Samachar Nama
×

एनवीडिया प्रमुख जेन्सेन हुआंग का एआई मेमोरी पर बड़ा दांव, एसके ग्रुप के साथ सहयोग बढ़ाने पर की चर्चा

सोल, 2 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेन्सेन हुआंग ने ताइपे में एसके ग्रुप के चेयरमैन चेय ताए-वोन से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मेमोरी के क्षेत्र में भविष्य के सहयोग पर चर्चा की।
एनवीडिया प्रमुख जेन्सेन हुआंग का एआई मेमोरी पर बड़ा दांव, एसके ग्रुप के साथ सहयोग बढ़ाने पर की चर्चा

सोल, 2 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेन्सेन हुआंग ने ताइपे में एसके ग्रुप के चेयरमैन चेय ताए-वोन से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मेमोरी के क्षेत्र में भविष्य के सहयोग पर चर्चा की।

यह बैठक ताइवान की राजधानी ताइपे में हुई, जिसकी जानकारी एसके ग्रुप ने अपने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से दी। दोनों अधिकारी एशिया के सबसे बड़े प्रौद्योगिकी व्यापार मेलों में से एक 'कम्प्यूटेक्स' में भाग लेने के लिए ताइवान की राजधानी पहुंचे थे।

फेसबुक पोस्ट में कहा गया कि एसके हाइनिक्स का बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) 1 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने के महत्व को साझा करने के लिए दोनों कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों ने मुलाकात की।

पोस्ट में कहा गया कि इस बैठक ने दोनों कंपनियों को एआई मेमोरी क्षेत्र में अब तक की उपलब्धियों की समीक्षा करने और एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के नए युग की शुरुआत के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर भी प्रदान किया।

जेन्सेन हुआंग ने इससे पहले इस सप्ताह दक्षिण कोरिया की अपनी यात्रा से पहले रोबोटिक्स को निवेश के संभावित क्षेत्र के रूप में बताया था।

उद्योग सूत्रों के अनुसार, उनका सोल दौरा गुरुवार रात से शुरू होने की उम्मीद है। शुक्रवार को हुआंग दक्षिण कोरिया के प्रमुख उद्योग समूहों के प्रमुखों के साथ कई बैठकों में हिस्सा लेंगे।

सूत्रों के मुताबिक, इन बैठकों में चेय ताए-वोन, एलजी ग्रुप के चेयरमैन कू क्वांग-मो और नेवर के संस्थापक एवं बोर्ड चेयरमैन ली हे-जिन शामिल हो सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, हुंडई मोटर ग्रुप के कार्यकारी चेयरमैन यूइसुन चुंग भी इन चर्चाओं में शामिल होने पर सकारात्मक विचार कर रहे हैं।

उद्योग सूत्रों के अनुसार, दक्षिण कोरिया की गेमिंग कंपनी एनसी कॉर्प के सीईओ किम टेक-जिन भी रविवार को हुआंग से मुलाकात कर सकते हैं।

इसके अलावा, अगले सोमवार को सियोल में स्थानीय रोबोटिक्स और एआई स्टार्टअप्स के साथ एक बंद-द्वार बैठक भी प्रस्तावित है। इसमें अपस्टेज जैसी कंपनियां शामिल हो सकती हैं, जो स्वदेशी एआई फाउंडेशन मॉडल विकसित करने की सरकारी पहल में दावेदार मानी जा रही हैं।

व्यापार विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी चर्चाएं केवल एआई सेमीकंडक्टर सहयोग तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि रोबोटिक्स और फिजिकल एआई जैसे उभरते क्षेत्रों तक भी विस्तार कर सकती हैं। फिजिकल एआई का उद्देश्य वास्तविक मशीनों और प्रणालियों में एआई तकनीक को एकीकृत करना है।

अक्टूबर में अपनी पिछली दक्षिण कोरिया यात्रा के दौरान, जब वह ग्योंगजू शहर में आयोजित एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) सीईओ शिखर सम्मेलन में शामिल हुए थे, तब उन्होंने सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के चेयरमैन ली जे-योंग और यूइसुन चुंग के साथ देर रात कोरियाई फ्राइड चिकन और बीयर, जिसे स्थानीय तौर पर "चिमैक" कहा जाता है, का आनंद लिया था। इस मुलाकात ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं।

दक्षिण कोरिया में जेन्सेन हुआंग की यात्रा को लेकर लोगों में पहले से ही काफी उत्साह देखा जा रहा है। उनकी संभावित यात्रा कार्यक्रम का अनुमान लगाने वाली एक वेबसाइट भी इंटरनेट पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

उद्योग विशेषज्ञों के अनुसार, "जुन" नाम के एक व्यक्ति ने एक ऑनलाइन मैप तैयार किया है, जिसमें हुआंग की संभावित गतिविधियों और उनकी यात्रा से जुड़ी खबरों को ट्रैक किया जा रहा है।

--आईएएनएस

डीबीपी

Share this story

Tags