Samachar Nama
×

भारत के निर्यात में आई विविधता, अमेरिकी टैरिफ का मुकाबले करने के लिए मजबूत स्थिति में : अर्थशास्त्री

नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। नए अमेरिकी टैरिफ के ऐलान पर अर्थशास्त्रियों ने गुरुवार को कहा कि भारत के निर्यात में फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) के चलते पिछले कुछ समय में काफी विविधता आई है। इससे अमेरिकी टैरिफों का मुकाबला करने के लिए देश मजबूत स्थिति में है।

नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। नए अमेरिकी टैरिफ के ऐलान पर अर्थशास्त्रियों ने गुरुवार को कहा कि भारत के निर्यात में फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) के चलते पिछले कुछ समय में काफी विविधता आई है। इससे अमेरिकी टैरिफों का मुकाबला करने के लिए देश मजबूत स्थिति में है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से ​​बात करते हुए, एसोचैम के मुख्य अर्थशास्त्री डॉ. एसपी शर्मा ने कहा कि भारत के आर्थिक आधार और निर्यात में विविधता होने से टैरिफ से जुड़ी किसी भी तरह की रुकावट के असर को कम करने में मदद मिलेगी।

शर्मा ने कहा, "अमेरिका में समय-समय पर इस तरह के उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन भारत इन स्थितियों का मजबूती से सामना करता है। भारत का निर्यात काफी तेजी से बढ़ रहा है और हमारी सबसे बड़ी ताकत निर्यात में विविधता है।"

उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिका भले ही भारत के लिए निर्यात का सबसे बड़ा बाजार बना हुआ है, लेकिन अन्य बाजारों का भी विस्तार हो रहा है।

पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) के सीईओ और महासचिव रंजीत मेहता ने कहा कि अमेरिकी टैरिफ केवल भारत के लिए नहीं हैं, बल्कि चीन, बांग्लादेश और वियतनाम जैसी एशियाई अर्थव्यवस्थाओं को भी इससे कहीं अधिक शुल्क का सामना करना पड़ रहा है।

मेहता ने आईएएनएस से कहा, "अन्य एशियाई अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में भारत पर लगने वाले शुल्क कम हैं। इससे हमें थोड़ी बढ़त मिलती है।"

हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वैश्विक व्यापार नीतियों को लेकर बनी अनिश्चितता, टैरिफ की तुलना में एक बड़ी चुनौती है।

मेहता के अनुसार, "समस्या केवल शुल्क की नहीं है, बल्कि मौजूदा अनिश्चितता की है, जिसके कारण अमेरिकी बाजार के साथ जुड़ने से पहले कारोबारी हिचकिचा रहे हैं। उद्योगों के लिए व्यापार नीतियों में स्पष्टता और पूर्वानुमान होना बहुत जरूरी है।"

उन्होंने प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के साथ व्यापार समझौते करने की दिशा में सरकार की सक्रिय भूमिका की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारत ने कई साझेदारों के साथ बातचीत को आगे बढ़ाकर और एफटीए करके अपनी स्थिति मजबूत की है।

उन्होंने कहा, "अब हम यूरोपीय संघ के साथ एक बहुत महत्वपूर्ण एफटीए करने जा रहे हैं। इसके अलावा, यूएई, न्यूजीलैंड और यूके के साथ हुए समझौतों ने वैश्विक व्यापार में भारत की भागीदारी को और बढ़ाया है।"

अमेरिका ने विनिर्माण क्षेत्र में 'अत्यधिक क्षमता' की जांच के बाद भारतीय सामानों पर 25 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा। साथ ही, अमेरिका ने यह भी संकेत दिया कि अगर दोनों देश किसी व्यापार समझौते पर पहुंच जाते हैं, तो यह शुल्क दर कम होकर लगभग 17 प्रतिशत रह सकती है।

इसके अलावा, वाणिज्य मंत्रालय ने कहा है कि भारत के किसी भी क्षेत्र में 'संरचनात्मक रूप से अत्यधिक क्षमता' नहीं है। मंत्रालय ने प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई है।

मंत्रालय ने कहा कि भारत ने 'सेक्शन 301' जांच के दौरान रचनात्मक रूप से सहयोग किया है और उसका मानना ​​है कि व्यापार से जुड़ी किसी भी चिंता का समाधान दोनों देशों के बीच चल रही बातचीत के जरिए किया जाना चाहिए।

--आईएएनएस

एबीएस

Share this story

Tags