Samachar Nama
×

Fitbit Air vs Pixel Watch 4: बैटरी के मामले में कौन आगे? जानें दोनों स्मार्ट डिवाइस में कितना है अंतर
 

Fitbit Air vs Pixel Watch 4: बैटरी के मामले में कौन आगे? जानें दोनों स्मार्ट डिवाइस में कितना है अंतर

आज के समय में स्मार्टवॉच और फिटनेस ट्रैकर का इस्तेमाल सिर्फ समय देखने के लिए नहीं, बल्कि हेल्थ और डेली एक्टिविटी पर नजर रखने के लिए भी किया जाता है. हालांकि दोनों तरह के डिवाइस की बैटरी लाइफ में काफी अंतर हो सकता है.

एक तरफ बड़ी स्क्रीन और कई स्मार्ट फीचर्स वाली स्मार्टवॉच को आमतौर पर बार-बार चार्ज करने की जरूरत पड़ती है, वहीं स्क्रीनलेस फिटनेस ट्रैकर कई दिनों तक चल सकते हैं. Fitbit Air और Google Pixel Watch 4 इसी अंतर को समझने के लिए दो अलग तरह के विकल्प हैं.

Fitbit Air की बैटरी कितने दिन चलती है?
Fitbit Air को एक बार फुल चार्ज करने पर कंपनी की ओर से 7 दिन तक की बैटरी लाइफ का दावा किया गया है. यह डिवाइस मुख्य रूप से हेल्थ मेट्रिक्स और एक्टिविटी से जुड़ी जानकारी रिकॉर्ड करता है. इसका डेटा देखने के लिए यूजर को फोन की मदद लेनी पड़ती है.
कुछ टेस्ट में भी इसका बैकअप कंपनी के दावे के आसपास देखा गया. एक रिव्यू में इसे लगातार 7 दिन इस्तेमाल करने के बाद करीब 15 फीसदी बैटरी बची हुई बताई गई. वहीं PhoneArena के टेस्ट में चार दिन बाद बैटरी 70 फीसदी से घटकर करीब 29 फीसदी रह गई.
Pixel Watch 4 का कितना है बैकअप?
Google Pixel Watch 4 के 41mm मॉडल में Always-On Display चालू रहने पर कंपनी करीब 30 घंटे तक की बैटरी लाइफ बताती है. वहीं 45mm मॉडल के लिए यह आंकड़ा करीब 40 घंटे तक है.
हालांकि, वास्तविक इस्तेमाल में बैटरी बैकअप उपयोग के तरीके के हिसाब से अलग हो सकता है. Android Central के एक टेस्ट में 45mm मॉडल करीब 48 घंटे तक चला और उस समय लगभग 10 से 15 फीसदी बैटरी बची हुई थी.
Battery Saver मोड का इस्तेमाल करने पर Google 45mm मॉडल में करीब 72 घंटे यानी 3 दिन तक की बैटरी लाइफ का दावा करता है.
Fitbit Air और Pixel Watch 4 में बड़ा अंतर क्या है?
दोनों डिवाइस का डिजाइन और इस्तेमाल का तरीका अलग है. Pixel Watch 4 में 3,000-nit AMOLED डिस्प्ले, स्पीकर, डुअल-फ्रीक्वेंसी GPS और कुछ मॉडल में LTE कनेक्टिविटी जैसे फीचर्स मिलते हैं.

दूसरी ओर, Fitbit Air में स्क्रीन और बिल्ट-इन GPS जैसे फीचर्स नहीं हैं. यह कई तरह की जानकारी के लिए स्मार्टफोन पर निर्भर करता है. कम फीचर्स और स्क्रीन न होने की वजह से इसका बैटरी बैकअप लंबा रखा जा सकता है.
किस तरह इस्तेमाल के लिए कौन सा डिवाइस?
अगर किसी यूजर की प्राथमिकता लंबी बैटरी लाइफ और लगातार हेल्थ ट्रैकिंग है, तो स्क्रीनलेस फिटनेस ट्रैकर का इस्तेमाल सुविधाजनक हो सकता है. वहीं जिन लोगों को स्क्रीन पर नोटिफिकेशन, GPS, कॉलिंग या दूसरे स्मार्ट फीचर्स चाहिए, उनके लिए स्मार्टवॉच ज्यादा उपयोगी हो सकती है.

Google की ओर से भी दोनों तरह के डिवाइस को अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से इस्तेमाल करने का सुझाव दिया जाता है. दिन के समय Pixel Watch 4 और रात में Sleep Tracking के लिए Fitbit Air का इस्तेमाल किया जा सकता है.
इस तरह बैटरी के मामले में Fitbit Air का बैकअप Pixel Watch 4 की तुलना में काफी लंबा है, लेकिन Pixel Watch 4 में ज्यादा स्मार्ट और कनेक्टेड फीचर्स मिलते हैं. इसलिए दोनों में चुनाव मुख्य रूप से यूजर की जरूरत और प्राथमिकता पर निर्भर करता है.
 

Share this story

Tags