Samachar Nama
×

सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स का मुनाफा दूसरी तिमाही में 1,300 प्रतिशत बढ़ा, एआई चिप मांग से हुआ लाभ

सोल, 30 जुलाई (आईएएनएस)। सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने गुरुवार को कहा कि 2026 की दूसरी तिमाही में कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 1,300 प्रतिशत बढ़ गया है। इसकी वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) में इस्तेमाल होने वाले सेमीकंडक्टर की मांग में इजाफा होना है।

सोल, 30 जुलाई (आईएएनएस)। सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने गुरुवार को कहा कि 2026 की दूसरी तिमाही में कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 1,300 प्रतिशत बढ़ गया है। इसकी वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) में इस्तेमाल होने वाले सेमीकंडक्टर की मांग में इजाफा होना है।

कंपनी की ओर से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया कि अप्रैल-जून अवधि में उसका मुनाफा 1,299.9 प्रतिशत बढ़कर 71.62 ट्रिलियन वॉन (49.6 अरब डॉलर) हो गया है, जो कि पिछले साल समान अवधि में 5.11 ट्रिलियन डॉलर वॉन था।

इस दौरान, ऑपरेटिंग इनकम सालाना आधार पर 1,813.8 प्रतिशत बढ़कर 89.49 ट्रिलियन वॉन हो गई है, जबकि बिक्री सालाना आधार पर 130 प्रतिशत बढ़कर 171.49 ट्रिलियन वॉन हो गई है।

दुनिया की सबसे बड़ी मेमोरी चिप निर्माता कंपनी ने लगातार तीसरी तिमाही में रिकॉर्ड तिमाही आय और परिचालन लाभ दर्ज किया।

कंपनी के नतीजे बाजार की उम्मीदों के अनुरूप रहे। समाचार एजेंसी योनहाप की वित्तीय डेटा इकाई योनहाप इन्फोमैक्स के सर्वे के अनुसार, विश्लेषकों ने औसतन 71.21 ट्रिलियन वॉन के शुद्ध लाभ का अनुमान लगाया था।

सामान्य और प्रेफर्ड दोनों तरह के शेयरों के लिए प्रति शेयर आय (ईपीएस) 10,849 वॉन रही, जो पिछली तिमाही की तुलना में 52 प्रतिशत अधिक है। यह ग्लोबल टेक्नोलॉजी कंपनियों में सबसे ऊंचे स्तरों में से एक है।

सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने इस शानदार प्रदर्शन का श्रेय अपनी तकनीकी बढ़त का लाभ उठाते हुए बढ़ती बाजार मांग, खासकर एआई से जुड़े उत्पादों की मांग, को प्रभावी ढंग से पूरा करने को दिया।

कंपनी के अत्यधिक लाभदायक सेमीकंडक्टर कारोबार ने इस तिमाही में रिकॉर्ड 127.5 ट्रिलियन वॉन की बिक्री और 89.2 ट्रिलियन वॉन का परिचालन लाभ दर्ज किया।

यह मजबूत प्रदर्शन एआई इंफ्रास्ट्रक्चर में वैश्विक निवेश में लगातार बढ़ोतरी के कारण संभव हुआ, जिससे सेमीकंडक्टर की आपूर्ति सीमित रही और मेमोरी चिप की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी रहीं।

सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने कहा कि उसे उम्मीद है कि वर्ष की दूसरी छमाही में भी सेमीकंडक्टर की मांग मजबूत बनी रहेगी, जिससे कंपनी की कुल आय में निरंतर वृद्धि को समर्थन मिलेगा।

कंपनी ने अपने बयान में कहा, "इस वर्ष की दूसरी छमाही में मेमोरी कारोबार को सर्वर-केंद्रित मजबूत मांग मिलने की उम्मीद है, जो एआई इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगातार पूंजीगत खर्च और एजेंटिक एआई के व्यापक उपयोग से प्रेरित होगी।"

उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक चिप बाजार में अनुकूल परिस्थितियां कम से कम अगले वर्ष तक बनी रहेंगी।

कॉन्फ्रेंस कॉल के दौरान कंपनी ने कहा, "अगले वर्ष मांग और आपूर्ति के बीच का अंतर इस वर्ष की तुलना में और अधिक बढ़ने की उम्मीद है।"

इसी के अनुरूप, सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने कहा कि वह बाजार की मांग और ग्राहकों की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डीआरएएम और एनएएनडी फ्लैश मेमोरी दोनों के लिए अपने उत्पाद पोर्टफोलियो का सक्रिय रूप से अनुकूलन करेगी।

टेक कंपनी को उम्मीद है कि उच्च-विकास वाले क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए अपने कारोबार का पुनर्गठन करने से वर्ष की दूसरी छमाही में उसकी फाउंड्री इकाई की मुनाफे में उल्लेखनीय सुधार होगा।

दूसरी तिमाही में कंपनी का कुल पूंजीगत व्यय 16.8 ट्रिलियन वॉन रहा, जो पिछली तिमाही की तुलना में 5.5 ट्रिलियन वॉन अधिक है।

इसमें से 15.4 ट्रिलियन वॉन का निवेश चिप डिवीजन में किया गया, जबकि 700 अरब वॉन डिस्प्ले कारोबार के लिए आवंटित किए गए।

दुनिया की सबसे बड़ी मेमोरी चिप उत्पादन क्षमता के दम पर सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स एआई बूम से सबसे अधिक लाभ उठाने वाली कंपनियों में से एक बनकर उभरी है।

--आईएएनएस

एबीएस

Share this story

Tags