इरोड का ऑर्गेनिक ताड़ का गुड़ पहली बार यूरोप पहुंचा, भारत के चॉकलेट निर्यात में 25 प्रतिशत की हुई वृद्धि
नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के पारंपरिक गुड़ और देश में निर्मित चॉकलेट उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मांग बढ़ रही है। इससे स्थानीय उत्पादकों, किसानों और उद्यमियों के लिए निर्यात के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। यह बयान केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को दिया।
भारत के पारंपरिक खाद्य उत्पादों की वैश्विक पहुंच को जिक्र करते हुए गोयल ने कहा कि तमिलनाडु के इरोड का ऑर्गेनिक ताड़ का गुड़ पहली बार यूरोप पहुंचा है। इससे अंतरराष्ट्रीय उपभोक्ताओं के सामने देश के पारंपरिक स्वाद और गुणवत्ता मानकों को प्रदर्शित करने का अवसर मिला है।
गोयल ने कहा, "स्वाद और सेहत का खजाना गुड़ आज दुनिया के हर कोने तक पहुंच रहा है।"
केंद्रीय मंत्री ने कहा, "तमिलनाडु के इरोड का ऑर्गेनिक पाम गुड़ पहली बार यूरोप पहुंचा है। यह गुड़ के पारंपरिक स्वाद को उच्च गुणवत्ता के साथ जोड़ता है।"
केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, भारत का चॉकलेट उद्योग भी वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। पिछले साल चॉकलेट और कोको आधारित उत्पादों के निर्यात में करीब 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में उद्यमी चॉकलेट बनाने के क्षेत्र में नए विचार और नवाचार लेकर आ रहे हैं। कई स्टार्टअप नए उत्पादों और स्वादों के साथ प्रयोग कर रहे हैं।
गोयल ने कहा, "भारतीय चॉकलेट भी दुनिया भर में अपनी एक अलग पहचान बना रही है। पिछले साल ही चॉकलेट और कोको आधारित उत्पादों के निर्यात में करीब 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई।"
उन्होंने कहा, "देश के अलग-अलग हिस्सों में चॉकलेट बनाने वाले उद्यमी भी नए विचारों के साथ आगे आ रहे हैं। आज इस क्षेत्र के हमारे कई स्टार्टअप नवाचार कर रहे हैं।"
गोयल के अनुसार, ये स्टार्टअप स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सामग्री का इस्तेमाल करके नए और अनूठे स्वाद विकसित कर रहे हैं। इससे किसानों, महिलाओं और युवा उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा करने में मदद मिल रही है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारतीय खाद्य उत्पादों की बढ़ती मांग पारंपरिक उत्पादों और स्वदेशी नवाचारों की क्षमता को दर्शाती है। इससे स्थानीय लोगों की आजीविका को समर्थन देने के साथ-साथ देश के निर्यात को भी मजबूती मिल सकती है।
--आईएएनएस
एबीएस

