Samachar Nama
×

बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में 224 पदों पर नौकरी का मौका; इंजीनियरिंग, ऑपरेशंस और आईटी क्षेत्र में निकली वैकेंसी

नई दिल्ली, 23 जून (आईएएनएस)। नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) ने मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल (एमएएचएसआर) कॉरिडोर के लिए बड़े पैमाने पर भर्ती अभियान शुरू किया है।
बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में 224 पदों पर नौकरी का मौका; इंजीनियरिंग, ऑपरेशंस और आईटी क्षेत्र में निकली वैकेंसी

नई दिल्ली, 23 जून (आईएएनएस)। नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) ने मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल (एमएएचएसआर) कॉरिडोर के लिए बड़े पैमाने पर भर्ती अभियान शुरू किया है।

भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना में तेजी से काम आगे बढ़ने के बीच कंपनी ने इंजीनियरिंग, ऑपरेशंस, आईटी और सुरक्षा से जुड़े कुल 224 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।

कुल रिक्तियों में से 209 पद गैर-कार्यकारी (नॉन-एग्जीक्यूटिव) श्रेणी के हैं, जबकि 15 पद कार्यकारी (एग्जीक्यूटिव) स्तर के हैं।

इस भर्ती अभियान में जूनियर इंजीनियर, ट्रेन मैनेजर, स्टेशन मैनेजर, डिपो कंट्रोलर, ऑपरेशंस कंट्रोलर और आईटी विशेषज्ञों सहित कई तकनीकी और संचालन संबंधी पद शामिल हैं।

सबसे अधिक रिक्तियां ऑपरेशंस से जुड़े पदों में हैं, जिनमें ट्रेन मैनेजर, स्टेशन मैनेजर, डिपो कंट्रोलर और ऑपरेशंस कंट्रोलर के कुल 55 पदों पर भर्ती की जाएगी।

कंपनी अपने इंजीनियरिंग विभाग को भी मजबूत करने जा रही है, जिसके तहत इलेक्ट्रिकल, सिविल/ट्रैक, सिग्नलिंग एवं टेलीकॉम, रोलिंग स्टॉक और ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम से जुड़े जूनियर इंजीनियर पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

नोटिफिकेशन के अनुसार, इलेक्ट्रिकल विभाग में जूनियर इंजीनियर के 47 पद, सिविल/ट्रैक में 31 पद, सिग्नलिंग एवं टेलीकॉम में 20 पद, रोलिंग स्टॉक (इलेक्ट्रिकल) में 14 पद, रोलिंग स्टॉक (मैकेनिकल) में 3 पद और ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम में 5 पदों पर भर्ती होगी।

इसके अलावा, सिविल/ट्रैक, ऑपरेशंस, इलेक्ट्रिकल, सिग्नलिंग एवं टेलीकॉम तथा रोलिंग स्टॉक विभागों में डिप्टी इंजीनियर पदों पर भी भर्ती की जाएगी।

कार्यकारी स्तर के पदों के लिए एनएचएसआरसीएल सुरक्षा विभाग में असिस्टेंट मैनेजर के अलावा डिप्टी जनरल मैनेजर (आईटी), सीनियर मैनेजर (डेटा एनालिटिक्स) और सीनियर मैनेजर (क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर) जैसे तकनीकी पदों पर अनुभवी पेशेवरों की नियुक्ति करेगा।

योग्यता की बात करें, तो आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयु 31 मई 2026 तक 45 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। साथ ही उनके पास भारतीय रेलवे, सरकारी मेट्रो प्रणाली या क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) में संचालन और रखरखाव से संबंधित कम से कम तीन वर्ष का अनुभव होना जरूरी है।

शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग निर्धारित की गई है, जिसमें इंजीनियरिंग डिप्लोमा से लेकर संबंधित विषय में बीई या बीटेक डिग्री तक शामिल है।

चूंकि यह भर्ती अवशोषण (एब्जॉर्प्शन) के आधार पर की जा रही है, इसलिए केवल वे उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जो वर्तमान में पात्र रेलवे या रेलवे से जुड़े संस्थानों में कार्यरत हैं।

चयनित उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी), डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल फिटनेस परीक्षण के आधार पर किया जाएगा।

कार्यकारी पदों के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 9 जुलाई है, जबकि गैर-कार्यकारी पदों के लिए उम्मीदवार 14 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।

--आईएएनएस

डीबीपी

Share this story

Tags