केंद्र ने 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए राज्यों को ऊर्जा भंडारण क्षमता बढ़ाने की दी सलाह
नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मिशन मोड में ऊर्जा भंडारण क्षमता स्थापित करने और चौबीसों घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नवीकरणीय ऊर्जा के साथ ऊर्जा भंडारण पर अधिक निर्भर रहने की सलाह दी है। इसका उद्देश्य सौर और गैर-सौर दोनों समय में भरोसेमंद बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना और महंगे अल्पकालिक बिजली बाजार से अत्यधिक खरीद पर निर्भरता कम करना है। यह जानकारी रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान में दी गई।
राज्यों ने ऊर्जा भंडारण क्षमता में 15 गुना विस्तार करने पर सहमति जताई है। इसके तहत बैटरी और पंप्ड स्टोरेज परियोजनाओं की खरीद को प्राथमिकता दी जाएगी। इसमें राज्यों के अपने निवेश के साथ-साथ एनटीपीसी और सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एसईसीआई) की आगामी 40-40 गीगावॉट घंटे की योजनाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा, परियोजनाओं की साइट चयन से लेकर उपकरणों की आपूर्ति तक हर चरण की निगरानी की जाएगी।
राज्यों ने वित्त वर्ष 2029-30 तक के लिए अपनी संसाधन पर्याप्तता योजनाओं की समीक्षा करने पर भी सहमति जताई है। इसमें ट्रांसमिशन कनेक्टिविटी का सत्यापन और बिजली की मांग का अनुमान सुनिश्चित करना शामिल है। राज्यों को इन योजनाओं को एक महीने के भीतर जमा करना होगा। साथ ही, अतिरिक्त बिजली उत्पादन क्षमता और संसाधनों की उपलब्धता की तिमाही आधार पर निगरानी की जाएगी।
ये फैसले सप्ताहांत में यहां आयोजित दो दिवसीय बिजली मंत्रियों के सम्मेलन में लिए गए।
बिजली उत्पादन और ट्रांसमिशन को एक साथ आगे बढ़ाने की जरूरत पर जोर देते हुए राज्यों ने स्पष्ट लाइन और सबस्टेशन लक्ष्यों के साथ ट्रांसमिशन संसाधन पर्याप्तता का रोडमैप तत्काल अंतिम रूप देने पर सहमति जताई। इसके अलावा, अंतरराज्यीय नहीं बल्कि राज्य के भीतर ट्रांसमिशन (इनएसटीएस) परियोजनाओं के लिए टैरिफ आधारित प्रतिस्पर्धी बोली (टीबीसीबी) प्रक्रिया अपनाने और केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए) के संशोधित तकनीकी मानकों को लागू करने पर भी सहमति बनी।
इसके अलावा, राज्यों ने एक तिमाही के भीतर सरकार के लंबित बिजली बकाये का भुगतान करने और सभी सरकारी बिजली कनेक्शनों को प्रीपेड स्मार्ट मीटर में बदलने पर सहमति जताई। इन मीटरों का संचालन अग्रिम रिचार्ज के आधार पर किया जाएगा, ताकि बजटीय आवंटन का इंतजार न करना पड़े और सरकार के बिजली बिलों का बकाया लगातार बढ़ने की समस्या खत्म हो सके।
जिन राज्यों में स्मार्ट मीटर लगाने की रफ्तार धीमी है, उन्हें मीटर लगाने के ठेके तेजी से देने और सरकारी, वाणिज्यिक तथा औद्योगिक उपभोक्ताओं को इसके दायरे में लाने के लिए कहा गया है।
बयान के अनुसार, उपभोक्ताओं का भरोसा बढ़ाने के लिए बिजली वितरण कंपनियां (डिस्कॉम) बिलिंग से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए चेक मीटर लगाएंगी। इसके अलावा, उपभोक्ताओं के मोबाइल ऐप की समीक्षा की जाएगी और इन ऐप का गिगवा ऑडिट कराया जाएगा। लंबित शिकायतों की उच्चस्तरीय समीक्षा भी की जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं की संतुष्टि सुनिश्चित हो सके।
राज्यों ने बिजली खरीद लागत और सब्सिडी का बोझ कम करने के लिए फीडर पृथक्करण और कृषि फीडरों के सौर ऊर्जीकरण की प्रक्रिया तेज करने की भी प्रतिबद्धता जताई।
परमाणु ऊर्जा के संबंध में राज्यों ने परियोजनाओं के लिए जमीन और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने, साइट को तैयार करने और उपयुक्त स्थानों की पहचान करने पर सहमति जताई। इसमें बंद हो चुके ताप विद्युत संयंत्रों की जगहों को भी शामिल किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री के 2047 तक 100 गीगावॉट परमाणु ऊर्जा क्षमता हासिल करने के विजन को साकार करना है।
केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि 14.5 लाख घरों को बिजली ग्रिड से जोड़ने का काम शुरू किया गया है। इनमें से लगभग 6.25 लाख घरों को ग्रिड से जोड़ने का काम पूरा हो चुका है। इसमें ऑफ-ग्रिड मोड वाले घर भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि उम्मीद है कि दूरदराज और पहाड़ी क्षेत्रों के कुछ घरों को छोड़कर बाकी सभी घरों को मार्च 2027 तक बिजली ग्रिड से जोड़ दिया जाएगा। राज्यों ने अगले साल मार्च तक मिशन मोड में शेष काम पूरा करने पर सहमति जताई है।
केंद्रीय विद्युत नियामक आयोग (सीईआरसी) और राज्य विद्युत नियामक आयोगों (एसईआरसी) के साथ संयुक्त सत्र में हुई चर्चा में समय पर नियामकीय फैसले लेने और बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) को वित्तीय रूप से टिकाऊ बनाने के लिए सुधारों को आगे बढ़ाने में नियामक संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया गया।
इस दौरान प्रमुख प्राथमिकताओं में टैरिफ से जुड़ी लागत को मंजूरी न दिए जाने की स्थिति को कम करना और डिस्कॉम के लिए लागत के अनुरूप बिजली दरें सुनिश्चित करना शामिल रहा। इस बात पर जोर दिया गया कि लागत को मंजूरी न दिए जाने की राशि इक्विटी पर रिटर्न (आरओई) से अधिक नहीं होनी चाहिए।
बयान में कहा गया कि नियामकीय प्रक्रिया को अधिक परामर्श आधारित बनाने की जरूरत पर भी जोर दिया गया। इसमें बिजली दरों से जुड़े आदेश जारी करने से पहले सभी संबंधित पक्षों के साथ विचार-विमर्श करना शामिल है।
इस तरह की प्रक्रिया से उचित लागत को टैरिफ में शामिल करने, नियामकीय फैसलों में पूर्वानुमान की क्षमता बढ़ाने, विवादों को कम करने और अनावश्यक मुकदमेबाजी से बचने में मदद मिलेगी।
--आईएएनएस
एबीएस

