अगर आप अपनी फिटनेस और हेल्थ पर नजर रखने के लिए ऐसा वीयरेबल डिवाइस तलाश रहे हैं, जिसमें स्क्रीन और बार-बार आने वाले नोटिफिकेशन का झंझट न हो, तो Google जल्द ही एक नया विकल्प पेश कर सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी एक स्क्रीन-फ्री फिटनेस बैंड पर काम कर रही है, जिसे पूरे दिन पहनने के लिए डिजाइन किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि इस डिवाइस का नाम Google Fitbit Air हो सकता है। यह स्मार्टवॉच की तरह स्क्रीन वाला डिवाइस नहीं होगा, बल्कि एक हल्का और पतला फिटनेस बैंड होगा। यूजर को हेल्थ और फिटनेस से जुड़ा पूरा डेटा एक कंपेनियन ऐप के जरिए देखने को मिलेगा।
Google Fitbit Air में क्या मिल सकते हैं फीचर्स?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, Fitbit Air में कोई डिस्प्ले नहीं दिया जाएगा। यानी इसमें नोटिफिकेशन, फिटनेस डेटा या अन्य जानकारी सीधे बैंड पर देखने की सुविधा नहीं होगी। इसके लिए यूजर को स्मार्टफोन पर मौजूद कंपेनियन ऐप की मदद लेनी होगी।
'Air' ब्रांडिंग से संकेत मिलता है कि Google इसे हल्के और मिनिमल डिजाइन के साथ पेश कर सकता है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह एक पतला बैंड हो सकता है, जिसमें फैब्रिक-स्टाइल स्ट्रैप दिया जाएगा।
कलर ऑप्शन की बात करें तो इसे ऑब्सिडियन, लैवेंडर और बेरी जैसे रंगों में पेश किए जाने की उम्मीद है। इसका फोकस ऐसा डिजाइन देने पर हो सकता है जिसे यूजर दिनभर आराम से पहन सके।
कितनी हो सकती है Google Fitbit Air की कीमत?
रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि Google Fitbit Air की कीमत करीब 99 डॉलर यानी लगभग 9,300 रुपये हो सकती है। अगर कंपनी इसी कीमत पर इसे लॉन्च करती है तो स्क्रीन-फ्री फिटनेस ट्रैकर सेगमेंट में यह एक आकर्षक विकल्प बन सकता है।
यह डिवाइस Whoop जैसे प्रतिद्वंद्वियों से अलग रणनीति अपना सकता है। Whoop का मॉडल मुख्य रूप से सब्सक्रिप्शन पर आधारित है, जिसमें हार्डवेयर के साथ मेंबरशिप शामिल होती है। भारत में इसकी शुरुआती सालाना कीमत करीब 20 हजार रुपये के आसपास बताई जाती है।
ऐसे में कम शुरुआती कीमत के साथ Google अपने फिटनेस बैंड को ज्यादा यूजर्स तक पहुंचाने की कोशिश कर सकता है।
स्क्रीन-फ्री फिटनेस ट्रैकर की बढ़ रही मांग
बिना स्क्रीन वाले फिटनेस ट्रैकर्स का बाजार अभी ज्यादा बड़ा नहीं है, लेकिन धीरे-धीरे इनकी लोकप्रियता बढ़ रही है। ऐसे डिवाइस उन लोगों के बीच खास तौर पर पसंद किए जा रहे हैं, जो फिटनेस और हेल्थ डेटा ट्रैक करना चाहते हैं, लेकिन स्मार्टवॉच की तरह लगातार नोटिफिकेशन और स्क्रीन से जुड़े डिस्ट्रैक्शन नहीं चाहते।
Whoop जैसे डिवाइस जहां रिकवरी और परफॉर्मेंस एनालिटिक्स पर ज्यादा ध्यान देते हैं, वहीं Oura जैसे वीयरेबल मिनिमल डिजाइन और हेल्थ ट्रैकिंग पर फोकस करते हैं।
Google का Fitbit Air भी इसी कैटेगरी में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर सकता है। कंपनी कम शुरुआती कीमत और वैकल्पिक सब्सक्रिप्शन मॉडल के जरिए यूजर्स को ज्यादा लचीला विकल्प दे सकती है।
हालांकि, Google ने अभी तक Fitbit Air के नाम, फीचर्स, कीमत या लॉन्च डेट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इसलिए फिलहाल इससे जुड़ी जानकारियों को रिपोर्ट्स और लीक के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।

