Samachar Nama
×

12 स्वीकृत परियोजनाओं और 1.64 लाख करोड़ रुपए के निवेश के साथ भारत का सेमीकंडक्टर भविष्य ले रहा आकार: अमिताभ कांत

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। नीति आयोग के पूर्व सीईओ और जी20 शेरपा अमिताभ कांत ने सोमवार को कहा कि भारत का सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम तेजी से आकार ले रहा है। देश के छह राज्यों में 12 स्वीकृत परियोजनाओं के साथ 1.64 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश की प्रतिबद्धता की जा चुकी है।

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। नीति आयोग के पूर्व सीईओ और जी20 शेरपा अमिताभ कांत ने सोमवार को कहा कि भारत का सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम तेजी से आकार ले रहा है। देश के छह राज्यों में 12 स्वीकृत परियोजनाओं के साथ 1.64 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश की प्रतिबद्धता की जा चुकी है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 'द न्यू सेमीकंडक्टर मैप ऑफ इंडिया' शीर्षक वाला एक ग्राफिक साझा करते हुए अमिताभ कांत ने कहा कि फैब्रिकेशन, पैकेजिंग, टेस्टिंग और उन्नत प्रौद्योगिकी सुविधाओं के बढ़ते नेटवर्क के जरिए भारत का सेमीकंडक्टर भविष्य मजबूत आधार पर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा, "छह राज्यों में 12 मंजूर परियोजनाएं और 1.64 लाख करोड़ रुपए से अधिक का प्रतिबद्ध निवेश। भारत का सेमीकंडक्टर भविष्य आकार ले रहा है।"

गुजरात देश में सेमीकंडक्टर निवेश का सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभरा है, जहां 6 स्वीकृत परियोजनाएं हैं, जिनमें धोलेरा में टाटा-पीएसएमसी की सेमीकंडक्टर फैब्रिकेशन यूनिट भी शामिल है। इस परियोजना में 91,526 करोड़ रुपए का निवेश किया जा रहा है और इसकी प्रस्तावित क्षमता 50,000 वेफर प्रति माह से अधिक है।

राज्य की अन्य प्रमुख परियोजनाओं में साणंद में माइक्रोन टेक्नोलॉजी की डीआरएएम और नैंड असेंबली एवं टेस्टिंग फैसिलिटी शामिल है, जिसमें 22,516 करोड़ रुपए का निवेश किया जा रहा है। इसके अलावा सीजी पावर-रेनेसास-स्टार्स की सेमीकंडक्टर ओएसएटी (ओसैट) सुविधा में 7,584 करोड़ रुपए का निवेश प्रस्तावित है।

गुजरात में केयन्स सेमीकॉन, क्रिस्टल मैट्रिक्स और सूची सेमीकॉन जैसी कंपनियों की परियोजनाएं भी विकसित की जा रही हैं, जो सेमीकंडक्टर पैकेजिंग, कंपाउंड सेमीकंडक्टर, मिनी-एलईडी तकनीक और डिस्क्रीट सेमीकंडक्टर निर्माण से जुड़ी हैं।

असम में टाटा सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट द्वारा 27,120 करोड़ रुपए के निवेश से एक ओएसएटी और पैकेजिंग सुविधा स्थापित की जा रही है, जिसकी प्रस्तावित क्षमता प्रतिदिन लगभग 4.8 करोड़ यूनिट की होगी।

ओडिशा को भी दो महत्वपूर्ण परियोजनाएं मिली हैं, जिनमें एसआईसीएसईएम प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 2,066 करोड़ रुपए के निवेश से सिलिकॉन कार्बाइड फैब्रिकेशन एवं पैकेजिंग यूनिट स्थापित की जा रही है। वहीं 3डी ग्लास सॉल्यूशन्स, 1,943 करोड़ रुपए के निवेश के साथ एडवांस्ड पैकेजिंग और 3डी इंटीग्रेशन परियोजना विकसित कर रही है।

आंध्र प्रदेश में लगभग 480 करोड़ रुपए के निवेश से एक एडवांस्ड सिस्टम इन पैकेज (एएसआईपी) सुविधा स्थापित की जा रही है, जो सिस्टम-इन-पैकेज तकनीकों पर केंद्रित होगी। इसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता करीब 9.6 करोड़ यूनिट प्रस्तावित है।

पंजाब भी उभरते हुए सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का हिस्सा बन चुका है, जहां सीडीआईएल 117 करोड़ रुपए के निवेश से पावर सेमीकंडक्टर परियोजना स्थापित की है।

--आईएएनएस

डीबीपी

Share this story

Tags