जाए। विशेषज्ञों का मानना है कि अस्थिर बाजार में किसी एक एसेट पर निर्भर रहने के बजाय इक्विटी, गोल्ड, डेट और रियल एस्टेट का संतुलित मिश्रण निवेशकों को बेहतर सुरक्षा और दीर्घकालिक वृद्धि दोनों दे सकता है। चलिए एक-एक करके समझते हैं कि इनमें सही संतुलन कैसे बनाया जा सकता है।

सबसे पहले बात करते हैं इक्विटी के बारे में। शेयर बाजार में गिरावट और उतार-चढ़ाव निवेश का सामान्य हिस्सा हैं। मजबूत कंपनियों और विविधीकृत इक्विटी फंडों में लंबी अवधि तक निवेश करने से महंगाई से बेहतर रिटर्न मिलने की संभावना रहती है।

विशेषज्ञों के अनुसार, बाजार गिरने पर जल्दबाजी में निवेश बेचने के बजाय अलग-अलग सेक्टर, मार्केट कैप और निवेश रणनीतियों में विविधता बनाए रखना बेहतर होता है। जिन निवेशकों के पास व्यक्तिगत शेयरों के अध्ययन का समय नहीं है, वे इंडेक्स फंड या इक्विटी म्यूचुअल फंड का विकल्प चुन सकते हैं।

वहीं, जब बाजार में अस्थिरता बढ़ती है, तब निवेशकों का रुझान अक्सर सोने की ओर बढ़ता है। सोना पोर्टफोलियो में विविधता लाने और जोखिम कम करने में मदद करता है क्योंकि इसकी कीमतें हमेशा शेयर बाजार के साथ समान दिशा में नहीं चलतीं।

भारतीय निवेशकों के पास गोल्ड ईटीएफ, गोल्ड म्यूचुअल फंड और सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड जैसे विकल्प उपलब्ध हैं। हालांकि विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि सोने को संपत्ति निर्माण का मुख्य साधन नहीं, बल्कि जोखिम संतुलित करने वाले एसेट के रूप में देखा जाना चाहिए।

वहीं, सरकारी बॉन्ड, फिक्स्ड डिपॉजिट, उच्च रेटिंग वाले कॉर्पोरेट बॉन्ड और डेट म्यूचुअल फंड जैसे निवेश विकल्प पोर्टफोलियो को स्थिरता प्रदान कर सकते हैं। इनकी अस्थिरता आमतौर पर शेयर बाजार की तुलना में कम होती है।

निकट भविष्य में धन की जरूरत रखने वाले निवेशकों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले डेट इंस्ट्रूमेंट्स अपेक्षाकृत बेहतर विकल्प माने जाते हैं। निवेश से पहले ब्याज दर जोखिम, टैक्स और लिक्विडिटी जैसे पहलुओं पर ध्यान देना जरूरी है।

प्रॉपर्टी निवेश किराया आय और पूंजी मूल्य वृद्धि दोनों का अवसर प्रदान कर सकता है। चूंकि रियल एस्टेट पर शेयर और बॉन्ड बाजारों का प्रभाव हमेशा एक जैसा नहीं होता, इसलिए यह पोर्टफोलियो में अतिरिक्त विविधता ला सकता है।

हालांकि इसमें शुरुआती निवेश बड़ा होता है, खरीद-बिक्री की लागत अधिक होती है और जरूरत पड़ने पर इसे तुरंत नकदी में बदलना आसान नहीं होता। निवेश से पहले लोकेशन, संभावित किराया, भविष्य का विकास और रखरखाव लागत का मूल्यांकन जरूरी है।

विशेषज्ञों का कहना है कि सही एसेट एलोकेशन हर व्यक्ति के लिए अलग हो सकता है। 20-35 वर्ष के निवेशक इक्विटी में अधिक हिस्सा रख सकते हैं। वहीं, 35-50 वर्ष के निवेशक इक्विटी और डेट का संतुलन बनाना बेहतर हो सकता है, जबकि सेवानिवृत्ति के करीब निवेशक डेट, एफडी और अन्य स्थिर विकल्पों में आवंटन बढ़ा सकते हैं।

इसके अलावा, बाजार के जानकारों का कहना है कि बाजार में बदलाव के कारण पोर्टफोलियो का मूल संतुलन बिगड़ सकता है। इसलिए नियमित अंतराल पर पोर्टफोलियो को रीबैलेंस करते रहना चाहिए, ताकि निवेशक का पोर्टफोलियो उसकी जोखिम क्षमता और वित्तीय लक्ष्यों के अनुरूप बना रहे।

--आईएएनएस

डीबीपी

Share this story

Tags